सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Hindi Updates Sanjay Raut Ajit Pawar Mumbai Rain Nagpur Pune Education Polity Crime and other News

Updates: मुंबई से कोलकाता जाने वाली उड़ान पांच घंटे देरी से रवाना, लोन दिलाने के नाम पर महिला ने पति से की ठगी

न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Mon, 15 Sep 2025 10:31 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Hindi Updates Sanjay Raut Ajit Pawar Mumbai Rain Nagpur Pune Education Polity Crime and other News
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

खराब मौसम और क्रू की ड्यूटी समय सीमा (एफडीटीएल) के कारण सोमवार को इंडिगो की मुंबई-कोलकाता उड़ान 6ई-5329 पांच घंटे से अधिक देरी से रवाना हुई। यह उड़ान सुबह आठ बजे प्रस्थान करने वाली थी, लेकिन अंततः दोपहर 1.15 बजे उड़ान भरी। एयरलाइन सूत्रों ने बताया कि विमान के आने में देरी हुई क्योंकि उसे मुंबई के खराब मौसम के चलते सूरत की ओर डायवर्ट करना पड़ा। इस कारण निर्धारित क्रू का ड्यूटी समय पूरा हो गया और तुरंत नए क्रू की व्यवस्था करनी पड़ी। इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा कि मानक संचालन प्रक्रिया के तहत सभी यात्रियों को जानकारी दी गई और जिन यात्रियों ने यात्रा रद्द की, उन्हें पूर्ण धनवापसी की पेशकश की गई। वहीं, यात्रियों ने बताया कि सुबह 10.30 बजे उन्हें विमान में सवार कराया गया, जिसके बाद उड़ान कोलकाता के लिए रवाना हुई।

Trending Videos


महिला ने पति के साथ की करीब एक करोड़ की ठगी
मुंबई के भांडुप इलाके से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति को लोन दिलाने का झांसा देकर और केस में फंसाने की धमकी देकर सात साल में 1.73 करोड़ रुपये ठग लिए।पुलिस के अनुसार आरोपी महिला पूनम रोडे ने अपने पति विशाल अशोक रोडे से यह रकम ऐंठी। इस धोखाधड़ी में उसके तीन साथी-सचिन येलावी, सुहास पवार और किशोर पवार भी शामिल रहे। 2019 में पूनम ने पति को भरोसा दिलाया कि उसके जानने वाले लोग 3 करोड़ रुपये का लोन दिला सकते हैं। पुलिस ने बताया कि विशाल ने शुरुआत में येलावी को 6.92 लाख रुपये दिए। बाद में व्हाट्सएप पर अश्लील तस्वीरें भेजकर उसे धमकाया गया। 2022 से आरोपी ने हर महीने पति के खाते से 2.20 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कराए और अब तक कुल 82.23 लाख रुपये निकाल लिए। एफआईआर दर्ज कर जांच जारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


वसई में मेफेड्रोन के साथ तीन गिरफ्तार, 50 लाख का माल बरामद
पालघर जिले के वसई इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मेफेड्रोन के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए नशे का बाजार मूल्य लगभग 50 लाख रुपये बताया गया है। अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई 13 सितंबर को हुई।एमबीवीवी क्राइम ब्रांच यूनिट 11 (वसई) के वरिष्ठ निरीक्षक अविराज कुरहाडे ने बताया कि आरोपियों की पहचान शहबाज हामिद शेख (22) निवासी नालासोपारा, योगेश राजू राठौड़ (22) और जाफर आसिफ शेख (22), दोनों बांद्रा निवासी, के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि सूचना के आधार पर तुलिन के सेंट्रल पार्क मैदान से इन्हें पकड़ा गया। तलाशी के दौरान इनके पास से 250 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुआ। बरामद नशे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 50 लाख रुपये आंकी गई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटैंसेस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि यह नेटवर्क कितना बड़ा है और इनके संपर्क किन-किन इलाकों तक फैले हुए हैं।

आचार्य देवव्रत ने महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में शपथ ली
आचार्य देवव्रत ने महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में शपथ ली। इस दौरान सीएम देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम में मौजूद रहे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पिछले सप्ताह गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को अपने कर्तव्यों के अतिरिक्त महाराष्ट्र के राज्यपाल के कार्यों का निर्वहन करने के लिए नियुक्त किया था। बता दें कि सीपी राधाकृष्णन के देश के अगले उपराष्ट्रपति चुने जाने के कारण उनके पद छोड़ने के बाद यह पदभार ग्रहण किया गया।



