Shahdol News: ट्रैक्टर ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौत; मुआवजे की मांग पर सड़क पर उतरे परिजन
शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के पाथेरा मोड़ पर अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार 35 वर्षीय शंकर प्रताप साहू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह अवैध रेत के परिवहन के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पाथेरा मोड़ के पास रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। परिजनों ने मुआवजे और वाहन मालिक को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 35 वर्षीय शंकर प्रताप साहू पुत्र मोहन साहू के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ट्रैक्टर-ट्रॉली में धौनहा नदी से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर उसका परिवहन किया जा रहा था। इसी दौरान पाथेरा मोड़ के पास सामने से आ रहे बाइक सवार शंकर प्रताप साहू को ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खेत में पलट गई। कुछ ही देर में मौके पर सैकड़ों ग्रामीण एकत्र हो गए। मृतक के परिजनों ने उचित मुआवजा देने और वाहन मालिक को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों के विरोध के चलते पुलिस काफी देर तक शव को अपने कब्जे में नहीं ले सकी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, ताकि स्थिति सामान्य हो सके।
इधर, स्थानीय स्तर पर क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन जारी रहने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। कुछ लोगों ने गोहपारू थाने में पदस्थ एक आरक्षक पर खनन माफिया से सांठगांठ होने का आरोप लगाया है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई बयान सामने नहीं आया है।
थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है। परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
