MP: सीतामऊ में आग के बाद बवाल, फायर ब्रिगेड खराब होने पर भड़के लोग, विधायक को घेरा और किया चक्काजाम
मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के सीतामऊ कस्बे में किराना दुकान में लगी आग ने बड़ा रूप ले लिया, जिसमें सात दुकानें जलकर खाक हो गईं। स्थानीय फायर ब्रिगेड खराब होने के कारण समय पर आग पर काबू नहीं पाया जा सका, जिसके बाद व्यापारियों और लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के सीतामऊ कस्बे में रविवार रात लगी आग ने सोमवार तक बड़ा बवाल खड़ा कर दिया। एक किराना दुकान में लगी आग देखते ही देखते फैल गई और सात दुकानें जलकर खाक हो गईं। सबसे बड़ी बात यह रही कि नगर परिषद की फायर ब्रिगेड खराब पड़ी रही और समय पर आग बुझाने का काम नहीं हो सका। घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों का कहना है कि अगर फायर ब्रिगेड समय पर काम करती तो इतना बड़ा नुकसान नहीं होता।
दूसरे शहरों से बुलाई गई दमकल गाड़ियां
स्थानीय लोगों के अनुसार सीतामऊ की फायर ब्रिगेड नगर परिषद के गैराज में खराब हालत में खड़ी थी। आग लगने के बाद सुवासरा, नगरी और मंदसौर से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं, लेकिन उन्हें पहुंचने में एक घंटे से ज्यादा समय लग गया। तब तक सात दुकानें जल चुकी थीं और व्यापारियों को भारी नुकसान हो चुका था।
सुबह होते ही सीतामऊ बंद, लदूना चौराहे पर चक्काजाम
घटना से नाराज व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने सोमवार सुबह पूरा सीतामऊ बंद कर दिया। आक्रोशित लोगों ने लदूना चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क के बीच सीमेंट का बड़ा टैंकर खड़ा कर रास्ता रोक दिया, जिससे लंबा जाम लग गया। हालांकि एम्बुलेंस को निकलने का रास्ता दिया गया।
नगर परिषद कार्यालय का घेराव, कर्मचारियों को भेंट की चूड़ियां
दोपहर तक गुस्साई भीड़ नगर परिषद कार्यालय पहुंच गई। लोगों ने कार्यालय का घेराव किया और कर्मचारियों को चूड़ियां भेंट कर अपना विरोध जताया। लोगों का आरोप था कि नगर परिषद की लापरवाही के कारण व्यापारियों का लाखों रुपये का नुकसान हुआ।
विधायक हरदीप सिंह डंग को लोगों ने घेरा
घटना के बाद क्षेत्रीय विधायक हरदीप सिंह डंग आगजनी स्थल पर पहुंचे, लेकिन उन्हें लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। आक्रोशित व्यापारियों ने कहा कि फायर ब्रिगेड की समस्या का समाधान नहीं किया गया और अब केवल सांत्वना देने पहुंच गए हैं। विरोध बढ़ने पर विधायक को वहां से लौटना पड़ा। इसके बाद भीड़ ने मांग की कि विधायक को दोबारा बुलाया जाए और लोगों से आमने-सामने बात की जाए।
कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने की कोशिश
मामले को लेकर राजनीति भी गरमा गई। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल हो गए। लदूना चौराहे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पुतला फूंकने की कोशिश की गई। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प और धक्का-मुक्की हुई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने दमकल की गाड़ियों से पानी की बौछार कर आग बुझाई।
प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची
हंगामे की सूचना मिलने के बाद सीतामऊ एसडीएम शिवानी गर्ग भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और हालात को शांत कराने की कोशिश की। प्रशासन की ओर से लोगों को लिखित और मौखिक आश्वासन भी दिए गए।
फायर ब्रिगेड व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद सीतामऊ में नगर परिषद की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक लापरवाही के कारण व्यापारियों को भारी नुकसान झेलना पड़ा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

कमेंट
कमेंट X