{"_id":"6b05c94c1cd663f6bc00affe","slug":"indore-the-journey-between-indore-and-ujjain-is-set-to-change-a-new-road-is-being-constructed-through-the-fi-2026-11-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"आस्था के पथ पर विकास की रफ्तार: बदलने वाला है इंदौर-उज्जैन का सफर, खेतों के बीच तैयार हो रही नई सड़क","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
आस्था के पथ पर विकास की रफ्तार: बदलने वाला है इंदौर-उज्जैन का सफर, खेतों के बीच तैयार हो रही नई सड़क
Wed, 25 Nov 2026 04:31 PM IST
Abhishek Chendke
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर
Published by: Abhishek Chendke
Updated Wed, 25 Nov 2026 04:31 PM IST
सार
इंदौर से उज्जैन के लिए एक नया ग्रीनफील्ड फोरलेन कॉरिडोर तैयार किया जा रहा है। करीब 3 हजार करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली 48 किलोमीटर लंबी इस सड़क का काम तेजी से चल रहा है। सिंहस्थ को देखते हुए इसे तय समय सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
विज्ञापन
इंदौर-उज्जैन ग्रीन काॅरिडोर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सिंहस्थ 2028 के लिए इंदौर से उज्जैन के लिए एक नया ग्रीनफील्ड फोरलेन कॉरिडोर तैयार किया जा रहा है। करीब 3000 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 48 किलोमीटर लंबी इस सड़क का काम तेजी से चल रहा है। सिंहस्थ को देखते हुए इसे तय समय सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यह सड़क हातोद, पालिया और चंद्रावतीगंज होते हुए उज्जैन के चिंतामन गणेश मंदिर तक पहुंचेगी।
विज्ञापन
इंदौर के देपालपुर रोड पर स्थित पितृ पर्वत के नीचे से गुजर रही इस सड़क पर इन दिनों दिनभर काम चल रहा है। कहीं खुदाई की जा रही है तो कहीं, जेसीबी से जमीन समतल की जा रही है। हातोद की सीमा से पहले खेतों के बीच इस तरह का नजारा है। लहलहाती फसलों के बीच मजदूर काम कर रहे हैं। इस फोरलेन सड़क का काम तेजी से चल रहा है। दो साल में सड़क बनकर तैयार होनी है। जमीनों के अधिग्रहण के कारण पहले ही काम में देरी हो चुकी है और अब एजेंसियों को उज्जैन में कुंभ मेले को देखते हुए सड़क हर हाल में बनाने का लक्ष्य दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
डेढ़ साल में बनाने का लक्ष्य
48 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड कॉरिडोर को डेढ़ साल में तैयार करना है। इसमें से चार महीने बीत चुके हैं। 917 किसानों की जमीन लेकर सरकार ने 816 करोड़ रुपये से ज्यादा का मुआवजा बांटा है। बिक्री दरों के आधार पर किसानों को चार गुना तक भुगतान दिया गया है। यह कॉरिडोर इंदौर के पितृ पर्वत क्षेत्र से शुरू होकर उज्जैन में चिंतामन गणेश मंदिर के पास सिंहस्थ बायपास तक पहुंचेगा।
28 गांवों के किसानों से ली जमीन
लगभग 48 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के लिए 28 गांवों के किसानों से जमीन ली गई है। सड़क निर्माण शुरू होने के कारण अब आसपास की जमीनों के भाव भी बढ़ गए हैं। इस सड़क से इंदौर जिले के 20 गांव और उज्जैन जिले के 28 गांव सीधे जुड़ेंगे, जबकि 50 से ज्यादा गांवों को भी कनेक्टिविटी मिलेगी।
धार रोड से आने वाले भी इधर से उज्जैन जा सकेंगे
हातोद में रहने वाले ग्रामीण किशन सिंह बताते हैं कि पहले हातोद से उज्जैन जाने का रास्ता टुकड़ों-टुकड़ों में था, लेकिन अब पूरी सड़क एक जैसी बन रही है। खेतों में सड़क का काम चल रहा है। इस सड़क के बनने से इंदौर के अलावा हातोद, देपालपुर और पीथमपुर के लोगों को भी फायदा होगा। धार से आने वाले लोग भी हातोद होकर उज्जैन जा सकेंगे। सिंहस्थ के दौरान देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह कॉरिडोर सुविधाजनक होगा। एयरपोर्ट से आने वाले यात्री इस मार्ग के जरिए सीधे उज्जैन पहुंच सकेंगे। इससे शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव कम करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही को बेहतर ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।
पुरानी सड़क छह लेन बन चुकी
इंदौर से उज्जैन के बीच पुरानी चार लेन सड़क को छह लेन किया जा चुका है। वहीं, इंदौर से देवास होते हुए उज्जैन तक फोरलेन मार्ग भी पहले से बना हुआ है। अब इस ग्रीनफील्ड कॉरिडोर के रूप में एक नई सड़क भी इंदौर से उज्जैन को जोड़ेगी।

