गुना में पति की हैवानियत: पत्नी को डीजल डालकर जिंदा जलाया, इलाज के दौरान मौत; नशे में आकर कर दिया कांड
गुना के घोसीपुरा में पति ने विवाद के दौरान पत्नी पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के दौरान भोपाल में महिला की मौत हो गई। पुलिस ने पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था, अब मृत्यु के बाद आरोपी पति पर हत्या की धारा बढ़ाई गई है।
विस्तार
गुना शहर के घोसीपुरा क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां आपसी विवाद ने एक महिला की जान ले ली। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा तनाव आखिरकार भयावह रूप में बदल गया, जिससे पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, घोसीपुरा निवासी पवन रजक (31) का विवाह दीपा रजक से हुआ था। पवन पहले रेलवे में निजी कार्य करता था, लेकिन करीब एक साल पहले उसने काम छोड़ दिया था। बताया जा रहा है कि उसका किसी अन्य महिला से संपर्क था, जिसे लेकर दंपती के बीच अक्सर विवाद होता रहता था और यही तनाव धीरे-धीरे बढ़ता गया।
घटना वाली रात शनिवार देर रात पवन कथित रूप से शराब के नशे में घर पहुंचा। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गई। स्थिति बिगड़ती देख दीपा ने अपने भाई को फोन कर मदद के लिए बुलाया और मारपीट की जानकारी दी। हालांकि, जब तक उसका भाई मौके पर पहुंचता, तब तक हालात गंभीर हो चुके थे। आरोप है कि गुस्से में पवन ने पत्नी पर डीजल डालकर आग लगा दी, जिससे दीपा गंभीर रूप से झुलस गई।
पढ़ें: नगर निगम ने पेश किया 8455 करोड़ का बजट, बिना नए टैक्स के विकास पर फोकस; जानें क्या मिला?
परिजन और स्थानीय लोग तुरंत उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे 80 प्रतिशत से अधिक झुलसा हुआ बताया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया, जहां दो दिनों तक उसका इलाज चला। लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका और अंततः उसने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
घटना के बाद पुलिस ने पहले महिला के बयान के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया था। साथ ही ससुर और देवर को भी आरोपी बनाया गया था। अब महिला की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा जोड़ दी गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी पति को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

कमेंट
कमेंट X