{"_id":"6a00b7c0559c7332d10f1a1c","slug":"sehore-news-youth-vanishes-in-narmada-while-bathing-with-friends-massive-rescue-operation-continues-sehore-news-c-1-1-noi1381-4265728-2026-05-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"नर्मदा में मौत का भंवर: दोस्तों के सामने गहरे पानी में समाया 18 साल का कैलाश, घाट पर मची चीख-पुकार; तलाश जारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नर्मदा में मौत का भंवर: दोस्तों के सामने गहरे पानी में समाया 18 साल का कैलाश, घाट पर मची चीख-पुकार; तलाश जारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर
Published by: सीहोर ब्यूरो
Updated Mon, 11 May 2026 08:27 AM IST
विज्ञापन
सार
सीहोर के बुधनी स्थित बेरखेड़ी घाट पर नर्मदा नदी में नहाने गए 6 दोस्तों में से एक युवक गहरे पानी में डूब गया। दोस्तों ने एक युवक को बचा लिया, लेकिन दूसरा तेज बहाव में लापता हो गया। देर शाम तक रेस्क्यू चलाया, मगर युवक का सुराग नहीं मिला।
सर्च अभियान
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
विस्तार
सीहोर जिले के बुधनी स्थित बेरखेड़ी घाट पर रविवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब नर्मदा नदी में नहाने उतरे दोस्तों के बीच अचानक मौत जैसा मंजर खड़ा हो गया। मंडीदीप के खनपुरा इलाके से घूमने और स्नान करने आए छह दोस्तों में से दो युवक अचानक गहरे पानी में चले गए। नदी की तेज धार और खतरनाक गहराई ने एक युवक को अपनी गिरफ्त में ले लिया, जबकि दूसरे को साथियों ने किसी तरह मौत के मुंह से बाहर खींच लिया।
Trending Videos
घटना के बाद घाट पर अफरातफरी मच गई। दोस्तों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़ पड़े, लेकिन तब तक एक युवक नदी की गहराई में समा चुका था। जानकारी के अनुसार, मंडीदीप के खनपुरा क्षेत्र निवासी 18 वर्षीय कैलाश अपने पांच दोस्तों के साथ रविवार दोपहर करीब 3 बजे बेरखेड़ी घाट पहुंचा था। सभी दोस्त नर्मदा में नहा रहे थे। इसी दौरान कैलाश और उसका साथी संदीप गहरे पानी की तरफ बढ़ गए। अचानक दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे डूबने लगे। मौके पर मौजूद दोस्तों ने हिम्मत दिखाते हुए संदीप को किसी तरह पकड़कर बाहर निकाल लिया, लेकिन कैलाश तेज बहाव में फंस गया। देखते ही देखते वह आंखों से ओझल हो गया। घाट पर मौजूद लोगों ने नदी में छलांग लगाकर तलाश करने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई और बहाव इतना तेज था कि कोई सफलता नहीं मिली।
विज्ञापन
विज्ञापन
घटना की खबर मिलते ही हरकत में आया प्रशासन
युवक के डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला तत्काल मौके पर पहुंच गया। थाना प्रभारी संदीप जाट, तहसीलदार ललित सोनी और एसडीओपी रवि शर्मा पुलिस बल के साथ घाट पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। गोताखोरों की टीम को नदी में उतारा गया और नावों की मदद से कई किलोमीटर तक सर्चिंग की गई। घाट के आसपास बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। युवक के दोस्तों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
पढ़ें: आधी रात को जल उठा सीतामऊ: धू-धू कर जला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, हथौड़ों से तोड़े गए शटर; मची भगदड़ और चीख-पुकार
घंटों चला रेस्क्यू, लेकिन नहीं मिला कोई सुराग
पुलिस और गोताखोरों ने देर शाम तक नदी में लगातार तलाश अभियान चलाया। कई बार गोताखोर गहरे पानी में उतरे, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका। अंधेरा बढ़ने और नदी में खतरा बढ़ने के कारण आखिरकार प्रशासन को रेस्क्यू ऑपरेशन अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सोमवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। प्रशासन को आशंका है कि युवक तेज बहाव में बहकर दूर निकल गया हो सकता है।
एसडीओपी बोले- गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि युवक अपने दोस्तों के साथ नर्मदा स्नान करने आया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। देर शाम तक गोताखोरों और पुलिस टीम ने लगातार तलाश की, लेकिन युवक का पता नहीं चल पाया। वहीं थाना प्रभारी संदीप जाट ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और तत्काल रेस्क्यू शुरू किया गया। नदी में लगातार सर्चिंग कराई गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह फिर से अभियान चलाया जाएगा।
हर साल बन रहा मौत का घाट, फिर भी नहीं सबक
बेरखेड़ी घाट और नर्मदा के कई हिस्सों में हर साल डूबने के हादसे सामने आते हैं। इसके बावजूद लोग बिना सुरक्षा इंतजाम और चेतावनी के गहरे पानी में उतर जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाट पर कई जगह अचानक गहराई बढ़ जाती है, जिससे अनजान लोग हादसे का शिकार हो जाते हैं। रविवार को हुआ यह हादसा एक बार फिर बता गया कि नर्मदा की शांत दिखने वाली लहरों के भीतर कितना बड़ा खतरा छिपा है। अब पूरा प्रशासन सोमवार सुबह होने वाले रेस्क्यू पर टिका है, जहां सभी को लापता युवक के मिलने का इंतजार है।

कमेंट
कमेंट X