Explainer: क्या है TRAI का MyCall एप, कैसे करेगा आपकी कॉल की क्वालिटी की जांच, किस तरह से कर सकते हैं शिकायत
TRAI का MyCall एप मोबाइल उपभोक्ताओं को अपनी कॉलिंग का वास्तविक अनुभव साझा करने का आसान माध्यम देता है। इस फीडबैक के आधार पर नेटवर्क की कमियों की पहचान की जा सकेगी, जिससे टेलीकॉम कंपनियां सेवाओं में सुधार कर सकेंगी और उपभोक्ताओं को बेहतर कॉल क्वालिटी मिलने की उम्मीद है। आइए विस्तार से जानते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारत में 100 करोड़ (1 अरब) से अधिक दूरसंचार उपभोक्ता हैं, लेकिन आज भी कॉल ड्रॉप, आवाज टूटना, नेटवर्क कमजोर होना और कॉल कनेक्ट होने में देरी जैसी समस्याएं आम हैं। इन्हीं समस्याओं की वास्तविक स्थिति जानने और मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) ने MyCall एप का नया संस्करण लॉन्च किया है। आइए जानते हैं कि यह एप क्या है? कैसे काम करता है? क्या सुविधाएं मिलेंगी? और ट्राई ने इस तरह के कौन-कौन एप लॉन्च किए हैं?
क्या है TRAI MyCall एप?
TRAI MyCall एक क्राउडसोर्स्ड वॉयस कॉल क्वालिटी मॉनिटरिंग (सामूहिक भागीदारी आधारित कॉल गुणवत्ता निगरानी) एप है। इसे पहली बार जून 2017 में लॉन्च किया गया था। अब 3 अगस्त 2026 को इसका नया और उन्नत संस्करण जारी किया गया है। इस एप का मुख्य उद्देश्य मोबाइल उपभोक्ताओं से वास्तविक समय (रियल-टाइम) में उनकी कॉलिंग का अनुभव जानना है। इससे केवल नेटवर्क के तकनीकी आंकड़ों पर निर्भर रहने के बजाय उपभोक्ताओं के अनुभव को भी सेवा की गुणवत्ता का हिस्सा बनाया जा सकेगा।
MyCall एप क्यों जरूरी है?
TRAI के अनुसार, किसी भी मोबाइल सेवा की असली परीक्षा उपभोक्ता का अनुभव होता है। अब तक नेटवर्क की गुणवत्ता का आकलन मुख्य रूप से तकनीकी मानकों से किया जाता था, लेकिन MyCall एप उपभोक्ताओं के अनुभव को भी इसमें जोड़ता है। इससे नेटवर्क की वास्तविक स्थिति का अधिक सटीक आकलन किया जा सकेगा।
MyCall एप कैसे काम करता है?
जब कोई कॉल समाप्त होती है तो एप स्वतः एक पॉप-अप दिखाता है। उपभोक्ता इसमें
- 1 से 5 स्टार तक कॉल की रेटिंग दे सकते हैं।
- यह बता सकते हैं कि कॉल के समय वे घर के अंदर, बाहर या यात्रा के दौरान थे।
- कॉल के दौरान आई समस्या की जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
- अगर कोई व्यक्ति हर कॉल के बाद पॉप-अप नहीं चाहता तो वह इसकी आवृत्ति भी अपनी सुविधा के अनुसार बदल सकता है।
किन समस्याओं की शिकायत की जा सकती है?
MyCall एप के जरिए उपभोक्ता निम्न समस्याओं की रिपोर्ट कर सकते हैं;
- कॉल ड्रॉप
- आवाज टूटना
- कॉल के दौरान गूंज (इको)
- आवाज पहुंचने में देरी (ऑडियो डिले)
- बैकग्राउंड शोर
- क्रॉस कनेक्शन
- एक व्यक्ति की आवाज दूसरे तक न पहुंचना
- कॉल कनेक्ट होने में अधिक समय लगना
- खराब कॉल गुणवत्ता
- कमजोर नेटवर्क कवरेज
इन शिकायतों की जानकारी संबंधित टेलीकॉम सेवा प्रदाता तक पहुंचती है ताकि वह नेटवर्क में सुधार कर सके।
नए संस्करण में क्या-क्या बदला?
TRAI ने MyCall एप में कई नई सुविधाएं जोड़ी हैं।
1. तुरंत कॉल रेटिंग: हर कॉल के बाद 1 से 5 स्टार देकर तुरंत फीडबैक दिया जा सकता है।
2. कॉल से जुड़ी समस्याओं की विस्तृत रिपोर्ट: अब केवल कॉल ड्रॉप ही नहीं, बल्कि आवाज टूटना, इको, ऑडियो डिले, क्रॉस कनेक्शन और अन्य समस्याओं की भी जानकारी दी जा सकती है।
3. ऑटोमैटिक फीडबैक पॉप-अप: हर कॉल समाप्त होने के बाद एप स्वतः फीडबैक मांगता है।
4. इंटरएक्टिव मैप: उपभोक्ता अपने पुराने फीडबैक और रेटिंग को मैप पर देख सकते हैं।
5. कवरेज टेस्ट: इस फीचर की मदद से मोबाइल नेटवर्क की सिग्नल स्ट्रेंथ जांची जा सकती है।
क्या आपकी पहचान सुरक्षित रहेगी?
