Live
West Asia Live: इस्राइल ने लेबनान के बेका वैली में नए हवाई हमले किए; दुबई में गिरा ईरानी मिसाइल का मलबा
Israel Iran War News in Hindi Live: पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है। अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष 19वें दिन में और खतरनाक हो गया है। मिसाइल और ड्रोन हमले तेज हो चुके हैं, वहीं होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाज भी निशाने पर हैं। इस बीच, इस्राइल ने अली लारीजानी और बसीज कमांडर गुलामरेजा सुलेमानी को मारने का दावा किया, ईरान ने भी दो शीर्ष अधिकारियों की हत्या की पुष्टि की है। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े तमाम पल-पल अपडेट्स...
लाइव अपडेट
इस्राइल ने लेबनान के बेका वैली में नए हवाई हमले किए
इस्राइल की सेना ने लेबनान के सोहमोर शहर पर दो नए हवाई हमले किए हैं, जैसी जानकारी राज्य मीडिया NNA ने दी। पहले हुए हमले में चार लोगों की मौत हो गई थी, जब सोहमोर में चार घरों को निशाना बनाया गया था। अधिकारियों ने कहा है कि क्षेत्र में सुरक्षा हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं।
सऊदी अरब ने ड्रोन और मिसाइल हमलों की नई लहर रोकी गई
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि हाल ही में देश के पूर्वी हिस्से में दो चरणों में ड्रोन हमलों को रोक दिया गया। इसके कुछ घंटे पहले ही मंत्रालय ने अल-खारज गवर्नरेट में एक बैलिस्टिक मिसाइल को भी नष्ट किया था। मिसाइल के मलबे प्रिंस सुल्तान एयर बेस के पास गिरा, लेकिन किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। मंत्रालय ने कहा कि हवाई सुरक्षा बल लगातार सतर्क हैं और किसी भी खतरे को रोकने के लिए तैयार हैं।
बेरूत में इस्राइली सेना का हमला, जोरदार धमाका और हाहाकार
बेरूत के बाकौरा इलाके में इस्राइली सेना ने एक इमारत पर हमला किया, जिससे जोरदार धमाका हुआ। इस हमले के तुरंत बाद इस्राइली सेना ने इलाके में रहने वालों को तुरंत खाली करने का आदेश भी जारी किया। इसके पहले, केंद्रीय बेरूत के जुकाक अल-ब्लात और अल-बस्ता इलाकों में तीन अपार्टमेंट बिल्डिंग पर इस्राइली हमले में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 24 लोग घायल हुए। स्थानीय मीडिया और एजेंसियों ने बताया कि हमले के बाद इलाके में भय का माहौल है और सुरक्षा बल घटनास्थल पर मौजूद हैं।
ईरान में US की बमबारी से नाराज ट्रंप के अफसर का इस्तीफा
अमेरिका में नेशनल काउंटरटेररिज्म सेंटर के प्रमुख जोसेफ केंट ने ईरान के खिलाफ चल रहे युद्ध को लेकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अपने इस्तीफे में केंट ने कहा कि ईरान से अमेरिका को कोई तत्काल खतरा नहीं था, लेकिन इस्राइल के दबाव में आकर अमेरिका ने यह युद्ध शुरू किया। उन्होंने कहा कि वह इस युद्ध का समर्थन ईमानदारी से नहीं कर सकते। केंट इस मुद्दे पर इस्तीफा देने वाले ट्रंप प्रशासन के पहले बड़े अधिकारी बन गए हैं।
दुबई में मिसाइल हमले की कोशिश, एयर डिफेंस ने किया नाकाम
बुधवार को दुबई के आसमान में उस समय हलचल मच गई, जब ईरान की ओर से आए मिसाइल और ड्रोन को एयर डिफेंस सिस्टम ने हवा में ही नष्ट कर दिया। इस दौरान रोकी गई मिसाइलों के टुकड़े शहर के कुछ हिस्सों में गिरते देखे गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आसमान में इंटरसेप्टर मिसाइलें दागी गईं और जोरदार धमाकों की आवाज भी सुनाई दी। बाद में दुबई प्रशासन ने साफ किया कि ये आवाजें सफल एयर डिफेंस कार्रवाई की वजह से थीं। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने भी पुष्टि की कि उसके सिस्टम ईरान से आए खतरों का जवाब दे रहे थे। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई गई है।
कमेंट
कमेंट X