तमिलनाडु चुनाव: राज्य में सबसे अमीर उम्मीदवार कौन? लीमा रोज के हलफनामे में संपत्ति ₹5863 करोड़, जानिए सबकुछ
एआईएडीएमके की लीमा रोज ने 5,863 करोड़ रुपये की पारिवारिक संपत्ति घोषित कर तमिलनाडु चुनाव में सबसे अमीर उम्मीदवार का दर्जा हासिल किया है। उनकी संपत्ति में उनके पति और बेटे का बड़ा योगदान है। आइए विस्तार से जानते हैं।
विस्तार
तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के बीच एक चौंकाने वाली बात सामने आई है, जहां एआईएडीएमके उम्मीदवार लीमा रोज राज्य की सबसे धनी प्रत्याशी के रूप में उभरी हैं। तिरुचिरापल्ली जिले के लालगुडी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहीं लीमा रोज ने अपने नामांकन हलफनामे में कुल 5,863 करोड़ रुपये की पारिवारिक संपत्ति घोषित की है। लीमा ने इसी साल इंडिया जननायका कांची पार्टी छोड़कर एआईएडीमके में आई हैं।
हलफनामे के अनुसार, लीमा के पास 139 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 910 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। यह आंकड़ा उन्हें चुनावी मैदान में सबसे अमीर उम्मीदवारों की सूची में शीर्ष पर पहुंचाता है।
संपत्ति में पति मार्टिन का बड़ा योगदान
उनकी कुल संपत्ति में उनके पति और व्यवसायी मार्टिन का बड़ा योगदान है। मार्टिन ने 3,262 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 887 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति घोषित की है। वहीं उनके पुत्र जोस टायसन मार्टिन के नाम पर भी बड़ी संपत्ति दर्ज है, जिसमें 225 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 439 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है।
लीमा की कितनी है आय?
आय के मामले में लीमा रोज ने पिछले वित्तीय वर्ष में 9.82 करोड़ रुपये की कमाई बताई है, जबकि उनके पति की आय 11.39 करोड़ रुपये रही। नकद राशि के रूप में लीमा के पास 5 लाख रुपये और उनके पति के पास 56 लाख रुपये मौजूद हैं।
संपत्ति के विवरण में कीमती धातुएं और रत्न भी शामिल हैं। लीमा रोज के पास 19,233 ग्राम सोना, 1,31,813 ग्राम चांदी, 1,217 कैरेट हीरे और 32 ग्राम प्लैटिनम है। उनके पति के पास 281 ग्राम सोना और 20,974 ग्राम चांदी है, जबकि उनके बेटे के पास 326 ग्राम सोना और 60,380 ग्राम चांदी (ज्वैलरी सहित) दर्ज है।
केवल छठवीं तक पढ़ी हैं लीमा
शैक्षिक पृष्ठभूमि की बात करें तो लीमा रोज ने थिरुवाना के एक सरकारी स्कूल से केवल कक्षा 6 तक शिक्षा प्राप्त की है। इसके अलावा उन्होंने अपने हलफनामे में यह भी खुलासा किया है कि उनके खिलाफ चार आपराधिक मामले लंबित हैं।
चुनाव आयोग के नियमों के तहत उम्मीदवारों द्वारा दी गई यह जानकारी सार्वजनिक की जाती है, ताकि मतदाता उम्मीदवारों की पृष्ठभूमि से अवगत हो सकें। चुनाव प्रचार के तेज होते माहौल में लीमा रोज की यह संपत्ति चर्चा का बड़ा मुद्दा बन सकती है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.