RRB NTPC UG Exam: आरआरबी एनटीपीसी यूजी सीबीटी-1 की तिथियां घोषित, मई-जून में होगी परीक्षा; नोट करें शेड्यूल
RRB NTPC UG CBT 1 Exam 2026: रेलवे भर्ती बोर्ड ने एनटीपीसी यूजी सीबीटी-1 परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। परीक्षा 7-9 मई और 13-21 जून के बीच होगी। एडमिट कार्ड 4 दिन पहले जारी होंगे और आधार आधारित बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन अनिवार्य रहेगा।
विस्तार
RRB NTPC UG 2025: रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने सीईएन 07/2025 के तहत नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (अंडर ग्रेजुएट) भर्ती परीक्षा के सीबीटी-1 का संभावित शेड्यूल जारी कर दिया है। जारी नोटिस के अनुसार, यह परीक्षा मई और जून 2026 में विभिन्न तिथियों पर आयोजित की जाएगी।
नोट करें परीक्षा की तिथियां
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, सीबीटी-1 परीक्षा 7, 8 और 9 मई 2026 को आयोजित होगी। इसके अलावा, जून में यह परीक्षा 13, 14, 16, 17, 18, 19, 20 और 21 जून 2026 को भी आयोजित की जाएगी। परीक्षा देशभर के विभिन्न केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में होगी।
आरआरबी ने बताया कि परीक्षा शहर और तिथि की जानकारी तथा एससी/एसटी उम्मीदवारों के लिए ट्रैवल अथॉरिटी डाउनलोड करने का लिंक परीक्षा से 10 दिन पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। वहीं, ई-कॉल लेटर (एडमिट कार्ड) परीक्षा तिथि से 4 दिन पहले उपलब्ध होंगे।
आधार कार्ड साथ ले जाना होगा
परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य किया गया है। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से पहले अपना मूल आधार कार्ड या ई-आधार की प्रिंट कॉपी साथ लानी होगी। साथ ही, उन्हें सलाह दी गई है कि वे पहले से ही आधार वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि परीक्षा केंद्र पर किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों का आधार कार्ड यूआईडीएआई सिस्टम में अनलॉक स्थिति में होना चाहिए। इसके अलावा, आधार में नाम, जन्म तिथि, फोटो, पता और पिता का नाम सही और अपडेट होना जरूरी है।
आरआरबी ने अभ्यर्थियों को केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही जानकारी लेने और किसी भी प्रकार की फर्जी खबरों या दलालों के झांसे में न आने की सलाह दी है। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट के आधार पर होगी और किसी भी प्रकार की सिफारिश या अवैध माध्यम को स्वीकार नहीं किया जाएगा।