फिर विवादों में पूजा खेडकर का परिवार
निलंबित प्रशिक्षु IAS अधिकारी पूजा खेडकर का परिवार एक बार फिर विवादों में है। रबाले पुलिस ने एक अपहृत ड्राइवर को पूजा खेडकर के पुणे स्थित घर से बरामद किया। इस दौरान उनकी मां मनोरमा खेडकर ने पुलिस कार्रवाई में बाधा डाली। पुलिस के अनुसार, शनिवार को मुलुंड-ऐरोली रोड पर 22 वर्षीय ट्रक ड्राइवर प्रल्हाद कुमार का ट्रक एक कार (MH-12 RT-5000) से टकरा गया। इसके बाद कार में सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर प्रल्हाद को जबरन कार में बैठा लिया। उसे पुलिस स्टेशन ले जाने के बजाय करीब 150 किमी दूर पुणे ले जाकर एक कमरे में बंद कर दिया गया।

ट्रक ड्राइवर ने किसी तरह शिकायत दर्ज कराई। जांच में पता चला कि घटना में शामिल कार पूजा ऑटोमोबाइल्स के नाम पर पंजीकृत है, जो खेडकर परिवार से जुड़ी है। पुलिस टीम ने पुणे पहुंचकर प्रल्हाद को बचाया। कार्रवाई के दौरान मनोरमा खेडकर ने दरवाजा खोलने से इनकार किया और पुलिस से दुर्व्यवहार किया। अब उन्हें पूछताछ के लिए तलब किया गया है। पुणे पुलिस उनके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने का अलग केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है। वहीं अपहरण में शामिल दोनों आरोपी अभी फरार हैं। पूजा खेडकर पहले ही कथित रूप से विशेषाधिकारों के दुरुपयोग के मामले में निलंबित हैं।

अजित पवार पर संजय राउत की विवादित टिप्पणी
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार को लेकर विरोधी दल- शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री अजित पवार को भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच पर दिए बयानों को लेकर 'मूर्ख नेता' और 'आधा पाकिस्तानी' बताया। बता दें कि पवार ने कहा था कि मैच को खेल की तरह देखा जाना चाहिए और भावनात्मक राजनीति नहीं करनी चाहिए। राउत ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर पवार के परिवार का कोई सदस्य पहलगाम आतंकी हमले में मारा गया होता तो वह ऐसा नहीं कहते। एशिया कप मैच से पहले शिवसेना ने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और जम्मू में पाकिस्तान विरोधी प्रदर्शन किए, वहीं आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में विरोध जताया।

नीदरलैंड के कलाकार के पाकिस्तानी होने की अफवाह, पुणे में पुलिस ने 14 लोगों को हिरासत में लिया
राज्य की एक अन्य अहम खबर पुणे के यरवदा से सामने आई। यरवदा पुलिस स्टेशन में पदस्थापित वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रवींद्र शेलके ने बताया कि कल्याणीनगर स्थित पब बॉलर में आज नीदरलैंड के नागरिक और कलाकार इमरान नासिर खान का एक कार्यक्रम होना था। उससे पहले ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई गई कि कलाकार पाकिस्तानी नागरिक है। इस पर कुछ संगठनों के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करने के लिए होटल बॉलर के पास जमा हो गए। सच्चाई बताए जाने के बाद भी, उन्होंने होटल जा रहे नागरिकों को रोकने का प्रयास किया। कानून-व्यवस्था न बिगड़े, इसलिए पुलिस ने 14 प्रदर्शनकारियों को एहतियातन हिरासत में ले लिया। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात हैं। स्थिति शांतिपूर्ण है।

 

मराठा आरक्षण मुद्दा: 10 अक्तूबर को नागपुर में मोर्चा निकालने की तैयारी, सीएम की अपील- अतिवाद की सियासत से बचें
महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण को लेकर विवाद तेज हो गया है। ओबीसी, एससी और एसटी संगठनों ने हैदराबाद गजट आधारित सरकारी आदेश का विरोध किया है, जिससे आरक्षण विवाद मराठा बनाम ओबीसी में बदलता दिख रहा है। सीएम देवेंद्र फडणवीस ने 'अतिवाद की राजनीति' से बचने की चेतावनी दी है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि ओबीसी के अधिकार प्रभावित नहीं होंगे। दरअसल, बंजारा संगठनों ने एसटी दर्जे की मांग करते हुए आत्महत्या और आंदोलन की चेतावनी दी है। आदिवासी समूहों ने इसका विरोध किया है। ओबीसी नेता 10 अक्तूबर को नागपुर में बड़ा मोर्चा निकालेंगे। शरद पवार ने सरकार पर सामाजिक ताना-बाना तोड़ने का आरोप लगाया। है

