Neemuch: उज्जैन जोन के सात जिलों में जब्त 8600 करोड़ की 78 टन ड्रग्स को किया नष्ट, पुलिस अफसरों ने की निगरानी
नीमच की विक्रम सीमेंट फैक्ट्री में उज्जैन संभाग के 7 जिलों से जब्त 8600 करोड़ की 78 टन ड्रग्स नष्ट की गई। डोडाचूरा, अफीम, गांजा सहित 10 प्रकार के मादक पदार्थ सीमेंट प्लांट के बॉयलर में जलाए गए। यह कार्रवाई ड्रग्स डिस्पोजल पखवाड़े के तहत पुलिस और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की देखरेख में हुई।
विस्तार
उज्जैन संभाग के 7 जिलों के विभिन्न थानों में जब्त 78 टन मादक पदार्थों को नीमच की विक्रम सीमेंट फैक्ट्री में नष्ट किया गया। गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार ड्रग्स डिस्पोजल पखवाड़े के तहत यह कार्रवाई की गई। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में डोडाचूरा, अफीम, स्मैक, ब्राउन शुगर, एमडीएम, गांजा, और चरस सहित 10 प्रकार के ड्रग्स शामिल थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 8600 करोड़ रुपए है।
नष्टिकरण की यह प्रक्रिया नीमच जिले के जावद थाना क्षेत्र स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के बॉयलर में की गई। नष्ट की गई सामग्री उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, देवास, शाजापुर और आगर मालवा जिलों के 456 मामलों में जब्त की गई थी।
इस कार्रवाई के दौरान उज्जैन जोन के आईजी उमेश कुमार योगा, रतलाम रेंज के डीआईजी मनोज कुमार सिंह, चार जिलों के एसपी, डीएसपी और 200 से अधिक पुलिसकर्मी मौजूद रहे। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी भी प्रक्रिया की निगरानी के लिए उपस्थित थे।
नीमच और मंदसौर क्षेत्र अफीम की खेती के लिए जाना जाता है और यहां अक्सर मादक पदार्थ तस्करी के मामले सामने आते हैं। पुलिस द्वारा समय-समय पर अवैध ड्रग्स जब्त कर नष्ट करने की कार्रवाई की जाती है।

कमेंट
कमेंट X