Live
राजस्थान निकाय चुनाव LIVE: कई जगह भाजपा-कांग्रेस समर्थक आपस में भिड़े, लकवा पीड़ित बुजुर्ग ने किया मतदान
राजस्थान निकाय चुनाव 2026 Live: राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के मतदान के दौरान अजमेर, दौसा, जोधपुर और जयपुर में कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प हुईं हैं। वहीं जोधपुर में सरकारी कर्मचारी ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पैर छुए। इस पर विवाद हो गया है। बहरोड़ में 85 साल के लकवा पीड़ित बुजुर्ग ने अस्पताल से मतदान केन्द्र पहुंचकर वोट किया। बुजुर्ग ने पूरे राजस्थान के सामने एक मिसाल पेश की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लाइव अपडेट
अशोक गहलोत के पांव छूने पर विवाद, भाजपा ने निर्वाचन विभाग से की शिकायत
जोधपुर के वार्ड संख्या 82 में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के मतदान करने के दौरान नया विवाद खड़ा हो गया है। वहां मौजूद पोलिंग पार्टी टीम के सदस्यों द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री के पांव छूने का मामला सामने आया है।
पढ़िए पूरी खबर: गहलोत के वोट पर इस कदर क्यों भड़की बीजेपी- किसे बताया आचार संहिता का उल्लंघन?
हनुमानगढ़ : मतदान के दौरान 2 प्रत्याशियों के समर्थकों में मारपीट
हनुमानगढ़ में निकाय चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान शुक्रवार को सुरेशिया इलाके में बने मतदान केंद्र संख्या 129 और 130 के बाहर दो प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के बीच जमकर हाथापाई हो गई। तीखी बहस के बाद हुए इस बवाल में एक प्रत्याशी ने दूसरे प्रत्याशी पर थप्पड़ मारने और ईंट से हमला करने का आरोप लगाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डीएसपी मीनाक्षी और सीआई रामचंद्र कस्वा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने उपद्रवियों को खदेड़ा और मतदान केंद्र के बाहर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की। मौके पर पहुंचे भाजपा नेता अमित साहू ने निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों पर मारपीट और दादागिरी करने का आरोप लगाया।
बहरोड़ : पक्षाघात से पीड़ित 85 वर्षीय बुजुर्ग ने अस्पताल से एंबुलेंस में पहुंचकर किया मतदान
निकाय चुनाव के दौरान एक 85 वर्षीय बुजुर्ग मतदाता ने पिछले 15 साल से पक्षाघात से पीड़ित होने के बावजूद अस्पताल से एंबुलेंस के जरिये मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे इस मतदाता ने लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। अस्पताल में उपचाराधीन होने के कारण चिकित्सकों और परिजनों ने उन्हें एंबुलेंस से मतदान केंद्र तक पहुंचाया। मतदान कर्मियों ने उनके पहुंचने पर व्यवस्था की और व्हीलचेयर से बूथ के भीतर ले जाकर मतदान प्रक्रिया पूरी कराई। बूथ पर मौजूद अधिकारियों के अनुसार, बुजुर्ग नागरिक ने वोट डालने के तुरंत बाद सभी नागरिकों से चुनाव में अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील की।
चिड़ावा में प्रत्याशी पर हमला
झुंझुनूं जिले के चिड़ावा नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत वार्ड 28 में मतदान शुरू होने से पहले ही गंभीर घटना घटी। यहां निर्दलीय प्रत्याशी अशोक शर्मा के अनुसार मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में प्रत्याशी के सिर पर गंभीर चोट आई है। इस वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना के बाद पुलिस दल घटना की गहराई से पड़ताल कर रहा है और लगाए गए आरोपों की सच्चाई जांच रहा है।
जयपुर में कांग्रेस एजेंट को न बैठाने पर प्रत्याशी का हंगामा, ईवीएम भी खराब
जयपुर में मतदान के दौरान शहर के विभिन्न बूथों पर हंगामा और तकनीकी खराबी की घटनाएं सामने आईं। वार्ड संख्या 26 के मंगलम सिटी स्थित सरकारी स्कूल बूथ पर कांग्रेस प्रत्याशी अनिता देवी ने कर्मचारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाकर हंगामा किया। उन्होंने बूथ पर कांग्रेस एजेंट को न बैठाने पर आपत्ति जताई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और एजेंट को बैठाकर मतदान शुरू कराया। इसके अलावा, वार्ड 114 की कसेरियों की धर्मशाला केंद्र पर एक निर्दलीय प्रत्याशी ने कांग्रेस उम्मीदवार के अंदर रहने का विरोध किया, जिससे दो पक्षों में झड़प हुई। पुलिस ने मामला शांत कराया। वहीं वार्ड 113 की अग्रवाल धर्मशाला में सुबह 7:15 बजे ईवीएम खराब होने से करीब आधा घंटा मतदान बाधित रहा। वार्ड 141 के बूथ संख्या 11 पर भी ईवीएम कुछ समय के लिए बंद रही, जिसे बाद में ठीक कर दिया गया।
दौसा में फर्जी मतदान को लेकर हंगामा,सांसद और बीजेपी प्रत्याशी योगेश शर्मा आमने-सामने
दौसा में सांसद मुरारी लाल मीणा परिवार के साथ मतदान करने बूथ पर पहुंचे। उनके साथ उनके मीडिया प्रभारी उमाशंकर भी अपने परिवार के साथ वोट डालने आए थे। इसी दौरान भाजपा प्रत्याशी योगेश शर्मा के बूथ एजेंट ने मीडिया प्रभारी की बेटी पर फर्जी मतदाता बनकर वोट डालने का आरोप लगा दिया। आरोप लगते ही बूथ के अंदर हंगामा शुरू हो गया। भाजपा प्रत्याशी योगेश शर्मा और सांसद मुरारी लाल मीणा के बीच तीखी बहस हो गई। योगेश शर्मा ने कहा कि फर्जी मतदान किसी भी सूरत में नहीं होने दूंगा काफी देर तक दोनों के बीच कहासुनी चलती रही। बूथ पर तैनात पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को शांत कराया।अजमेर नगर निगम के वार्ड संख्या 12 के मतदान केन्द्र में हंगामा
अजमेर नगर निगम के वार्ड संख्या 12 के पट्टी कटला स्थित ओसवाल स्कूल के मतदान केंद्र में हंगामा हो गया। यहां भाजपा शहर जिला अध्यक्ष रमेश सोनी अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़े थे। लोगों ने इसका विरोध किया। बाद में वहां से हटाया गया ।अजमेर में मतदान केंद्र पर मोबाइल को लेकर हंगामा
अजमेर के डीएवी स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर शुक्रवार को उस समय हंगामा हो गया, जब एक मतदाता मोबाइल फोन में मौजूद वोटर आईडी दिखाकर मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल ले जाने की जिद करने लगा। मतदान दल ने मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने से स्पष्ट रूप से रोक दिया। इसी बात को लेकर मतदाता और मतदान दल के बीच बहस बढ़ गई और मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। समझाइश कर मामला शांत कराया। इसके बाद मतदान प्रक्रिया को सामान्य रूप से जारी रखा गया।चुनाव के बीच जयपुर में मर्डर
जयपुर में मतदान के बीच एक साथ चार हत्या से सनसनी फैल गई है। हाथोज में स्कॉलर्स इंटरनेशनल स्कूल के पास की घटना बताई जा रही है। यहां पर एक आरोपी के द्वारा पत्नी और 3 बच्चों की सीमेंट ब्लॉक से मारकर हत्या कर दी। आरोपी राहुल झा मौके से फरार हो गया। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।सवाई माधोपुर में इतना मतदान हुआ
- नगर पालिका वजीरपुर में 36.91 प्रतिशत
- बामनवास में 30.74 प्रतिशत
- गंगापुर सिटी नगर परिषद में 22.69 प्रतिशत