फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

Argentina vs Benin Highlights: अर्जेंटीना की 3-0 से जीत, बेनिन के खिलाफ मेसी ने दो असिस्ट किए और एक गोल दागा

Wed, 07 Oct 2026 07:37 AM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, ब्यूनस आयर्स
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, ब्यूनस आयर्स Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Wed, 07 Oct 2026 07:37 AM IST
खास बातें

अर्जेंटीना ने लियोनल मेसी के आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में बेनिन को 3-0 से हराया। मेसी ने टीम के तीनों गोल में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने दो गोल में असिस्ट किया और एक गोल पेनल्टी पर खुद दागा। इस जीत के साथ मेसी ने अर्जेंटीना के लिए अपने शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर को भावुक अंदाज में अलविदा कहा।

विज्ञापन
Argentina vs Benin Football Highlights: Lionel Messi Farewell Last Match Result Photos
मेसी - फोटो : @AFASeleccionEN

लाइव अपडेट

07:33 AM, 07-Oct-2026

मेसी ने प्रशंसकों को कहा शुक्रिया, बोले- हर जगह लगा जैसे अपने घर में खेल रहा हूं

मेसी ने इसके बाद अर्जेंटीना के प्रशंसकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूरे करियर में जहां भी कदम रखा, स्टेडियम हमेशा खचाखच भरे मिले। उन्होंने कहा, 'मैं इन सभी पलों के लिए आपका शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। मैं जहां भी गया, स्टेडियम भरा हुआ था। विश्व कप हो या कोपा अमेरिका, आप हर जगह मौजूद थे। हम जहां भी गए, ऐसा लगा जैसे अपने घर में खेल रहे हों।' मेसी ने कहा कि यहां खेलना उनके जीवन के सबसे खुशहाल पलों में से एक रहा और विश्व कप जीतने के बाद पहली बार खेलने की रात को वह कभी नहीं भूलेंगे।

विदाई के इस मौके पर मेसी भावुक हो गए। उन्होंने कहा, 'शायद ये मेरी जिंदगी और करियर के सबसे दुखद दिनों में से हैं। मैं आपको बहुत याद करूंगा, राष्ट्रीय टीम के इन रंगों को भी।' उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह अर्जेंटीना की नई पीढ़ी के खिलाड़ियों का हमेशा समर्थन करते रहेंगे और कहा कि टीम को अपने बड़े लक्ष्यों तक पहुंचने के लिए एकजुट रहना होगा। अंत में मेसी ने कहा, 'मैं इस जगह, इस मैदान को छोड़ना नहीं चाहता। मैं आपसे प्यार करता हूं, आपको बहुत याद करूंगा और अर्जेंटीना का होने पर मुझे गर्व है।'

07:27 AM, 07-Oct-2026

मेसी की फेयरवेल स्पीच

विदाई समारोह में लियोनल मेसी ने हाथ में माइक थामा तो पूरा स्टेडियम उनकी बात सुनने के लिए शांत हो गया। मेसी ने अर्जेंटीना की जर्सी में बिताए अपने सफर के मुश्किल दौर से लेकर जीती गई ट्रॉफियों तक को याद किया। उन्होंने कहा, 'काश, मैं पूरी जिंदगी अर्जेंटीना के लिए खेल पाता।' यह सुनते ही पूरा स्टेडियम तालियों और नारों से गूंज उठा। इसके बाद मेसी ने अपने साथियों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा इस जर्सी के लिए अपना सब कुछ दिया। मेसी ने कहा कि उनके साथियों ने उनका सपना पूरा करने में मदद की और विश्व कप, कोपा अमेरिका समेत कई बड़ी ट्रॉफियां जिताने में उनका साथ दिया। उन्होंने कहा, 'हमने गर्व के साथ खेला और हर टीम के खिलाफ मुकाबला किया। मुझे पता था कि मैं योद्धाओं से घिरा हुआ हूं।'

विज्ञापन
07:06 AM, 07-Oct-2026

मैच के बाद ड्रोन शो से जगमगाया स्टेडियम

मैच खत्म होने के बाद स्टेडियम में शानदार ड्रोन शो शुरू हो गया है। आसमान में रोशनी से बने खूबसूरत दृश्य मेसी की विदाई को और खास बना रहे हैं। हालांकि कार्यक्रम अभी खत्म नहीं हुआ है। मैदान पर मेसी के सम्मान में भव्य समारोह भी शुरू हो गया है।

