अभिनय को लेकर चर्चा में रहने वाले अनुपम खेर अब बयानों को लेकर चर्चा में रहने लगे। 2 दिन पहले अच्छे दिन को लेकर मोदी सरकार को कटघरे में खड़े करने वाले अनुपम खेर ने ऋषि कपूर के उस बयान का समर्थन किया है जिसमें उसने गांधी परिवार पर हमला बोला है। चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कांफ्रेस में वो कांग्रेस और गांधी परिवार पर जमकर बरसे। दरअसल बॉलीवुड एक्टर ऋषि कपूर के गांधी परिवार या उनके सदस्यों के नाम पर तमाम सरकारी स्थानों और संपत्तियों के नामकरण को लेकर किए गए ट्वीट के बाद देशभर में चर्चा शुरू हो गई है।
मोदी सरकार के बाद गांधी परिवार आया अनुपम खेर के निशाने पर
इस बीच अनुपम खेर ने भी ऋषि कपूर का समर्थन करते हुए सवाल उठाया है कि, देश के स्मारक, सड़कें, पार्क, ऐतिहासिक बिल्डिंगों, म्यूजियम आदि गांधी परिवार या उनके सदस्यों के नाम पर क्यों हैं? लता मंगेशकर, मेजर ध्यानचंद, जेडी टाटा, सुनील गावस्कर जैसे लोगों ने अपने-अपने क्षेत्र में देश के लिए बहुत अहम योगदान दिया है, लेकिन उन्हें क्यों भुला दिया गया। उनके नाम पर किसी जगह का नाम क्यों नहीं है? कांग्रेस में भी केवल गांधी परिवार ही सब कुछ है। लाल बहादुर शास्त्री, नरसिम्हा राव और मनमोहन सिंह के नाम पर क्यों किसी स्मारक, जगह या सड़क का नाम नहीं है।
कांग्रेस में क्या केवल गांधी परिवार ही सब कुछ है? कभी राजनीतिक टिप्पणियों तो कभी हिंदुत्व को लेकर बेबाक बयान देने वाले बॉलीवुड कलाकार अनुपम खेर बुधवार को शहर में थे। सेक्टर-10 स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने कांग्रेस और गांधी परिवार पर खुलकर हल्ला बोला। उन्होंने कहा कि यह सच है कि देश में आजादी के बाद से अधिकतर चीजों के नाम गांधी और उनके परिवार के नाम पर ही हैं। देश के लिए बहुत से लोगों ने अतुल्य योगदान दिया है। उनके योगदान को भुलाया नहीं जाना चाहिए।
सोशल मीडिया को लेकर काफी एक्टिव रहने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह मेरी जिंदगी का हिस्सा बन गया है। आज सोशल मीडिया बहुत बड़ा जरिया बन गया है अपनी बात को देशभर के लोगों तक पहुंचाने के लिए। किसी मुद्दे को उठाने का और सबसे बड़ी बात फ्रीडम ऑफ स्पीच का। इसके जरिए किसी पर भी भड़ास निकाल सकते हैं। यहां तक की प्रधानमंत्री तक पर भी। आज की जनरेशन के लिए यह बहुत बड़ा हथियार है। उन्होंने बताया कि उन्हें ट्वीटर का इस्तेमाल करते हुए 7 साल हो गए हैं और इस दौरान उन्होंने केवल 2 लोगों को ब्लॉक किया है।