Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Raisen News ›   Raisen: Giant Prehistoric Elephant Jaw Fossil Found in Narmada Valley, Age Estimated at Up to 5 Lakh Years Old

रायसेन: नर्मदा किनारे मिला दुनिया के सबसे बड़े हाथी का जबड़ा, पांच लाख साल पुराने जीवाश्म से खुले कई राज

Mon, 16 Nov 2026 11:48 AM IST
रायसेन ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रायसेन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रायसेन Published by: रायसेन ब्यूरो Updated Mon, 16 Nov 2026 11:48 AM IST
सार

पतई नर्मदा घाट पर विशालकाय प्रागैतिहासिक हाथी के जबड़े और अन्य हड्डियों के जीवाश्म मिले हैं। वैज्ञानिकों ने प्रारंभिक जांच में इनके 4 से 5 लाख वर्ष पुराने होने और विलुप्त पैलियोलॉक्सोडॉन प्रजाति से जुड़े होने की संभावना जताई है।

विज्ञापन
Raisen: Giant Prehistoric Elephant Jaw Fossil Found in Narmada Valley, Age Estimated at Up to 5 Lakh Years Old
4 से 5 लाख साल पुराना हाथी का जीवाश्म - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

नर्मदा घाटी में प्रागैतिहासिक काल के जीवों से जुड़े रहस्यों की नई कड़ी सामने आई है। रायसेन जिले के पतई स्थित नर्मदा घाट पर विशालकाय हाथी के निचले जबड़े और पसली की हड्डियों के जीवाश्म मिले हैं। प्रारंभिक वैज्ञानिक विश्लेषण के अनुसार ये जीवाश्म लगभग 4 से 5 लाख वर्ष पुराने हो सकते हैं। इनका संबंध दुनिया के सबसे विशाल हाथियों में शामिल Palaeoloxodon namadicus प्रजाति से होने की संभावना जताई जा रही है।
विज्ञापन


वैज्ञानिकों के अनुसार यह प्रागैतिहासिक हाथी करीब 4 से 5 मीटर ऊंचा और लगभग 18 से 22 टन वजनी रहा होगा। इसकी लंबाई करीब 16 से 18 फीट तक होने का अनुमान है। पतई क्षेत्र में पीली मिट्टी की परत में मिले जीवाश्मों में निचले जबड़े के साथ पसली की हड्डी का एक हिस्सा भी शामिल है। हाथी के शरीर के अन्य अवशेष भी मिट्टी में दबे होने की संभावना जताई जा रही है।
विज्ञापन


इस खोज से नर्मदा घाटी में प्रागैतिहासिक जीवों की मौजूदगी से जुड़े शोध को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। इससे पहले इसी क्षेत्र में एक किलोमीटर दूर वैज्ञानिकों ने उड़ने वाले प्राचीन जीव के जीवाश्म भी खोजे थे। भारत और श्रीलंका में पाए जाने वाले विशालकाय हाथियों के जीवाश्मों को लेकर भी इस क्षेत्र में पहले से अध्ययन होता रहा है। नर्मदा घाटी के हथनोरा में प्राचीन मानव का कपाल और नरसिंहपुर जिले के सूरजकुंड में लाखों वर्ष पुराने हाथी का दांत भी मिल चुका है।
विज्ञापन
विज्ञापन


पांच वैज्ञानिकों की टीम ने किया प्रारंभिक विश्लेषण
वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. हितकिशोर गोस्वामी, डॉ. रवि उपाध्याय, डॉ. कुंवर वजाहत शाह, डॉ. सचिन कुमार और डॉ. मुकेश द्विवेदी की टीम ने पतई स्थित नर्मदा घाटी में मिले जीवाश्मों का प्रारंभिक विश्लेषण किया। इस दौरान जीवाश्म मिलने वाली भूगर्भीय मिट्टी की परतों और उनकी संरचना का अध्ययन किया गया। वैज्ञानिकों के अनुसार जीवाश्म जिस भूगर्भीय स्तर से प्राप्त हुए हैं, वह मध्य प्लाइस्टोसीन काल की बनैटा फॉर्मेशन की पीली मिट्टी और सोहागपुर फॉर्मेशन की महीन सिल्ट की परत से संबंधित है। इन भूगर्भीय परतों का समयकाल लगभग 24 हजार से 5 लाख वर्ष पूर्व तक माना जाता है। प्रारंभिक आकलन में वर्तमान जीवाश्म मध्य प्लाइस्टोसीन काल का प्रतीत हो रहा है। हालांकि इसकी वास्तविक उम्र का निर्धारण विस्तृत वैज्ञानिक अध्ययन के बाद ही हो सकेगा।