07:01 AM, 07-Oct-2026

मेसी की विदाई पर अर्जेंटीना की 3-0 से जीत, दो असिस्ट और एक गोल के साथ खत्म किया अंतरराष्ट्रीय सफर

लियोनल मेसी ने अर्जेंटीना के लिए अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मुकाबला यादगार अंदाज में खत्म किया। ब्यूनस आयर्स के मॉन्यूमेंटल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अर्जेंटीना ने बेनिन को 3-0 से हराया। मेसी ने टीम के तीनों गोल में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने दो गोल में असिस्ट किया, जबकि एक गोल पेनल्टी पर खुद दागा।

मैच से पहले भावुक हुए मेसी
मेसी के विदाई मुकाबले को लेकर पूरे स्टेडियम में जबरदस्त उत्साह था। टीम बस के स्टेडियम पहुंचने के दौरान मेसी भावुक नजर आए और उनकी आंखों में आंसू थे। मैच से पहले रिवर प्लेट के अध्यक्ष ने भी उन्हें सम्मानित किया। मेसी को क्लब की मानद सदस्यता, स्मृति पट्टिका और उनके नाम की विशेष जर्सी भेंट की गई।

बेनिन की टीम ने भी मेसी के सम्मान में खास तोहफा दिया। टॉस के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मेसी से हाथ मिलाया। 10वें मिनट में स्टेडियम में मेसी के सम्मान में विशेष कार्यक्रम हुआ। सभी खिलाड़ियों ने उनके पास जाकर हाथ मिलाया और आसमान आतिशबाजी से जगमगा उठा। यह पल स्टेडियम में मौजूद फैंस के साथ दुनियाभर के फुटबॉल प्रशंसकों के लिए भी बेहद भावुक रहा।

208वें मैच में मैदान पर उतरे मेसी
मेसी अपने करियर का 208वां और आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलने उतरे। अर्जेंटीना की शुरुआती एकादश में मेसी के साथ जूलियन अल्वारेज और लाउटारो मार्टिनेज को आक्रमण की जिम्मेदारी दी गई। मुकाबले की शुरुआत से ही अर्जेंटीना ने बेनिन पर दबाव बनाना शुरू कर दिया।

ओटामेंडी ने दिलाई बढ़त
अर्जेंटीना को 48वें मिनट में पहला गोल मिला। मेसी ने कॉर्नर से शानदार क्रॉस डाला, जिस पर निकोलस ओटामेंडी ने करीब से सटीक शॉट लगाकर गेंद को क्रॉसबार के नीचे से गोल में पहुंचा दिया। इस गोल के साथ अर्जेंटीना ने 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।

निको पाज ने बढ़ाई बढ़त
61वें मिनट में अर्जेंटीना ने दूसरा गोल दागा। निको पाज ने पेनल्टी बॉक्स के बाहर डिफेंस को चीरते हुए मिले शानदार पास को पकड़ा और गेंद को बाएं पोस्ट के अंदर पहुंचा दिया। बेनिन के गोलकीपर के पास इस शॉट को रोकने का कोई मौका नहीं था। अर्जेंटीना की बढ़त 2-0 हो गई।

मेसी ने पेनल्टी पर दागा गोल
71वें मिनट में मेसी ने अपने आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में गोल भी कर दिया। अर्जेंटीना को पेनल्टी मिली और मेसी ने जिम्मेदारी लेते हुए गेंद को बेनिन के गोलकीपर मार्सेल डांजिनो की पहुंच से दूर टॉप राइट कॉर्नर में पहुंचा दिया। मेसी के गोल के बाद अर्जेंटीना 3-0 से आगे हो गया।

चौथे गोल से चूका अर्जेंटीना
82वें मिनट में अर्जेंटीना चौथा गोल करने के करीब पहुंचा। फ्रांको मास्टेंटुओनो ने डिफेंडर को छकाकर दूर से शॉट लगाया, लेकिन बेनिन के गोलकीपर ने इसे आसानी से पकड़ लिया। इसके बाद अर्जेंटीना की ओर से कुछ और कोशिशें हुईं, लेकिन स्कोर में बदलाव नहीं हुआ।

