Jammu Kashmir: अमरनाथ यात्रा में स्वच्छता बनी सेवा और आस्था, पीएम मोदी ने की अनूठी पहल की सराहना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमरनाथ यात्रा के दौरान स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की पहल की सराहना करते हुए इसे सेवा और आस्था का रूप बताया। यात्रा में 400 मीट्रिक टन से अधिक कचरे को प्रोसेस किया गया, जबकि 16 हजार से अधिक यात्रियों ने स्वच्छता का संकल्प लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 137वीं कड़ी में श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल की सराहना की है। पीएम ने कहा, यात्रा के दौरान घोड़े और खच्चरों के गोबर को बायोगैस में बदला गया। इसी स्वच्छ ऊर्जा से स्वच्छ ज्योत प्रज्ज्वलित की गई। इस पवित्र यात्रा में स्वच्छता भी सेवा व आस्था का एक रूप बन गई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार श्री अमरनाथ यात्रा में स्वच्छता और जनभागीदारी की प्रेरक तस्वीर देखने को मिली। कठिन रास्तों पर हजारों स्वच्छता कर्मी दिन-रात सेवा में जुटे रहे। इस वर्ष यात्रा के दौरान 400 मीट्रिक टन से अधिक कचरा एकत्र कर उसे प्रोसेस किया गया। लोगों से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वच्छता अभियान की सबसे अच्छी बात यह रही कि इसमें श्रद्धालु भी भागीदार बने। श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान 16 हजार से अधिक यात्रियों ने स्वच्छता का संकल्प लिया, जबकि 10 हजार से अधिक यात्रियों को जिम्मेदार यात्री प्रमाणपत्र दिए गए।
पीएम ने कहा, गांव हो या शहर, नदियां हों या तीर्थस्थल, इनकी पहचान हमारे व्यवहार से भी बनती है। जब स्वच्छता हमारे व्यवहार का हिस्सा बन जाती है तो उस स्थान की शोभा और बढ़ जाती है।
पीएम की सराहना पर सचिव ने पूरी टीम को दी बधाई
ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मोहम्मद एजाज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान किए गए अनुकरणीय स्वच्छता कार्य की सराहना की है। यह सम्मान जम्मू-कश्मीर की संपूर्ण टीम के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि यह स्वच्छता, प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन और गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक सेवा के प्रति टीम के समर्पण और अथक प्रयासों को दर्शाता है। उन्होंने इस कार्य के लिए ग्रामीण विकास विभाग और ग्रामीण स्वच्छता निदेशालय की टीम को बधाई दी।