दांतों की बनावट से पैलियोलॉक्सोडॉन होने की संभावना
वैज्ञानिकों के अनुसार नर्मदा घाटी में हाथी जैसे प्रागैतिहासिक जीवों की दो प्रमुख प्रजातियों के जीवाश्म मिलते रहे हैं। इनमें पहली प्रजाति Stegodon की है, जो हाथी जैसा दिखने वाला जीव था। यह करीब 3 मीटर ऊंचा होता था और इसके दांत मुड़े हुए होते थे। इसके जीवाश्म सामान्यतः अपेक्षाकृत पुरानी भूगर्भीय परतों में मिलते हैं।

ये भी पढ़ें: सागर: आबकारी विभाग का अनोखा आदेश- बीमार और बुजुर्ग को नहीं बेची जाएगी शराब, रोज पीने वालों की सूची तलब

दूसरी प्रजाति Palaeoloxodon की थी। यह सीधे दांतों वाला विशालकाय हाथी था, जिसकी ऊंचाई लगभग 4 से 5 मीटर और वजन 18 से 22 टन तक होने का अनुमान है। यह प्रजाति लगभग 24 हजार से 5 लाख वर्ष पूर्व तक मौजूद थी। इसके जीवाश्म सामान्यतः बनैटा और सोहागपुर फॉर्मेशन जैसी ऊपरी तथा मध्य भूगर्भीय परतों में मिलते हैं। वर्तमान में मिले जीवाश्म की भूगर्भीय स्थिति और दांतों की बनावट Palaeoloxodon प्रजाति से अधिक मेल खाती है। जीवाश्म में मिले जबड़े की लंबाई लगभग 75 सेंटीमीटर और चौड़ाई 25 सेंटीमीटर है। इसकी दाढ़ों में समानांतर रूप से 7 से 9 पंक्तियां दिखाई देती हैं। दांत ऊंचे और उभरे हुए हैं तथा उन पर स्पष्ट धारियां मौजूद हैं। जबड़े का निचला हिस्सा भी चौड़ा है।

इसके विपरीत Stegodon के जबड़े में ठुड्डी का आकार अंग्रेजी के अक्षर V जैसा होता था। इसकी दाढ़ें अपेक्षाकृत चौड़ी, छोटी और भारी होती थीं तथा तालु ऊंचा होता था। पतई में मिले जीवाश्म में इस तरह की संरचना नहीं दिखाई देने के कारण वैज्ञानिकों ने इसके Stegodon होने की संभावना कम जताई है। वैज्ञानिकों का कहना है कि जीवाश्म की भूगर्भीय परत, दांतों की संरचना और जबड़े की बनावट के आधार पर इसके Palaeoloxodon प्रजाति से संबंधित होने की संभावना अधिक है। हालांकि इसकी प्रजाति और वास्तविक समयकाल की अंतिम पुष्टि विस्तृत शोध और वैज्ञानिक परीक्षण के बाद ही हो सकेगी।


जीवाश्मों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है नर्मदा घाटी
वैज्ञानिकों के अनुसार पतई और आसपास का पूरा क्षेत्र जीवाश्मों की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्ष 2010 में भी इस क्षेत्र से कई जीवाश्म मिले थे, जिनमें डायनासोर से संबंधित जीवाश्म भी शामिल थे। अब विशालकाय हाथी के जबड़े और अन्य हड्डियों के अवशेष मिलने से इस क्षेत्र में विस्तृत शोध की आवश्यकता और बढ़ गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यहां अभी और भी महत्वपूर्ण जीवाश्म मिलने की संभावना है। इसलिए इस क्षेत्र को जीवाश्म संरक्षित क्षेत्र घोषित करने की जरूरत है, ताकि प्राकृतिक और वैज्ञानिक विरासत को सुरक्षित रखा जा सके।

इस संबंध में आईआईटी गांधीनगर में आयोजित बैठक में भी चर्चा की गई थी। जानकारी के अनुसार, जीवाश्म संरक्षण क्षेत्र बनाए जाने का प्रस्ताव पिछले वर्ष यूनेस्को को भी भेजा गया था। अब पतई में मिली नई खोज ने एक बार फिर नर्मदा घाटी के भूगर्भीय और पुरातात्विक महत्व को सामने ला दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed