UP Police SI Exam: यूपी दारोगा भर्ती पर बड़ा अपडेट, 29 और 30 जून को PET परीक्षा; जानें कब आएगा एडमिट कार्ड
UP Police SI PET Date 2026: यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति ने उप निरीक्षक (SI) भर्ती 2025 के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) की तिथियां घोषित कर दी हैं। यह परीक्षा 29 व 30 जून और 1 जुलाई (रिजर्व डे) 2026 को होगी। अभ्यर्थी परीक्षा से 7 दिन पहले बोर्ड की वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP Police SI PET Date 2026: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने उप निरीक्षक (SI) नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के अंतर्गत आयोजित होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए निर्धारित तिथियों और महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों की घोषणा कर दी है। लिखित परीक्षा में सफल रहे अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर विस्तृत शेड्यूल देख सकते हैं।
4543 पदों के लिए हो रही है भर्ती प्रक्रिया
आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 4543 पदों को भरा जाना है। इसके लिए लिखित परीक्षा का आयोजन दिनांक 14 और 15 मार्च, 2026 को किया गया था। लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित करने के बाद, बोर्ड ने अंकों की श्रेष्ठता और उत्तर प्रदेश राज्य की आरक्षण नीति के प्रावधानों के आधार पर श्रेणीवार विज्ञापित पदों के सापेक्ष लगभग 2.7 गुना अभ्यर्थियों को अभिलेखों की संवीक्षा (Document Verification) एवं शारीरिक मानक परीक्षण (PST) के लिए आमंत्रित किया था।
शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) का टाइमटेबल
अभिलेखों की संवीक्षा और शारीरिक मानक परीक्षण (DV/PST) के चरण में सफल एवं औपबंधिक रूप से योग्य पाए गए अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) जून और जुलाई के महीनों में आयोजित की जाएगी। बोर्ड द्वारा निर्धारित परीक्षा कार्यक्रम इस प्रकार है:
| विवरण | निर्धारित तिथि |
| शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) हेतु निर्धारित तिथि | दिनांक 29.06.2026 (सोमवार) एवं दिनांक 30.06.2026 (मंगलवार) |
| शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के रिजर्व-डे (Reserve Day) हेतु निर्धारित तिथि | दिनांक 01.07.2026 (बुधवार) |
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों की अभिलेखों की संवीक्षा किन्हीं कारणों से औपबंधिक (Provisional) रूप से सम्पन्न की गई है, उनकी शारीरिक दक्षता परीक्षा भी औपबंधिक रूप से इस सम्बन्ध में बोर्ड द्वारा लिए जाने वाले अंतिम निर्णय के अधीन आयोजित कराई जायेगी।
एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्र पर उपस्थिति को लेकर निर्देश
अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र परीक्षा की निर्धारित तिथि से लगभग 07 दिवस पूर्व बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in/ पर अपलोड किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे वेबसाइट पर दिए गए लिंक पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड करें। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में अंकित परीक्षा केंद्र पर निर्धारित तिथि व समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा।
अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण गाइडलाइंस
शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) की प्रक्रिया और नियम बोर्ड की विज्ञप्ति दिनांक 26.05.2026 के अनुसार होंगे। प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के बाद उसमें दिए गए सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें। भविष्य के सभी महत्वपूर्ण निर्देशों और अपडेट के लिए अभ्यर्थी नियमित रूप से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन करते रहें।