Dhar: बरात देख रहे युवक पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला, जान बचाने के लिए थाने में घुसा; पांच पर केस दर्ज
धार जिले के अमझेरा में बारात देख रहे युवक विजय पर कुछ लोगों ने मामूली विवाद में लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए युवक पुलिस थाने में घुसा। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों पर मामला दर्ज किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
धार जिले की सरदारपुर तहसील अंतर्गत अमझेरा में बारात देखने जैसी मामूली बात को लेकर युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को दौड़ा-दौड़ाकर लाठी-डंडों और पत्थरों से पीटा। जान बचाने के लिए युवक सीधे पुलिस थाने में घुस गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है। ग्राम खमालिया निवासी 24 वर्षीय विजय पिता सीताराम अमझेरा में पुलिस थाने के पीछे स्थित बस्ती की आंगनवाड़ी के पास खड़ा होकर वहां से गुजर रही बारात देख रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद एक ही परिवार के कुछ लोगों ने उसके सड़क पर खड़े होने पर आपत्ति जताई और गाली-गलौज शुरू कर दी। विजय द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी, डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया।
हमले के दौरान खुद को घिरता देख विजय जान बचाने के लिए गांव की गलियों में दौड़ पड़ा। आरोपी उसका पीछा करते हुए थाने के गेट तक पहुंच गए। युवक किसी तरह अमझेरा पुलिस थाने के भीतर घुसा, तब जाकर उसकी जान बच सकी। मंगलवार सुबह से मारपीट का वीडियो क्षेत्र में तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला समेत कुछ लोग युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि युवक खुद को बचाने का प्रयास कर रहा है।
पढे़ं: हाईकोर्ट सख्त: गंभीर मामलों में रूटीन तरीके से नहीं दी जा सकती अग्रिम जमानत; एक्साइज एक्ट मामलों में टिप्पणी
अमझेरा थाना प्रभारी राजू मकवाना ने बताया कि पीड़ित युवक की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी राजा पिता पुनिया निवासी अमझेरा, कृष्णा निवासी दसई, मनीष निवासी सुनेडी, राहुल निवासी मनावर तथा सीमा पति मनीष भील निवासी सुनेडी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 191(2), 115(2) और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है।

कमेंट
कमेंट X