हां। TRAI ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं का फीडबैक गुमनाम रूप में साझा किया जाएगा। टेलीकॉम कंपनियों और TRAI को केवल शिकायत और नेटवर्क संबंधी जानकारी मिलेगी। किसी भी उपभोक्ता की व्यक्तिगत पहचान सार्वजनिक नहीं होगी।
क्या इस डेटा के आधार पर कंपनियों पर जुर्माना लगेगा?
नहीं। TRAI अध्यक्ष अनिल कुमार लाहोटी के अनुसार, MyCall एप से मिलने वाले डेटा का उपयोग कंपनियों पर दंडात्मक कार्रवाई या जुर्माना लगाने के लिए नहीं किया जाएगा। इसका उद्देश्य केवल यह पहचानना है कि किन क्षेत्रों में नेटवर्क संबंधी समस्याएं अधिक हैं ताकि कंपनियां समय रहते सुधार कर सकें।
MyCall एप से उपभोक्ताओं को क्या फायदा होगा?
- शिकायत दर्ज करना आसान होगा।
- नेटवर्क की वास्तविक समस्या सीधे संबंधित कंपनी तक पहुंचेगी।
- कंपनियां कमजोर नेटवर्क वाले इलाकों की पहचान कर सकेंगी।
- नेटवर्क सुधारने के लिए सटीक डेटा मिलेगा।
- कॉल क्वालिटी बेहतर होने की संभावना बढ़ेगी।
- TRAI को वास्तविक उपभोक्ता अनुभव के आधार पर सेवा की गुणवत्ता का आकलन करने में मदद मिलेगी।
MyCall एप कहां से डाउनलोड करें?
MyCall एप को Google Play Store से डाउनलोड किया जा सकता है। नया संस्करण Android के लिए जारी किया गया है।
MyCall एप के अलावा TRAI की दूसरी उपयोगी डिजिटल सेवाएं
1. TRAI DND एप
यह एप अनचाहे प्रचार वाले कॉल और एसएमएस (स्पैम) से बचने में मदद करता है। इसके जरिए उपभोक्ता;
- स्पैम कॉल की शिकायत कर सकते हैं।
- अनचाहे संदेशों की रिपोर्ट कर सकते हैं।
- शिकायत की स्थिति देख सकते हैं।
- डू नॉट डिस्टर्ब (DND) सेवा सक्रिय या निष्क्रिय कर सकते हैं।
क्या सुविधाएं देता है यह डीएनडी एप?
स्पैम कॉल और एसएमएस शिकायत व्यवस्था: TRAI उपभोक्ताओं को अनचाहे व्यावसायिक कॉल और संदेश की शिकायत दर्ज कराने की सुविधा देता है।
1600 नंबर श्रृंखला: ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी रोकने के लिए TRAI ने बैंकों और वित्तीय संस्थानों के लिए 1600 नंबर श्रृंखला लागू की है। इसके तहत
- बैंक और वित्तीय संस्थानों की कॉल की पहचान करना आसान होता है।
- मोबाइल स्क्रीन पर कॉलर की पहचान दिखाई देती है।
- फर्जी बैंक कॉल और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव में मदद मिलती है।
बहुभाषी सुविधा: TRAI के एप और सेवाएं कई भारतीय भाषाओं में उपलब्ध हैं, जिससे अधिक लोग इनका उपयोग कर सकें।
डुअल सिम सपोर्ट: TRAI की डिजिटल सेवाएं डुअल सिम वाले स्मार्टफोन को भी सपोर्ट करती हैं।
2.TRAI MySpeed एप
TRAI MySpeed एप का नया संस्करण उपभोक्ताओं को वास्तविक परिस्थितियों में अपने टेलीकॉम सेवा प्रदाता के नेटवर्क का प्रदर्शन जांचने की सुविधा देता है। इसकी मदद से उपभोक्ता नेटवर्क की गुणवत्ता का आकलन कर बेहतर सेवा प्रदाता चुन सकते हैं और अपना फीडबैक भी दे सकते हैं। इस फीडबैक का उपयोग TRAI दूरसंचार सेवाओं की गुणवत्ता की नियामकीय समीक्षा के लिए करता है।
एप क्या-क्या जांचता है?
MySpeed एप केवल डाउनलोड और अपलोड गति ही नहीं मापता, बल्कि यह इन मानकों की भी जांच करता है;
- डाउनलोड गति
- अपलोड गति
- लेटेंसी (प्रतिक्रिया में लगने वाला समय)
- जिटर (नेटवर्क की स्थिरता)
- पैकेट लॉस (डेटा की हानि)
MySpeed एप की प्रमुख विशेषताएं
- वीडियो स्ट्रीमिंग और वेब ब्राउजिंग टेस्ट की सुविधा।
- लगातार और तय समय पर नेटवर्क परीक्षण का विकल्प।
- इंटरएक्टिव जियोस्पेशियल मैप पर स्थान आधारित पुराने टेस्ट परिणाम देखने की सुविधा।