जम्मू-कश्मीर: सांबा की कीटनाशक फैक्टरी में लगी भीषण आग, अंदर थे 50 कर्मचारी; जहरीले धुएं से मची अफरातफरी
सांबा के सिडको औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 स्थित कीटनाशक फैक्टरी में अचानक भीषण आग लग गई, घटना के समय अंदर मौजूद करीब 50 कर्मचारी थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रविवार शाम सांबा के सिडको औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब कीटनाशक फैक्टरी इन्सेक्टिसाइड्स इंडिया लिमिटेड में अचानक भीषण आग लग गई। घटना के वक्त फैक्टरी के अंदर करीब 50 कर्मचारी काम कर रहे थे, जिन्होंने समय रहते बाहर निकलकर जान बचाई।
रसायनों के जलने से इलाके में जहरीला धुआं और तेज बदबू फैल गई। इससे आसपास के लोगों को कुछ देर तक सांस लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दमकल विभाग ने एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। शाम करीब साढ़े चार बजे फैक्टरी की दो मंजिला इमारत के पिछले हिस्से और पहली मंजिल पर स्थित दो केमिकल स्टोर से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट है। आग भड़कते ही वहां काम कर रहे लगभग 50 कर्मचारियों में दहशत फैल गई। सभी ने बाहर निकलकर प्रबंधन को सूचित किया।
शुरुआत में कंपनी प्रबंधन ने अग्निशमन उपकरणों और पानी से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन रसायनों के कारण आग बेकाबू होने लगी। स्थिति बिगड़ती देख दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सांबा फायर स्टेशन के प्रभारी घारदीन के नेतृत्व में दो फायर टेंडर मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने शाम करीब साढ़े पांच बजे आग को पूरी तरह से नियंत्रित कर लिया। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग फैक्ट्री के अन्य हिस्सों तक नहीं फैल सकी।
दो स्टोर रूम तक ही सीमित रही आग
दमकल अधिकारी के अनुसार, आग मुख्य रूप से उन दो स्टोर रूम तक ही सीमित रही जहां केमिकल पाउडर और पेटियां रखी हुई थीं। आग की चपेट में आने से स्टोर का सामान प्रभावित हुआ है, लेकिन वास्तविक आर्थिक नुकसान का आकलन अभी किया जाना बाकी है। इस घटना में कोई जनहानि या कोई घायल नहीं हुआ।
धुएं से सांस लेने में हो रही थी दिक्कत
कीटनाशक कंपनी में आग से उठा धुआं बेहद खतरनाक था। तेज गंध के कारण कुछ देर के लिए आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों और अन्य फैक्टरियों के कर्मचारियों को सांस लेने में घुटन और परेशानी महसूस हुई। कंपनी प्रबंधन ने दावा किया है कि उनकी फैक्टरी में फायर सेफ्टी के सभी पुख्ता इंतजाम मौजूद थे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.