{"_id":"6a7292f124f7fed4590997b0","slug":"today-is-the-anniversary-of-the-abolition-of-article-370-enthusiasm-in-the-bjp-2026-08-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"आज अनुच्छेद 370 समाप्ति की वर्षगांठ: भाजपा में उत्साह, विरोधियों ने किया काला दिवस मनाने का एलान; पुलिस सख्त","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
आज अनुच्छेद 370 समाप्ति की वर्षगांठ: भाजपा में उत्साह, विरोधियों ने किया काला दिवस मनाने का एलान; पुलिस सख्त
Wed, 05 Aug 2026 07:03 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Wed, 05 Aug 2026 07:03 AM IST
सार
एडवाइजरी में बिना इजाजत किसी भी तरह के विरोध-प्रदर्शन या जुलूस पर रोक लगा दी गई है और नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
विज्ञापन
सांकेतिक चित्र
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आज अनुच्छेद 370 हटाए जाने की सातवीं वर्षगांठ पर जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक एडवाइजरी जारी की है। इसमें बिना इजाजत किसी भी तरह के विरोध-प्रदर्शन या जुलूस पर रोक लगा दी गई है और नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
विज्ञापन
अलग-अलग जिला पुलिस मुख्यालयों की ओर से जारी यह एडवाइजरी महबूबा मुफ्ती की अगुवाई वाली PDP की ओर से विरोध-प्रदर्शन के आह्वान को देखते हुए जारी की गई है। पुलिस ने एडवाइजरी में कहा कि आम जनता को सूचित किया जाता है कि सक्षम अधिकारी से पहले से इजाजत लिए बिना कोई विरोध-प्रदर्शन, रैली, जुलूस या कोई अन्य सार्वजनिक जमावड़ा नहीं किया जाएगा।
विज्ञापन
उन्होंने चेतावनी दी कि तय कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन करने पर कानून के मुताबिक सख्ती से निपटा जाएगा। पुलिस ने कहा कि शांति, कानून-व्यवस्था और लोगों की सुरक्षा बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे कानून लागू करने वाली एजेंसियों का सहयोग करें, शांति और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखें, अफवाहें या बिना पुष्टि वाली जानकारी न फैलाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें।
विज्ञापन
कांग्रेस, एनसी और पीडीपी आज मनाएगी काला दिवस और भाजपा बांटेगी मिठाई
आज ही के दिन ठीक सात साल पहले 05 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35ए समाप्त कर दिया गया था। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को अलग करते हुए दोनों को केंद्र शासित प्रदेश घोषित कर दिया गया था। भारतीय जनता पार्टी समेत अन्य दलों ने इसे बदलते भारत की तस्वीर और विकसित भारत की नींव बताया था तो कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने उनके अधिकारों पर कुठारघात।
वर्ष 2019 से बदस्तूर इस बार भी भाजपा इस दिवस को जश्न के रूप में मनाएगी। भाजपाई पूरे प्रदेश में मिठाई बांटेंगे और विशेष दर्जा समाप्त होने का लाभ बताएंगे। वहीं कांग्रेस, एनसी और पीडीपी लगातार सातवें साल काला दिवस मनाएगी। पूरे प्रदेश में अपने-अपने जिला कार्यालय पर प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराएगी। बताएंगे कि कैसे दशकों के उनके विशेषाधिकार को छीन लिया गया। उन्हें असहाय कर दिया गया। वहीं इस दिवस को लेकर पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया। सुरक्षाबलों की ओर से जम्मू-श्रीनगर हाईवे समेत कई जगहों पर गश्त की गई।
प्रदेश के साथ ही दिल्ली में भी प्रदर्शन करेगी नेकां
नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) जम्मू-कश्मीर में राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर प्रदेशभर में काला दिवस मनाएगी। पार्टी केंद्र सरकार पर राज्य का दर्जा बहाल करने के अपने वादे से पीछे हटने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन करेगी। नेकां के प्रांतीय अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता ने कहा कि भाजपा लगातार यह दावा करती रही है कि जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा घटाना एक अस्थायी कदम था, लेकिन अब तक इसे बहाल न करना उसके वादों की वास्तविकता को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भी बुधवार को जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य बनाने के मुद्दे पर प्रदर्शन होगा। इस प्रदर्शन में विपक्षी दल शामिल रहेंगे। प्रदर्शन को लेकर विपक्षी दलों ने हामी भर दी है। पूर्व मंत्री अजय सढोत्रा ने बताया कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में नेकां केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी जबकि दिल्ली में सभी दल मिलकर जम्मू-कश्मीर के समर्थन में एक होंगे।
पीडीपी जिलास्तर पर करेगी प्रदर्शन
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) बुधवार को जम्मू-कश्मीर के सभी जिलों में प्रदर्शन करेगी। पार्टी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने मंगलवार को वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर प्रदर्शन की तैयारियों की समीक्षा की। पार्टी की मुख्य मांगें अनुच्छेद 370 की बहाली और राजनीतिक बंदियों की रिहाई हैं। जनरल सेक्रेटरी (ऑर्गेनाइजेशन) जीएन लोन हंजुरा द्वारा जारी नोटिस में सभी पदाधिकारियों को प्रदर्शन में सक्रिय भागीदारी और केवल अधिकृत पोस्टरों के इस्तेमाल के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में जम्मू में गांधीनगर स्थित पार्टी कार्यालय पर भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। पदाधिकारियों संग कार्यकर्ता काला दिवस मनाएंगे।
प्रदेश और जिला कार्यालय पर कांग्रेसी करेंगे प्रदर्शन
प्रदेश का विशेषाधिकार समाप्त करने के विरोध और पूर्ण राज्य का दर्जा पुन: बहाल करने सहित अन्य मुद्दों को लेकर कांग्रेस भी पूरे प्रदेश में विरोध-प्रदर्शन करेगी। श्रीनगर और जम्मू स्थित प्रदेश कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रमन भल्ला प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे। साथ ही प्रदेश के सभी 20 जिलों मेंं पार्टी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी काला दिवस मनाएंगे। लोगों को बताएंगे कि कैसे उनके विशेष अधिकारों का हनन किया गया। वर्षों से मिले उनके विशेष अधिकारों को भाजपा शासित केंद्र सरकार ने छीन लिया और बार-बार वादा करने के बाद पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल नहीं कर रही है।
रंग-बिरंगी रोशनी से नहाया भाजपा कार्यालय, बंटेगी मिठाई
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने के सात वर्ष पूरे होने पर भाजपा बुधवार को प्रदेशभर में मिष्ठान्न वितरण कर जश्न मनाएगी। त्रिकुटा नगर स्थित पार्टी मुख्यालय को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। प्रदेश प्रवक्ता डॉ. ताहिर चौधरी ने बताया कि जम्मू में पार्टी के महासचिवों की अगुवाई में दोपहर ढाई बजे कार्यक्रम होगा, जबकि महामंत्री (संगठन) अशोक कौल श्रीनगर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इससे पहले मंगलवार को भाजपा प्रवक्ता पूर्णिमा शर्मा और रजनी सेठी ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में अनुच्छेद 370 हटाने को ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि इससे जम्मू-कश्मीर को समानता, न्याय और भारत के साथ पूर्ण एकीकरण मिला। उन्होंने इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व की सराहना की।