FIR के बाद महबूबा मुफ्ती ने सरकार पर साधा निशाना: बोलीं मैं रहूं या न रहूं, पीडीपी का एजेंडा नहीं बदलेगा
पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने इल्तिजा मुफ्ती पर दर्ज एफआईआर और पुलिस पूछताछ के बीच कहा कि जेल जाना पड़े तो भी पार्टी आर्टिकल 370 की बहाली और कश्मीर मुद्दे के समाधान के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि अगर उन्हें या उनकी बेटी इल्तिजा मुफ्ती को जेल भी जाना पड़े, तब भी पार्टी कार्यकर्ता जम्मू-कश्मीर मुद्दे के समाधान के लिए संघर्ष जारी रखें।
इल्तिजा को पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया
महबूबा मुफ्ती और उनकी बेटी इल्तिजा मुफ्ती का नाम ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस अधिकारी से कथित मारपीट के मामले में दर्ज एफआईआर में शामिल किया गया है। इल्तिजा को शुक्रवार को कोठीबाग पुलिस स्टेशन में पूछताछ के लिए बुलाया गया था।
महबूबा ने कहा अगर इल्तिजा को बुलाया गया है तो वह जाएंगी, और अगर मुझे बुलाया जाएगा तो मैं भी जाऊंगी। लेकिन पीडीपी कार्यकर्ता मुफ्ती मोहम्मद सईद के दिखाए रास्ते और एजेंडे को नहीं छोड़ेंगे।
संविधान के साथ हुआ अन्याय
महबूबा मुफ्ती ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अनुच्छेद 370 को हटाकर संविधान की भावना को नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि एक दिन इसे सुधारना पड़ेगा।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे हिम्मत न हारें और जम्मू-कश्मीर की पहचान, जमीन और संसाधनों की सुरक्षा के लिए संघर्ष जारी रखें।
पीडीपी को निशाना बनाने का लगाया आरोप
पीडीपी अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी को कमजोर करने की कोशिश की गई और नई राजनीतिक ताकतों को बढ़ावा दिया गया। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 की बात करना अपराध बना दिया गया है, जबकि उनकी पार्टी इसी मुद्दे को लेकर अपनी आवाज उठा रही है।
इल्तिजा मामले पर महबूबा का सरकार पर हमला
इल्तिजा मुफ्ती को लेकर महबूबा ने कहा कि उनकी बेटी के हाथ में न कोई हथियार था और न ही पत्थर। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, उसका जवाब वह देंगी।
महबूबा ने सवाल उठाया कि अगर किसी महिला को इस तरह पकड़ा जाएगा तो उसकी प्रतिक्रिया स्वाभाविक होगी। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मुद्दे पर जवाब देना चाहिए।
आर्टिकल 370 पर जारी रहेगा संघर्ष
महबूबा मुफ्ती ने दोहराया कि पीडीपी अनुच्छेद 370 की बहाली और जम्मू-कश्मीर मुद्दे के समाधान के लिए अपना राजनीतिक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी चाहे सत्ता में हो या विपक्ष में, अपने एजेंडे से पीछे नहीं हटेगी।