Dhar News: प्रॉपर्टी व्यापारी ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में दो लोगों के नाम लिखा करोड़ों का लेन-देन
धार जिले के घाटाबिल्लौद में 51 वर्षीय प्रॉपर्टी कारोबारी मनोज मंडलोई ने कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में 7–8 करोड़ रुपये के लेन-देन और दो लोगों, जिनमें एक स्थानीय भाजपा नेता भी शामिल बताए गए हैं, का जिक्र है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ग्राम घाटाबिल्लौद के सांवरिया नगर में सोमवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां रहने वाले 51 वर्षीय प्रॉपर्टी कारोबारी मनोज मंडलोई (पिता ओमप्रकाश मंडलोई) ने सोमवार दोपहर मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के तुरंत बाद परिजन मनोज को गंभीर हालत में इलाज के लिए बेटमा के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को वापस घाटाबिल्लौद स्थित अपने घर ले आए। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर मामले की जांच शुरू की।
ये भी पढ़ें- Datia By Election: दतिया की सियासत में 'रावण' वाली टिप्पणी से भूचाल, दिग्विजय के बयान पर सीएम मोहन का पलटवार
सुसाइड नोट में करोड़ों के लेन-देन का जिक्र
पुलिस को मृतक के कपड़ों की तलाशी के दौरान उनकी जेब से एक पेज का सुसाइड नोट मिला है। यह नोट परिजनों की मौजूदगी में बरामद किया गया। सुसाइड नोट में मनोज ने दो लोगों के साथ करीब 7 से 8 करोड़ रुपये के लेन-देन का जिक्र किया है। सूत्रों के मुताबिक, नोट में जिन दो लोगों के नाम हैं, उनमें से एक स्थानीय भाजपा नेता है। यह भाजपा नेता पिछले कई साल से मनोज के जरिए ही प्रॉपर्टी का कारोबार कर रहे थे। नोट के अनुसार, कुछ लोग रुपये नहीं लौटा रहे थे और लगातार प्रताड़ित कर रहे थे, जिससे तंग आकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।
हैंडराइटिंग एक्सपर्ट करेंगे सुसाइड नोट की जांच
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से करवाया है, जिसकी रिपोर्ट आना अभी बाकी है। थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद हुए सुसाइड नोट को जांच के लिए हैंडराइटिंग एक्सपर्ट के पास भेजा जाएगा ताकि लिखावट की पुष्टि हो सके। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस जल्द ही मंडलोई परिवार के सदस्यों को बयान दर्ज कराने के लिए थाने बुलाएगी।

घटना के बाद परिवार के लोग घर के बाहर जमा हुए
