एमपीः पूर्व मंत्री के भतीजे ने टोल पर मचाया बवाल, लूटे 1.5 लाख
मध्यप्रदेश में कांग्रेस के बड़े नेता और पूर्व मंत्री एएस कन्साना के भतीजे ने अपने दर्जनभर साथियों के साथ मिलकर टोल प्लाजा पर जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान टोल पर रखी डेढ़ लाख रुपये की नकदी भी लूट ली। मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
वाक्या चोंडा नदी किनारे स्थित ग्वालियर मुरैना हाइवे पर बने टोल प्लाजा का है। पुलिस के अनुसार यहां बुधवार रात अपने दस से ज्यादा साथियों के साथ पहुंचे केपी अन्साना ने टोल प्लाजा पर जमकर तोड़फोड़ की।
पुलिस ने टोल प्लाजा के स्टाफ के हवाले से बताया कि बुधवार रात यहां से रेत भरा ट्रक निकले पर कर्मचारियों ने उससे टैक्स की मांग की। इस पर ट्रक ड्राइवर ने टोल टैक्स देने से मना कर दिया। कर्मचारियों ने बताया कि इस ट्रक के अलावा पूर्व मंत्री कन्साना के परिवार के रेत से लदे तीन ट्रक और लाइन में खड़े थे।
रेत से भरे ट्रकों से टोल टैक्स मांगने पर किया बवाल
टैक्स को लेकर दोनों पक्षों में नोकझोंक चलती रही, इसी बीच एक ड्राइवर ने मंत्री के भतीजे केपी कन्साना को फोन कर दिया। कर्मचारियों के अनुसार दस मिनट में ही केपी कन्साना अपने दस साथियों को साथ लेकर टोल पर पहुंचा और कर्मचारियों से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान वहां तोड़फोड़ भी की गई।
लाठी डंडे से लैस हमलावरों ने टोल कर्मचारियों को भी जमकर पीटा और कई राउंड फायरिंग भी की। आरोप है कि इस दौरान टोल पर रखा 1.50 लाख रुपये का कैश भी लूट लिया गया। मुरैना के एसपी विनीत खन्ना ने बताया कि सारी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
मामले में आरोपियों के खिलाफ जान से मारने और डकैती की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कमेंट
कमेंट X