Ranchi: चतरा में 21 दिन बाद जंगल में मिला विमान का इंजन, महुआ चुनने गई महिलाओं को दिखा, पुलिस को दी सूचना
Ranchi: चतरा में 23 फरवरी को हुए एयर एंबुलेंस हादसे के 21 दिन बाद जंगल से विमान का इंजन बरामद हुआ है। महुआ चुनने गई महिलाओं ने इसे देखा और पुलिस को सूचना दी। इंजन मिलने से हादसे की जांच में नई कड़ी मिलने की उम्मीद है।
विस्तार
झारखंड के चतरा जिले में हुए एयर एंबुलेंस हादसे के 21 दिन बाद एक बड़ा सुराग मिला है। दुर्घटनाग्रस्त विमान का इंजन रविवार को जंगल से बरामद किया गया। महुआ चुनने गई ग्रामीण महिलाओं ने जंगल में क्षतिग्रस्त इंजन देखा और इसकी सूचना सिमरिया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इंजन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि यह इंजन दुर्घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल में मिला है।
23 फरवरी को हुआ था भीषण हादसा
गौरतलब है कि 23 फरवरी को चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के कसियातु करमटांड के घने जंगल में एक एयर एंबुलेंस क्रैश हो गई थी। यह एयर एंबुलेंस लातेहार जिले के बालूमाथ निवासी एक मरीज को रांची से दिल्ली ले जा रही थी। उड़ान के दौरान तकनीकी कारणों से विमान सिमरिया थाना क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में पायलट समेत कुल सात लोगों की मौत हो गई थी।
हादसे के बाद से गायब था इंजन
दुर्घटना के बाद जांच के दौरान विमान के इंजन सहित कुछ अहम हिस्से मौके पर नहीं मिले थे। जांच एजेंसियों ने घने जंगलों में ड्रोन की मदद से इंजन की तलाश भी की थी, लेकिन तब कोई सफलता नहीं मिली थी।
ये भी पढ़ें: असम चुनाव में झारखंड कांग्रेस के नेताओं को जिम्मेदारी, पार्टी ने नौ दिग्गजों को सौंपी प्रचार की कमान
जांच में मिल सकती है अहम कड़ी
घटना के 21 दिन बाद रविवार को महुआ चुनने गई ग्रामीण महिलाओं को जंगल में विमान का इंजन दिखाई दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इंजन को सुरक्षित कब्जे में ले लिया। सिमरिया थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि इंजन बरामद होने की जानकारी जांच एजेंसियों को दे दी गई है और उनकी टीम के आने का इंतजार किया जा रहा है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि इंजन मिलने से हादसे के कारणों का पता लगाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.