Live
Rajya Sabha Election LIVE: मतदान के दौरान बिहार कांग्रेस के तीन विधायक नदारद; ओडिशा-हरियाणा का क्या है हाल?
सोमवार को बिहार, ओडिशा और हरियाणा की 11 राज्यसभा सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया। नतीजे आज ही घोषित किए जाएंगे। इस बार कुल 37 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं, जिसमें से 26 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने जा चुके हैं। राजनीतिक जानकार इसे केंद्र में सत्ता संतुलन और राज्यों की सियासी ताकत का अहम संकेत मान रहे हैं। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें राज्यसभा चुनाव से जुड़े तमाम पल-पल के अपडेट्स...
लाइव अपडेट
हरियाणा राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस विधायक वोट डालने विधानसभा पहुंचे
हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। इसी बीच कांग्रेस पार्टी के सभी विधायक वोट डालने के लिए हरियाणा विधानसभा पहुंच गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, कांग्रेस के विधायक एक साथ विधानसभा पहुंचे और अपने उम्मीदवार के समर्थन में मतदान करने की तैयारी की। पार्टी नेतृत्व भी मतदान प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए है।
राज्यसभा चुनाव को लेकर राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सभी दल अपने-अपने विधायकों के साथ रणनीति बनाकर वोटिंग प्रक्रिया में शामिल हो रहे हैं। विधानसभा परिसर में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हो सके। राज्यसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद यह साफ हो जाएगा कि किस पार्टी के उम्मीदवार को जीत मिलती है।
विजय कुमार सिन्हा बोले- विपक्ष सिर्फ रोता है, जनता उन्हें जवाब दे रही है
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए जनता के आदेश का समीकरण महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हमारे पांचों उम्मीदवार सुशासन और विकास में योगदान देंगे। विपक्ष केवल रोने और आरोप लगाने में लगा रहता है। वही लोग कभी बिहार को रुलाते थे, लेकिन आज जनता उन्हें सबक सिखा रही है।
गिरिराज सिंह बोले- बिहार में पांचों राज्यसभा सीटें NDA की जीत के लिए तैयार
बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए जारी मतदान पर बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि चुनाव में क्रॉस वोटिंग या सुपर क्रॉस वोटिंग हो सकती है, लेकिन उन्हें पूरा भरोसा है कि पांचों सीटें NDA के हाथ आएंगी। उन्होंने कहा कि पैसे के बल पर अब राज्यसभा का चुनाव नहीं होगा।
भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर का बयान: NDA राज्यसभा चुनाव में जीतेगी
पहली बार राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान करने पहुंची मैथिली ठाकुर ने कहा कि वह पहली बार वोट देने जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से बैठकें कर रहे थे ताकि मतदान प्रक्रिया में कोई गलती न हो। ठाकुर ने विश्वास जताया कि NDA इस चुनाव में जीत हासिल करेगी और हमें जनता और पार्टी के समर्थन पर भरोसा है।"
RJD विधायक रणविजय साहू बोले- कोई रडार से बाहर नहीं
राजद विधायक रणविजय साहू ने कहा कि यह सिर्फ राज्यसभा का चुनाव नहीं है, बल्कि बिहार और पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने दावा किया कि लोग गठबंधन का समर्थन कर रहे हैं और विपक्षी NDA के लोग रडार से बाहर हो गए हैं । रणविजय साहू ने कहा कि आंकड़ा 50 तक जाएगा और गठबंधन के सभी सदस्य हमारे साथ हैं। यह चुनाव हमारी ताकत और जनता के समर्थन को दिखाने का अवसर है।"
ओडिशा की चार सीटों पर मुकाबला
चुनाव का समीकरण दिलचस्प हो गया है क्योंकि न तो सत्ताधारी भाजपा और न ही मुख्य विपक्षी बीजद के पास चौथी सीट जीतने के लिए पर्याप्त विधायक संख्या है। ऐसे में क्रॉस-वोटिंग की संभावना को नकारा नहीं जा सकता।
उम्मीदवारों का समीकरण और चुनावी गणित
- इस बार के राज्यसभा चुनाव में भाजपा की ओर से दो उम्मीदवार मैदान में हैं।
- राज्य इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल और मौजूदा राज्यसभा सांसद सुजीत कुमार।
- इसके अतिरिक्त, पूर्व केंद्रीय मंत्री दिलीप रे निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं, जिन्हें भाजपा का समर्थन प्राप्त है।
- वहीं, बीजद ने अपने दो प्रमुख नेताओं संतृप्त मिश्रा और प्रसिद्ध यूरोलॉजिस्ट डॉ. दत्तेश्वर होटा को उम्मीदवार बनाया है।
- कांग्रेस और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने बीजद के उम्मीदवारों का समर्थन किया है
कमेंट
कमेंट X