Maharashtra Update:सायन अस्पताल के फॉरेंसिक मेडिसिन प्रमुख गिरफ्तार, ताडोबा सर्वेक्षण में देखे गए 55 बाघ
मुंबई पुलिस ने शनिवार को लोकमान्य तिलक म्यूनिसिपल जनरल हॉस्पिटल (सायन अस्पताल) के एक वरिष्ठ डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया। फॉरेंसिक मेडिसिन और टॉक्सिकोलॉजी विभाग के प्रोफेसर और प्रमुख राजेश सी डेरे ने शुक्रवार रात अस्पताल परिसर में एक 60 वर्षीय महिला रुबेदा शेख को अपनी तेज रफ्तार कार से टक्कर मार दी थी। इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वरिष्ठ डॉक्टर पर आईपीसी की धारा 304-ए (लापरवाही से मौत) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच जारी है।
5000 जानवरों में देखे गए 55 बाघ
पूर्वी महाराष्ट्र के ताडोबा अंधारी टाइगर रिजर्व (टीएटीआर) में 'निसर्गानुभव-2024' वॉटरहोल पशु सर्वेक्षण का आयोजन किया गया। अधिकारियों के मुताबिक इस दौरान 55 बाघों सहित कुल 5,069 जंगली जानवर देखे गए। कोर और बफर जोन में 55 बाघ, 17 तेंदुए, 86 जंगली कुत्ते, 65 स्लॉथ भालू, 1,458 चित्तीदार हिरण, 488 सांभर और 559 भारतीय गौर दर्ज किए गए। बफर क्षेत्रों में कम से कम 26 बाघ और आठ तेंदुए देखे गए, जबकि मुख्य क्षेत्रों में 29 बाघ और नौ तेंदुए देखे गए।
सांस्कृतिक नीति की समीक्षा समिति ने महाराष्ट्र सरकार को रिपोर्ट सौंपी
महाराष्ट्र सरकार की सांस्कृतिक नीति की समीक्षा के लिए गठित समिति ने शनिवार को अपनी अंतिम रिपोर्ट संस्कृति मंत्री सुधीर मुनगंटीवार को सौंपी। मंत्री ने कहा, इसकी सिफारिशों को नई नीति में शामिल किया जाएगा। भाजपा नेता विनय सहस्रबुद्धे को समिति का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
पुणे के कल्याणी नगर इलाके में छह दिन पहले नशे में धुत बिल्डर के 17 वर्षीय लड़के ने बाइक में टक्कर मार दी थी। हादसे में दो आईटी इंजीनियरों की मौत हो गई थी। दोनों की पहचान मध्यप्रदेश के अनीश अवधिया और अश्विनी कोष्टा के रूप में हुई थी। दोनों मृतकों को श्रद्धांजलि देने के लिए नागरिकों ने शनिवार को यहां आयोजित एक कैंडल मार्च में भाग लिया। उन्होंने आवासीय क्षेत्रों में देर रात होने वाली अवैध गति विधियों पर रोक लगाने की मांग की।