Poonch: भारत में घुसने की कोशिश पड़ी भारी, बीएसएफ ने पाकिस्तानी नागरिक को पकड़ा, पूछताछ जारी
पुंछ सेक्टर में बीएसएफ ने पाकिस्तान की ओर से भारत में घुसपैठ की कोशिश कर रहे एक पाकिस्तानी नागरिक को सीमा पर पकड़ लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सीमा सुरक्षाबल (बीएसएफ) ने पाकिस्तान की ओर से भारत में घुसपैठ की एक कोशिश को नाकाम करते हुए एक पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।
20 और 21 जुलाई की दरम्यानी रात पुंछ सेक्टर में बीएसएफ की 134वीं बटालियन के जवान सीमा पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बीओपी मलाबेला के एफडीपी-27 के पास जवानों ने पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा।
जवानों ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन उसने आदेश की अनदेखी कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। इसके बाद बीएसएफ के जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया और पूछताछ के लिए बीओपी मलाबेला ले गए।
प्रारंभिक पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति की पहचान मोहम्मद रफीक उर्फ काला (53) पुत्र मोहम्मद शफीक, निवासी गांव पिंडी, पाकिस्तान के रूप में हुई है। उसने पूछताछ में दावा किया कि वह पाकिस्तान के गांव लूनी से अपनी बहन से मिलने गांव जंग जा रहा था।
तलाशी के दौरान उसके पास से पाकिस्तानी पहचान पत्र, चश्मा, सिगरेट, लाइटर, तंबाकू, केक, बिस्किट, चॉकलेट और एक वॉलेट बरामद किया गया।
फिलहाल आरोपी बीएसएफ की हिरासत में है। सुरक्षा एजेंसियां उससे गहन पूछताछ कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसकी घुसपैठ के पीछे कोई अन्य उद्देश्य या साजिश तो नहीं थी। मामले की जांच जारी है।