अभिनेत्री नव्या सिंह ने आखिरकार हिंदी मनोरंजन जगत में बदलाव की एक नई बयार बहा ही दी। बीते साल जब प्राइड मंथ के दौरान ‘अमर उजाला’ ने नव्या सिंह से बात की थी तो वह फिल्मों, धारावाहिकों और वेब सीरीज में एलजीबीटीक्यूप्लस समुदाय की सहभागिता को लेकर आंदोलनरत थीं। साल भर बाद उनकी मेहनत रंग लाती दिख रही है। उनकी मंशा के मुताबिक न सिर्फ उन्हें बल्कि इस समुदाय के दूसरे कलाकारों को भी अच्छा काम मिलने लगा है। नव्या को इन दिनों कलर्स टीवी के धारावाहिक ‘कृष्णा मोहिनी’ में प्रोफेसर अनुराधा के किरदार मे खूब पसंद किया जा रहा है।
Navya Singh: मैं बेटा से बेटी बनी और अब ‘प्रोफेसर अनुराधा’, ‘कृष्णा मोहिनी’ के किरदार पर नव्या सिंह से बातचीत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
‘अमर उजाला’ से बातचीत में नव्या बताती हैं, “इस धारावाहिक में एक बालक की दिल छू लेने वाली कहानी है। उसे समझ नहीं आ रहा है कि उसके भीतर क्या हो रहा है। वह खुद को एक किशोरी की तरह महसूस कर रहा है, लेकिन उसकी बात समझने वाले उसके आसपास बिरले ही हैं। और, ऐसे में उसके जीवन में आती हैं प्रोफेसर अनुराधा। मुझे भी ये किरदार करते हुए अलग ही आनंद आ रहा है। मैं बेटे के रूप में जन्मी फिर बेटी बनी और अब प्रोफेसर।”
प्रोफेसर अनुराधा जो जीवन इस कहानी में टीवी के परदे पर जी रही हैं, वही जीवन नव्या का सच में हैं। नव्या की गिनती दुनिया की सबसे खूबसूरत, मोहक और मादक ट्रांसजेंडर अभिनेत्रियों में होती है। वह कहती हैं, “इस धारावाहिक का किरदार मोहन जिन परिस्थितियों से गुजर रहा है, वे सारे कष्ट मैंने अपने निजी जीवन में बचपन और किशोरावस्था में झेले हैं। मुझे समझ आता है कि ऐसे हालात में जब आप दिल की बात किसी से कह भी नहीं पाते तो कैसी जकड़न महसूस होती है।”
पूरी दुनिया में हर साल जून का महीना प्राइड मंथ के तौर पर मनाया जाता है। नव्या कलर्स टीवी को धन्यवाद देते हुए कहती हैं, “शुरूआत हो चुकी है। हमें अब बस वहां तक पहुंचना है जहां फिल्म ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ में वाणी कपूर वाला रोल और ‘हीरामंडी’ में इंद्रेश मलिक वाला किरदार भी हमारे समुदाय के कलाकारों को ही मिलना शुरू हो जाए। मेरा ये मानना है कि फिल्मों, वेब सीरीज और धारावाहिकों में समुदाय के लिए बहुत सारा स्कोप है। और, इसके लिए एक ठोस पहल मौजूदा दौर के कास्टिंग डायरेक्टर कर सकते हैं। ये सब मौजूदा दौर की कहानियों में हमारी उपलब्धता की बात निर्माता निर्देशकों के सामने रखें तो ये एक बहुत बड़ा गेमचेंजर साबित हो सकता है।”
नव्या कहती हैं, “ट्रांसजेंडर समुदाय एक तरह से देखा जाए तो शिव और शक्ति का स्वरूप होते हैं और जहां अर्धांग का जिक्र होगा तो कौतुक का विषय तो बनेगा ही। बात जब शारीरिक बनावट की आती है तो जब एक व्यक्ति काया परिवर्तन के दौर से गुजर रहा होता तो तो उसकी शारीरिक बनावट में आए बदलाव से लोगों को उत्सुकता होती है। लेकिन एक बार ये पूरा हो जाने के बाद एक सामान्य स्त्री और मेरी जैसी स्त्री में कहीं कोई फर्क नहीं होता, न सोच में न शरीर में। मैं एक संपूर्ण स्त्री बन चुकी हूं। सारे स्त्री सुख अब मेरे सुख हैं। और, कलर्स के नए शो में प्रोफेसर अनुराधा का किरदार करने का सुख अब तक का सबसे अलग सुख रहा है। लोग मुझे इस किरदार में देखने के बाद खूब फोन कर रहे हैं और बधाइयां दे रहे हैं।”