15 साल की अनमोल बेरी को एक दिन का डीसी बनाया गया। यह उनकी ख्वाहिश थी और पूरी भी हुई। अनमोल लोकोमोटर नाम की दुर्लभ बीमारी से पीड़ित हैं। लेकिन इनके हौंसले की बुलंदियां आसमान पर हैं। अनमोल पढ़ने में बेहद होनहार हैं। इनकी उपलब्धियों को जानकर आप भी तारीफ करने से आपने आपको नहीं रोक सकते हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में...
Pics: दुर्लभ बीमारी से पीड़ित 11 वीं की छात्रा बनीं एक दिन की डीसी, जज्बा ऐसा की आप भी करेंगे सलाम
15 साल की अनमोल बेरी की डीसी बनने की ख्वाहिश शुक्रवार को फिरोजपुर के डीसी चंद्र गैंद ने पूरी कर दी। डीसी गैंद ने इस स्पेशल चाइल्ड को एक दिन का डीसी बनाया। वे खुद अनमोल को लेने के लिए बैंक कालोनी स्थित उनके घर पहुंचे और सरकारी गाड़ी में बैठाकर प्रशासकीय कांप्लेक्स लाए। यहां अनमोल के स्वागत के लिए रेड कारपेट बिछाया गया था। जहां समस्त प्रशासकीय और पुलिस अधिकारियों ने गुलदस्ता देकर अनमोल का स्वागत किया। अनमोल को फिरोजपुर जिले के लिए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान का ब्रांड अंबेसडर भी नियुक्त करने की घोषणा की गई है। अनमोल एक दुर्लभ बीमारी से पीड़ित हैं। जिसकी वजह से शरीर का विकास रुक गया है। उनकी हाइट मात्र 2 फुट 8 इंच है लेकिन पढ़ाई-लिखाई के मामले में उनका कोई मुकाबला नहीं।
दसवीं में वह 85.6 फीसदी अंकों के साथ टॉपर रही है। नौवी कक्षा में 95.03 फीसदी अंक थे और अब वह 11वीं कक्षा में आरएसडी राज रत्न पब्लिक स्कूल में पढ़ाई कर रही हैं। कुछ दिन पहले जब डीसी इस स्कूल में नशे के खिलाफ लेक्चर देने गए थे तो वहां अनमोल से उनकी मुलाकात हुई। पूछने पर कॉलेज प्रिंसिपल ने उनकी दुर्लभ बीमारी के बारे में बताया और कहा कि अब तक चार सर्जरी हो चुकी हैं। डीसी ने अनमोल से बातचीत में पूछा कि वह बड़े होकर क्या बनना चाहती है तो उन्होंने कहा कि वह डीसी बनना चाहती है। डीसी ने कहा कि वह उन्हें अपने सपने के और करीब ले जाने में मदद कर सकते हैं, जिसके तहत वह उसे एक दिन के लिए डीसी बनाएंगे। शुक्रवार को डीसी चंद्र गैंद ने अपना वादा पूरा किया।
डीसी ऑफिस में अनमोल डीसी की कुर्सी के साथ वाली कुर्सी पर बैठी और प्रशासकीय कामकाज को बेहद करीब से देखा। इस बीच अनमोल ने कई फोन कॉल्स भी अटेंड किए, जो खास तौर पर विभिन्न अधिकारियों की तरफ से उन्हें बधाई देने के लिए आए थे। शहर को लेकर अनमोल ने पांच सुझाव दिए। अनमोल ने बताया कि सबसे पहले शहर की सड़कों को लेकर काम होना चाहिए, जिस पर मौके पर मौजूद नगर काउंसिल के ईओ ने बताया कि टेंडर लग चुके हैं और 30 दिन से शहर की सड़कें हाई क्वालिटी की बनाई जाएंगी। इसके बाद अनमोल ने शहर में प्लास्टिक बैन करने, साफ-सफाई को और बेहतर करने और अवारा पशुओं के मसले पर कदम उठाने के लिए कहा।
अनमोल ने शिक्षा के क्षेत्र में पंजाब सरकार की तरफ से किए गए कार्यों की खास तौर पर प्रशंसा की और कहा कि इस क्षेत्र में सबसे अच्छा काम चल रहा है। अनमोल की हौसलाअफजाई के लिए विधायक परमिंदर सिंह पिंकी खास तौर पर डीसी ऑफिस पहुंचे। उन्होंने अनमोल के जज्बे, अपने सपने को साकार करने की लगन और पढ़ाई में उम्दा परफार्मेंस के लिए अनमोल को सम्मानित भी किया। विधायक पिंकी ने कहा कि बच्ची की मदद के लिए वह हरदम तैयार हैं। इसके बाद अनमोल विधायक परमिंदर सिंह पिंकी और डीसी चंद्र गैंद के साथ प्रेस क्लब पहुंची, जहां विधायक और डीसी के साथ अनमोल ने प्रेस क्लब को पांच लाख रुपये की ग्रांट का चेक सौंपा।
