BPSC APO 2026: बिहार में लॉ ग्रेजुएट्स के लिए 300 पदों पर आवेदन का अंतिम मौका, आज बंद हो रही पंजीकरण विंडो
BPSC APO Recruitment 2026: बीपीएससी एपीओ भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि आज, यानी 20 मार्च है। कुल 300 पदों पर भर्ती होगी। चयन प्रारंभिक, मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर होगा। सभी उम्मीदवारों के लिए 100 रुपये आवेदन शुल्क तय है। पात्र अभ्यर्थी तुरंत आवेदन पूरा करें।
विस्तार
BPSC APO Recruitment 2026: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा अभियोजन पदाधिकारी (APO) भर्ती 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया आज समाप्त हो रही है। जो अभ्यर्थी अब तक आवेदन नहीं कर पाए हैं, उनके पास फॉर्म भरने का यह अंतिम अवसर है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी उम्मीदवार को आवेदन का मौका नहीं दिया जाएगा, इसलिए इच्छुक अभ्यर्थियों को बिना देरी किए आज ही आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए।
इस भर्ती अभियान के माध्यम से कुल 300 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें विभिन्न वर्गों के लिए आरक्षण भी तय किया गया है। अनारक्षित वर्ग के लिए 129 पद, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 29 पद, अनुसूचित जाति (SC) के लिए 42 पद, अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 7 पद, अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) के लिए 64 पद, पिछड़ा वर्ग (BC) के लिए 25 पद और पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के लिए 4 पद आरक्षित किए गए हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से कानून में स्नातक की डिग्री (एलएलबी) होनी चाहिए। उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 37 वर्ष निर्धारित की गई है। हालांकि, सरकारी नियमों के अनुसार आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले यह सुनिश्चित कर लेना चाहिए कि वे सभी पात्रता शर्तों को पूरा करते हों।
कैसे होगा चयन?
चयन प्रक्रिया की बात करें तो उम्मीदवारों का चयन तीन चरणों के माध्यम से किया जाएगा। सबसे पहले प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें सामान्य अध्ययन से 100 अंकों और विधि विषय से 150 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे। इस परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। मुख्य परीक्षा पास करने के बाद अभ्यर्थियों को 100 अंकों के साक्षात्कार (इंटरव्यू) में शामिल होना होगा, जिसके आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।
आवेदन शुल्क सभी श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए 100 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसका भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना अनिवार्य है। बिना शुल्क जमा किए आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आवेदन की प्रक्रिया
- आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को बिहार लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bih.gov.in पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा।
- वेबसाइट पर उपलब्ध आवेदन लिंक पर क्लिक कर उम्मीदवार अपनी जानकारी सावधानीपूर्वक भरें, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करें।
- आवेदन पत्र जमा करने से पहले सभी विवरणों की अच्छी तरह जांच करना जरूरी है, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचा जा सके।