Jharkhand News: अवैध कोयला खनन पर भड़के ग्रामीण, थाने का घेराव कर किया जोरदार प्रदर्शन
धनबाद के कुमारधुबी क्षेत्र में अवैध कोयला खनन को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। सैकड़ों लोग थाने पहुंचकर घेराव और प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के बीच पोकलेन मशीन से अवैध खनन हो रहा है और विरोध करने पर धमकियां दी जा रही हैं।
विस्तार
झारखंड के धनबाद जिले में अवैध कोयला खनन को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। एग्यारकुंड प्रखंड के कुमारधुबी ओपी क्षेत्र में सैकड़ों ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया।
देर रात थाने का घेराव, महिलाओं ने भी लिया हिस्सा
गुरुवार देर रात बड़डंगाल गाड़ी खाना समेत पांच टोला के सैकड़ों ग्रामीण थाने पहुंच गए और घेराव करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अवैध खनन के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के बीचों-बीच जगदीश तिवारी, अजय यादव और सन्नी सिंह द्वारा पोकलेन मशीन से अवैध रूप से कोयले की खुदाई की जा रही है। विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
पहले भी दी सूचना, कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहले भी पुलिस को इसकी सूचना दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर उन्हें थाने का घेराव करना पड़ा। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस मौके पर जाकर खुदाई रोकने नहीं पहुंची, जिससे इलाके में डर का माहौल है।
पढ़ें: दरभंगा से साइबर ठग गिरफ्तार, पंजाब पुलिस ने ने दबिश देकर पकड़ा; गांव में बैठकर करता था ठगी
जमीन मालिक ने भी उठाई कार्रवाई की मांग
जमीन मालिक राकेश खन्ना ने बताया कि उनकी जमीन पर अवैध रूप से कोयला निकाला जा रहा है। उन्होंने पुलिस को लिखित आवेदन देकर तुरंत खुदाई रोकने की मांग की है। उनका कहना है कि तालाब खोदने के नाम पर जमीन ली गई थी, लेकिन अब वहां अवैध खनन किया जा रहा है।
इलाके में पहले से जारी अवैध खनन
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुमारधुबी क्षेत्र में अवैध खनन और भट्टा संचालन लंबे समय से जारी है। यहां सैकड़ों अवैध मुहाने खोल दिए गए हैं, जहां से रोजाना 20 से 30 ट्रक कोयला बाहर भेजा जाता है। इससे राजस्व का नुकसान हो रहा है और बड़े हादसे का खतरा भी बना हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। ग्रामीणों ने वरीय अधिकारियों से सुरक्षा की गारंटी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।