इंदौर: संत सुधासागर महाराज ने कहा- भारत धर्म निरपेक्ष, नहीं धर्म सापेक्ष देश है
इंदौर में संत सुधासागर महाराज के विहार के आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि संत समाज और मनुष्य निर्माण करते है और सदकर्मों की राह पर चलने के लिए कहते है। सत्ता के लिए भी संतो का सानिध्य जरुरी है।
विस्तार
इंदौर में संत सुधासागर महाराज विहार कर क्लर्क कॉलोनी स्थित जैन मंदिर पहुंचे। इस मौके पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए। कार्यक्रम में सुधासागर महाराज ने कहा कि भारत देश धर्मनिरपेक्ष नहीं, बल्कि धर्म सापेक्ष देश है। यहां रामराज के समय से सभी धर्मों और उनके अनुयायियों का सम्मान होता आया है। यह हमारे भारत का गर्व है। उन्होंने कहा कि जिसके घर गाय नहीं है और जो गोपालक नहीं है, वह कैसा भारतीय। गौपालन हमारे देश की पहचान है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसी भी संत के दर्शन हो जाएं तो यह हमारा सौभाग्य है। मैंने आचार्य विद्यासागर महाराज का भी आशीर्वाद लिया था। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में संत सुधासागर महाराज का चातुर्मास होना हमारा सौभाग्य है।
मुख्यमंत्री ने संत सुधासागर महाराज को दो साल बाद होने वाले सिंहस्थ मेले में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि सरकारें निर्माण कार्य करती हैं, लेकिन संत मनुष्यों का निर्माण करते हैं। वे सद्कर्मों पर चलने की शिक्षा देते हैं। पूरा जीवन धर्म के लिए समर्पित करना आसान नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में हमने मांस की दुकानों को सार्वजनिक रूप से नहीं लगाने का फैसला लिया था। हमारी सरकार ने दूध उत्पादन बढ़ाने का निर्णय लिया है। सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है।कार्यक्रम में विधायक रमेश मेंदोला, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा सहित अन्य नेता मौजूद थे। मुख्यमंत्री शहर के अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल होने पहुंचे।

