श्योपुर में दर्दनाक हादसा: भात देने जा रहे लोगों से भरी ट्रॉली पलटी, चार महिलाओं की मौत; 26 लोग बुरी तरह घायल
श्योपुर जिले के विजयपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार महिलाओं की मौत हो गई और 26 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी लोग भात कार्यक्रम में जा रहे थे, कई घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया।
विस्तार
मध्य प्रदेश के श्योपुर के विजयपुर थाना क्षेत्र में एक भीषण हादसा हो गया। क्षेत्र के गैस गोदाम के पास गुरुवार रात हाईवे पर लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार महिलाओं की मौके पर मौत हो गई, जबकि 26 से अधिक लोग घायल हो गए। जिनमें से कई लोगों की हालात नाजुक बनी हुई है। घायलों को उपचार के लिए विजयपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया जहां गंभीर हालात में कई लोगों को ग्वालियर रेफर किया गया है।
पढ़ें: 'मुल्ला बाबा' का मायाजाल टूटा, सोना तिगुना करने लालच देकर 10 लाख ठगे, मास्टरमाइंड गिरफ्तार
भात देने के लिए जा रहे थे लोग
ट्रैक्टर-ट्रॉली में ज्यादा लोग सवार थे, जिसमें महिला पुरुष और बच्चे भी शामिल थे। ये सभी लोग श्योपुर जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र के घूघस गांव के बताए जा रहे हैं। ये सभी लोग गांव से विजयपुर के पार्वती बड़ौदा गांव में भात देने के लिए जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार के कारण ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया। सूचना मिलने के बाद विजयपुर थाना प्रभारी राजन सिंह गुर्जर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल भी शुरू कर दी है।
ये हैं मृतकों के नाम
मृतकों की पहचान घूघस निवासी सरोज पत्नी मगध गुर्जर, सुनैना पत्नी कल्ला गुर्जर, सीमा पत्नी कल्लू गुर्जर और गीता पत्नी घनश्याम गुर्जर के रूप में हुई है। दर्दनाक बात यह है कि सभी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। गांव समेत पूरे जिले में शोक की लहर है।
यहां पढ़ें घायलों के नाम
रामा गुर्जर, पूजा गुर्जर (17), हेमा सिंह गुर्जर, अनीता सिंह गुर्जर (42), माधवी गुर्जर (26), पूनम गुर्जर, गुड्डी गुर्जर (25), निवेश गुर्जर, अनीता गुर्जर, गिरिजा राव, कमलेश सिंह गुर्जर, तारा राव, सोनम राव (19), देवराज राव, ऊषा राव (32), शिवम राव, पूर्ति राव (13), गोलू गुर्जर, पृथ्वी राव (45), महादेवी गुर्जर (32), कृष्णा गुर्जर, सुनीता गुर्जर, कान्ता राव (34), शिवानी राव (8), आकाश गुर्जर, उर्मिला राव (34) समेत अन्य लोग भी घायल हैं। जिनके नाम सामने आ रहे हैं।
प्राथमिक जांच में ये जानकारी आई सामने
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल विजयपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राथमिक जांच में हादसे का कारण ट्रॉली में अत्यधिक सवारियां होना और वाहन का असंतुलित होना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चालक से पूछताछ की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे मालवाहक वाहनों में सवारी करने से बचें, क्योंकि इससे इस तरह के हादसों की आशंका बनी रहती है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी के खतरनाक परिणामों को उजागर करता है।

कमेंट
कमेंट X