Dhar News: डाक विभाग में एक और धोखाधड़ी, डाकपाल ने 1 लाख 76 हजार का किया गबन; जांच में जुटी पुलिस
Dhar News: धार जिले के गंधवानी तहसील स्थित पोस्ट ऑफिस में डाकपाल द्वारा 1 लाख 76 हजार 500 रुपये के गबन का मामला सामने आया है। आरोपी ने प्रभार के दौरान डाक विभाग की राशि को खातों में जमा न कर निजी उपयोग में खर्च कर दिया। विभागीय जांच में गड़बड़ी की पुष्टि के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
निजी बैंकों के बाद अब डाक विभाग में भी लोगों के पैसे सुरक्षित नहीं हैं। धार में लाखों के गबन के बाद गंधवानी तहसील में स्थित पोस्ट ऑफिस में भी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी डाकपाल के पास विभाग की शाखा का प्रभार था। इसी दौरान आरोपी शिवा, पिता रामदयाल, ने पद का दुरुपयोग करते हुए 1 लाख 76 हजार रुपये की धोखाधड़ी की। आरोपी ने आम लोगों से रुपये वसूल कर डाक विभाग के खातों में जमा नहीं किए और उनका निजी उपयोग किया।सूचना मिलते ही डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हुए और विभागीय जांच की। जांच में पूरी गड़बड़ी सामने आ गई। इसके बाद पुलिस ने डाकपाल के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
यह था मामला
इस दौरान शिवा ने पद का दुरुपयोग करते हुए डाकघर की 1 लाख 76 हजार 500 रुपये की सरकारी राशि को डाक विभाग के खाते में जमा न करते हुए अपने निजी कार्यों में खर्च कर दिया। गबन की आशंका होने पर कुक्षी उपसंभाग के उप संभागीय निरीक्षक ब्रजेश अहिरवार द्वारा इस पूरे मामले की गहन विभागीय जांच की गई। जांच के दौरान साक्षियों के कथन दर्ज किए गए और दस्तावेजों का मिलान किया गया, जिसमें गबन की पुष्टि हुई।
निरीक्षक ब्रजेश अहिरवार द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन और सहायक लोक अभियोजन अधिकारी से प्राप्त कानूनी अभिमत के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिवा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना के अनुसार, विभागीय जांच में नकदी राशि के गबन की पुष्टि होने के बाद डाक विभाग ने आवेदन सौंपा था। इसी आधार पर प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम हरियाणा भेजी गई है।
ये भी पढ़ें: भाजपा विधायक के बेटे ने पांच लोगों को रौंदा, MLA बोले- आरोपी पर एक्शन लें
नकद भुगतान कर हड़पी राशि
दरअसल, नौगांव थाना अंतर्गत प्रधान डाकघर में पदस्थ कर्मचारियों ने 35 लाख 68 हजार रुपये की धोखाधड़ी की थी। आरोपी डिप्टी पोस्ट मास्टर, पोस्ट मास्टर और डाक सहायक ने फिनेकल सॉफ्टवेयर की आईडी का दुरुपयोग करते हुए शासकीय योजनाओं की राशि का दोबारा नकद भुगतान कर राशि हड़प ली थी। इस मामले में पहले से ही प्रकरण दर्ज है। अब कुक्षी संभाग के गंधवानी में भी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

कमेंट
कमेंट X