न्हावा शेवा बंदरगाह पर 12 करोड़ का पाकिस्तानी सामान जब्त, दो गिरफ्तार
नवी मुंबई के न्हावा शेवा बंदरगाह पर लगभग 12 करोड़ रुपये का पाकिस्तानी सामान ले जा रहे 28 कंटेनर जब्त किए गए हैं। इस सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि कंटेनर में सौंदर्य प्रसाधन और खजूर थे, जिन्हें यूएई मूल का बताकर दुबई के जेबेल अली बंदरगाह के रास्ते भेजा गया था।

आज अतिरिक्त राज्यपाल का प्रभार संभालेंगे देवव्रत
गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत रविवार को तेजस एक्सप्रेस से मुंबई पहुंचे। सोमवार सुबह 11 बजे वह महाराष्ट्र के अतिरिक्त राज्यपाल के तौर पर शपथ लेंगे। राजधानी मुंबई पहुंचने पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राज्यपाल देवव्रत का स्वागत किया। गुजरात के राज्यपाल देवव्रत को महाराष्ट्र का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। उपराष्ट्रपति चुनाव में जीत के बाद सीपी राधाकृष्णन ने महाराष्ट्र के राज्यपाल के पद से इस्तीफा दे दिया था। 

महाराष्ट्र: जांच में चूक, 10 साल बाद दंगे के सभी 17 आरोपी बरी
महाराष्ट्र के ठाणे की एक अदालत ने 2015 के दंगे के मामले में सभी 17 आरोपियों को बरी कर दिया है। अदालत ने पहचान पूरी तरह से न कर पाने और जांच में गंभीर चूक का हवाला देते हुए यह फैसला सुनाया। इस दंगे में कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा था। फैसले की एक प्रति रविवार को उपलब्ध कराई गई। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश वसुधा एल भोसले ने आठ सितंबर को दिए फैसले में कहा था कि अभियोजन पक्ष के साक्ष्य, आरोपियों के अपराध को संदेह से परे साबित करने के लिए अपर्याप्त थे। यह दंगा दो जनवरी, 2015 को महाराष्ट्र के ठाणे जिले के दिवा रेलवे स्टेशन पर भीड़ जमा होने के चलते हुआ था। अभियोजन पक्ष ने कहा था कि हथियारों से लैस भीड़ ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और हालात काबू करने की कोशिश कर रहे पुलिस अधिकारियों पर हमला किया।19 लोगों को गिरफ्तार किया गया। दो अभियुक्तों, संतोष पांडुरंग सकपाल और बिंटू महावीर चौहान, की मुकदमे के दौरान ही मौत हो गई। अदालत ने कहा, आरोपियों की पहचान पूरी तरह से विफल रही, साक्ष्यों का अभाव रहा और जांच में गंभीर खामियां रहीं।

मुंबई में मोनोरेल सेवा का संचालन बाधित
मुंबई में मोनोरेल सेवा का संचालन एक बार फिर बाधित हुआ है। जानकारी के मुताबिक, वडाला इलाके में मोनोरेल रेवा रुक गई है, जिसके पीछे तकनीकी खराबी का हवाला दिया गया है।
 
 

ठाणे में ऑटो-रिक्शा की पानी के टैंकर से टक्कर, एक व्यक्ति की मौत, दो घायल
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक ऑटो-रिक्शा के पानी के टैंकर से टकराने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि यह घटना रविवार आधी रात से कुछ पहले नितिन कंपनी-कैडबरी जंक्शन रोड के पास हुई।

उन्होंने बताया कि पानी के टैंकर से टकराने के बाद ऑटो-रिक्शा में तीन यात्री फंस गए। अधिकारी ने बताया कि दमकल कर्मियों ने लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद फंसे हुए तीन यात्रियों को बाहर निकाला। उन्हें एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनमें से एक, बबलू, को मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल 56 और 29 वर्षीय दो अन्य लोगों को उन्नत इलाज के लिए पड़ोसी मुंबई के सायन अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के कारण व्यस्त ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर यातायात अस्थायी रूप से बाधित हो गया, लेकिन क्षतिग्रस्त ऑटो-रिक्शा को हटाने के बाद सामान्य स्थिति बहाल हो गई।

मोनोरेल सेवा का संचालन फिर से शुरू
मुंबई के वडाला इलाके में आज सुबह तकनीकी खराबी के कारण रुकी मोनोरेल ने खराबी ठीक किए जाने के बाद अपनी आगे की यात्रा जारी की। एमएमआरडीए के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया, 'वडाला में मोनोरेल में तकनीकी खराबी आने के बाद 17 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। यात्रियों को सुबह 7:45 बजे सुरक्षित निकाल लिया गया था।'
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed