इंदौर: इंदौर के कारोबारी को काॅल कर मांगी दस करोड़ की फिरौती, खुद को गैंगस्टर गोदरा गिरोह का बताया
इंदौर में एक बार फिर बड़े कारोबारियों और उद्योगपतियों को फोन कॉल कर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। गैंगस्टर रोहित गोदारा गिरोह के नाम पर एक कारोबारी से 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है।
विस्तार
इंदौर में फिर बड़े कारोबारियों और उद्योगपतियों को कॉल कर रंगदारी के रूप में पैसे मांगे जा रहे हैं। आए दिन फोन कॉल आने से परेशान एक कारोबारी ने एक युवक के खिलाफ केस दर्ज कराया है। आरोपी ने फोन कॉल और वॉयस मैसेज के जरिए 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों की तकनीकी जांच भी कर रही है।
फोन करने वाले आरोपी की पहचान सागर सिंह शेखावत के रूप में की गई है। वह खुद को गैंगस्टर रोहित गोदारा गिरोह से जुड़ा बता रहा है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि आरोपी वाकई किसी गिरोह से जुड़ा है या फिर रंगदारी मांगने के लिए गिरोह के नाम का इस्तेमाल कर रहा है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेश दंडोतिया के मुताबिक, शिकायतकर्ता संजय कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से एक अज्ञात व्यक्ति उन्हें फोन कॉल और वॉयस मैसेज के जरिए लगातार निशाना बना रहा था।
फोन करने वाले ने खुद को गैंगस्टर रोहित गोदारा गिरोह से जुड़ा हुआ बताया। उसने कारोबारी को धमकी दी कि यदि उन्होंने 10 करोड़ रुपये नहीं दिए तो उनकी हत्या कर दी जाएगी।डीसीपी ने बताया कि कारोबारी की शिकायत के आधार पर क्राइम ब्रांच थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस फोन कॉल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी वास्तव में रोहित गोदारा गिरोह से जुड़ा है या केवल गिरोह का नाम इस्तेमाल कर कारोबारी से रंगदारी वसूलने की कोशिश कर रहा है।

