रांची में दर्दनाक हादसा: नहाने गए दो स्कूली छात्रों की चेक डैम में डूबकर मौत, क्लास बंक कर गए थे नहाने
रांची के सरायकेला-खरसावां में आसंगी चेक डैम में नहाने गए 9वीं के दो छात्रों की डूबने से मौत हो गई। स्कूल समय में क्लास छोड़कर पहुंचे थे। पुलिस ने शव बरामद किए, परिजनों में कोहराम, सुरक्षा और मुआवजे की मांग उठी।
विस्तार
सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी चेक डैम में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सेंट्रल पब्लिक स्कूल के नौवीं कक्षा के छात्र रौनक भारद्वाज और गॉडविन थॉमस की नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, स्कूल समय के दौरान ही तीन छात्र क्लास छोड़कर चेक डैम पहुंच गए थे। पानी में उतरते ही गहराई और तेज बहाव का अंदाजा नहीं होने के कारण दोनों छात्र डूबने लगे। साथ मौजूद प्रशांत कुमार ने बताया कि वह पानी लाने गया था, तभी शोर सुनाई दिया।
पढ़ें: आठ साल तक चलता रहा हजारीबाग ट्रेजरी में घोटाला, अब खुला राज, तीन सिपाहियों ने ही किया खजाना खाली
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजीव सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया और करीब एक घंटे बाद दोनों शव बरामद कर लिए गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, स्थानीय लोगों ने चेक डैम पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।