Water Crisis: देवास में पानी संकट पर महिलाओं का फूटा गुस्सा, एबी रोड पर किया चक्काजाम; टैंकर मंगवाने को मजबूर
देवास के मक्सी रोड स्थित आवास नगर क्षेत्र में पेयजल संकट से परेशान महिलाओं का आक्रोश बुधवार को सड़कों पर दिखाई दिया। नियमित जलप्रदाय नहीं होने और कम समय तक पानी मिलने से नाराज महिलाओं ने एबी रोड पर चक्काजाम कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देवास के मक्सी रोड स्थित आवास नगर क्षेत्र में पेयजल संकट से परेशान महिलाओं का आक्रोश बुधवार को सड़कों पर फूट पड़ा। नियमित जलप्रदाय नहीं होने और कम समय तक पानी मिलने से नाराज महिलाओं ने एबी रोड पर चक्काजाम कर दिया। करीब 15 से 20 मिनट तक महिलाओं ने सड़क पर खड़े होकर नारेबाजी की, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं शामिल हुईं। उनका कहना था कि वार्ड में पिछले कई दिनों से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है, लेकिन शिकायतों के बावजूद नगर निगम और जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि निगम पूरे महीने का जलकर वसूल करता है, जबकि महीने में मुश्किल से 10 दिन ही पानी की सप्लाई हो पाती है। जो पानी मिलता भी है, उसका समय तय नहीं रहता और नलों में पर्याप्त प्रेशर भी नहीं होता।
ट्रक चालक से विवाद, चप्पल फेंकने पर बढ़ा तनाव
प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब जाम में फंसे एक ट्रक चालक ने वाहन निकालने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पार्षद प्रतिनिधि राज वर्मा ने आरोप लगाया कि वाहन के सामने महिलाएं खड़ी थीं, इसके बावजूद चालक ट्रक आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा था। विवाद बढ़ने पर ट्रक चालक की ओर से चप्पल फेंके जाने की घटना से माहौल और गरमा गया। वहीं महिलाओं का आरोप था कि ट्रक चालक वाहन आगे नहीं बढ़ा रहा था और पार्षद प्रतिनिधि ने अनावश्यक रूप से विवाद किया। महिलाओं ने कहा कि इस घटना को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की जा रही है।
पढ़ें: कटनी पहुंचे RSS प्रमुख मोहन भागवत: शहडोल के विकास वर्ग में शामिल 383 स्वयंसेवकों से करेंगे संवाद; जानें
प्रदर्शन के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप
प्रदर्शन के दौरान पूर्व पार्षद प्रत्याशी उषा अग्रवाल और पार्षद प्रतिनिधि राज वर्मा के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। उषा अग्रवाल ने कहा कि वह राजनीति के उद्देश्य से नहीं, बल्कि क्षेत्र की महिलाओं के साथ पानी की समस्या को लेकर मौके पर पहुंची थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड की पार्षद क्षेत्र में सक्रिय नहीं हैं और अधिकांश मामलों में उनके प्रतिनिधि ही सामने आते हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा।
अवैध नल कनेक्शन का आरोप
पार्षद प्रतिनिधि राज वर्मा ने कहा कि 18 मई को क्षेत्र में जलप्रदाय हुआ था, जबकि 19 मई को शहर में शटडाउन होने के कारण सप्लाई प्रभावित रही। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह भी पानी छोड़ा गया था। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि उनके विरोध में चुनाव लड़ चुकी उषा अग्रवाल के घर पर दो नल कनेक्शन हैं, जिनमें एक कथित रूप से अवैध है। उन्होंने इस मामले में शिकायत करने की बात भी कही।
पानी के लिए मंगवाने पड़ रहे टैंकर
क्षेत्र की रहवासी रेखा ने बताया कि पिछले करीब चार महीने से पानी की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि महीने में मुश्किल से 10 दिन पानी आता है, जबकि जलकर का पूरा भुगतान करना पड़ता है। स्थिति यह है कि लोगों को 700 रुपए खर्च कर पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। कई बार पार्षद को भी समस्या बताई गई, लेकिन समाधान नहीं हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद महिलाओं ने चक्काजाम समाप्त किया।
स्थायी समाधान का आश्वासन
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द जल समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। पार्षद प्रतिनिधि राज वर्मा ने कहा कि क्षेत्र में जल समस्या गंभीर है और अधिकारियों से चर्चा कर इसका स्थायी समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

कमेंट
कमेंट X