फ्री-किक से गोल नहीं कर सके मेसी
मैच के आखिरी पलों में मेसी को फ्री-किक से अपने खाते में एक और गोल जोड़ने का मौका मिला। उन्होंने शानदार प्रयास किया, लेकिन गेंद क्रॉसबार के ऊपर से निकल गई। इसके साथ ही अर्जेंटीना ने 3-0 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

भावुक माहौल में मेसी की विदाई
अंतिम सीटी बजते ही मैदान पर भावुक दृश्य देखने को मिला। खिलाड़ी एक-दूसरे से हाथ मिलाते और गले मिलते नजर आए। अर्जेंटीना के लिए मेसी ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला जीत के साथ खत्म किया। दो असिस्ट और एक गोल के साथ उन्होंने अपने शानदार अंतरराष्ट्रीय सफर को यादगार विदाई दी। मेसी की इस विदाई पर सिर्फ अर्जेंटीना ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के फुटबॉल प्रशंसकों की आंखें नम नजर आईं।
06:34 AM, 07-Oct-2026

Argentina vs Benin Live Score: 71वें मिनट में मेसी ने दागा गोल

अर्जेंटीना ने 71वें मिनट में तीसरा गोल कर दिया है। लियोनल मेसी ने पेनल्टी पर शानदार अंदाज में गेंद को बेनिन के गोलकीपर मार्सेल डांजिनो के ऊपर से टॉप राइट कॉर्नर में पहुंचा दिया। गोलकीपर के पास इसे रोकने का कोई मौका नहीं था। मेसी के गोल से अर्जेंटीना ने 3-0 की बढ़त बना ली है।
06:26 AM, 07-Oct-2026

Argentina vs Benin Live Score: 61वें मिनट में अर्जेंटीना का दूसरा गोल

अर्जेंटीना ने 61वें मिनट में अपनी बढ़त दोगुनी कर दी। पेनल्टी बॉक्स के बाहर निको पाज ने डिफेंस को चीरते हुए मिले शानदार पास को पकड़ा और गोल की ओर सटीक शॉट लगाया। गेंद बाएं पोस्ट के अंदर चली गई और बेनिन के गोलकीपर के पास बचाव का कोई मौका नहीं था। अर्जेंटीना अब 2-0 से आगे है।
विज्ञापन
विज्ञापन
06:12 AM, 07-Oct-2026

Argentina vs Benin Live Score: 48वें मिनट में अर्जेंटीना का गोल

दूसरे हाफ के 48वें मिनट में अर्जेंटीना ने गोल कर बढ़त बना ली है। कॉर्नर पर लियोनल मेसी ने शानदार क्रॉस दिया, जिस पर निकोलस ओटामेंडी ने करीब से सटीक शॉट लगाकर गेंद को क्रॉसबार के नीचे से गोल में पहुंचा दिया। अर्जेंटीना अब बेनिन के खिलाफ 1-0 से आगे है।

06:09 AM, 07-Oct-2026

Argentina vs Benin Live Score: दूसरे हाफ का खेल जारी

दूसरे हाफ का खेल जारी है। दोनों टीमों की नजरें बढ़त हासिल करने पर हैं।
05:48 AM, 07-Oct-2026

Argentina vs Benin Live Score: हाफ-टाइम तक कोई गोल नहीं

हाफ-टाइम हो चुका है और अब तक दोनों टीमें एक भी गोल नहीं कर सकी हैं। दूसरे हाफ में मेसी अपनी टीम को शुरुआती बढ़त दिलाना चाहेंगे।
05:16 AM, 07-Oct-2026

Argentina vs Benin Live Score: 10वें मिनट में मेसी के सम्मान में पूरा स्टेडियम हुआ भावुक

10वें मिनट में मेसी के सम्मान में स्टेडियम में बेहद भावुक नजारा देखने को मिला। बेनिन के खिलाड़ियों समेत मैदान पर मौजूद सभी खिलाड़ियों ने मेसी के पास जाकर उनसे हाथ मिलाया।

Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed