Live
Asian Games 2026 Live: सेपकटकरा में भारत ने जीता कांस्य, तीरंदाजी में आज आए एक स्वर्ण और दो रजत, कुल 72 पदक
India at Asian Games 2026 Live Updates and Medals Tally: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। एशियन गेम्स में दो अक्तूबर का दिन भारत के लिए बेहद अहम है। तीरंदाजी में आज तीन पदक आए हैं। कुश्ती, मुक्केबाजी और हॉकी में भारतीय खिलाड़ी पदक के लिए उतरेंगे। महिला हॉकी टीम फाइनल में चीन से भिड़ेगी। मेडल्स टैली देखने के लिए यहां क्लिक करें...
लाइव अपडेट
Asian Games 2026 Live: पहला राउंड परवीन का नाम
स्वर्ण पदक मुकाबले की शुरुआत परवीन और चेन निएन-चिन ने सतर्क अंदाज में की। रेफरी ने दोनों मुक्केबाजों को ज्यादा सक्रिय होकर खेलने की चेतावनी दी। इसके बाद परवीन ने पहल की। उन्होंने दूरी कम करते हुए सीधे जैब लगाए। चेन ने गार्ड नीचे रखा और परवीन के हमलों का जवाब काउंटर पंच से दिया। सभी जजों ने पहला राउंड परवीन के पक्ष में दिया।

Asian Games 2026 Live: अब बैक-टू-बैक मेडल मुकाबलों का रोमांच
दो अक्तूबर को एशियाई खेलों में दिन के दूसरे हाफ का एक्शन शुरू हो रहा है। भारत के लिए अब कई अहम मुकाबले होने हैं, जिनमें पदक दांव पर होंगे। शुरुआत दो मेडल मुकाबलों से होगी। एक बॉक्सिंग में और दूसरा कुश्ती में, जहां भारतीय खिलाड़ी पदक जीतने के लिए रिंग और मैट पर उतरेंगे।Asian Games 2026 Live: फाइनल में परवीन की चीन ताइपे की चेन निएन-चिन से भिड़ंत
परवीन एशियाई खेलों के महिला 65 किग्रा वर्ग के स्वर्ण पदक मुकाबले के लिए तैयार हैं। फाइनल में उनका सामना चीन ताइपे की ओलंपिक कांस्य पदक विजेता चेन निएन-चिन से होगा। भारतीय मुक्केबाज अब तक अजेय रही हैं। उन्हें पहले दौर में बाई मिली थी। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में उन्होंने उज्बेकिस्तान की नवबखोर खामिदोवा को 5-0 से हराया। सेमीफाइनल में भी परवीन का दबदबा जारी रहा। उन्होंने चीन की ली शू को सर्वसम्मत फैसले में 5-0 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई। अब उनके पास भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतने का मौका है।Asian Games 2026 Live: सेपकटकरा में आया कांस्य
भारतीय पुरुष टीम ने सेपकटकरा में कांस्य पदक जीता है। सेमीफाइनल मुकाबले में भारत को जापान से 15-12, 15-13 से हार मिली। जापान ने 2-0 से मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई। इस पदक के साथ भारत के पदकों की संख्या 72 हो गई है। अब तक भारत ने 12 स्वर्ण, 25 रजत और 35 कांस्य जीते हैं।
Asian Games 2026 Live: दक्षिण कोरिया ने तीसरे सेट में जीत के साथ जीता स्वर्ण
दक्षिण कोरिया ने तीसरा सेट जीतने के साथ ही स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। तीसरे सेट में दक्षिण कोरिया ने 56 स्कोर किया, जबकि भारत ने 54 स्कोर किया। ऐसे में कोरिया को दो अंक मिले और उन्होंने फाइनल 5-1 से जीत लिया। हर सेट जीतने वाले को दो अंक मिलते हैं। दक्षिण कोरिया ने दो सेट अपने नाम किए, जबकि एक सेट ड्रॉ रहा था। ड्रॉ होने पर एक एक अंक दोनों टीमों में बंटता है। यशदीप, धीरज और नीरज की तिकड़ी को रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा। यह तीरंदाजी में भारत का सातवां पदक है। इस एशियाड में भारत को तीरंदाजी में चार स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य मिला है।
Asian Games 2026 Live: दूसरा सेट दक्षिण कोरिया के नाम
दूसरा सेट दक्षिण कोरिया ने जीत लिया। दक्षिण कोरिया ने 57 स्कोर किया, जबकि भारतीय टीम 50 स्कोर कर सकी। ऐसे में कोरिया को दो अंक मिले, जबकि भारत को कोई अंक नहीं मिला। दो सेट के बाद दक्षिण कोरिया 3-1 से आगे है। तीसरे सेट में किसी भी हालत में भारत को जीत हासिल करनी होगी। ऐसे में चौथा सेट निर्णायक होगा। अगर कोरिया तीसरा सेट जीतता है तो गोल्ड अपने नाम कर लेगा।
Asian Games 2026 Live: पुरुष रिकर्व टीम फाइनल शुरू
भारत और दक्षिण कोरिया एशियाई खेलों में पुरुष रिकर्व टीम के स्वर्ण पदक के फाइनल में आमने-सामने हैं। दोनों टीमों ने अपने-अपने सेमीफाइनल में जीत दर्ज कर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई है। भारत ने ईरान को हराया, जबकि दक्षिण कोरिया ने चीनी ताइपे को मात दी। अब दोनों टीमें स्वर्ण पदक के लिए भिड़ रहे हैं। पहले सेट में भारत और दक्षिण कोरिया, दोनों ने 56-56 स्कोर किया और दोनों में एक-एक बंटे।
Asian Games 2026 Live: साइकिलिंग में फाइनल में जगह नहीं बना सके बेकहम
डेविड बेकहम एल्काटोहचोंगो का एशियन गेम्स अभियान पुरुष कीरिन के सेमीफाइनल में खत्म हो गया। भारतीय साइकिलिस्ट अपनी सेमीफाइनल हीट में 10.578 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहे और स्वर्ण पदक के फाइनल में जगह नहीं बना सके।