जब भी हॉरर फिल्मों की बात आती है तो जेहन में सबसे पहले रामसे ब्रदर्स का नाम आता है। कम बजट में रामसे ब्रदर्स ने कई ऐसी हॉरर फिल्मों का निर्माण किया है, जिनको देखकर दर्शको के रोंगटे खड़े हो जाते थे। सुनसान हवेलियों के चरमराते दरवाजों, अंधेरे कोनों से भागते चमगादड़ों, कब्रिस्तान से पसरते रहस्मयी धुएं, बिना कोचवान के भागती बघ्घियों वाली फिल्में बनाने वाले रामसे ब्रदर्स का नाम सिनेमा के सारे शौकीन जानते हैं। उनकी फिल्में ‘दो गज जमीन के नीचे’, ‘पुरानी हवेली’, ‘वीराना’ और ‘बंद दरवाजा’ की गिनती अब कालजयी डरावनी फिल्मों में होती है। तीन साल पहले इन्हीं रामसे ब्रदर्स की कहानी परदे पर उतारने का एलान निर्माता प्रीति सिन्हा ने अभिनेता अजय देवगन की कंपनी के साथ मिलकर किया था। चलिए आपको बताते हैं कि ये कहानी अब तक कहां तक पहुंची है...
Ramsay Brothers: देसी हॉरर के जनक रामसे बंधुओं की कहानी में नया मोड़, पढ़िए बायोपिक प्रोजेक्ट का लेटेस्ट अपडेट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
साल 2019 में अजय देवगन ने निर्माता प्रीति सिन्हा के साथ मिलकर ‘द रामसे बायोपिक’ की घोषणा की थी। फिर कोविड आ गया और फिल्म पर काम शुरू नहीं हो सका। अजय देवगन के दफ्तर में इस प्रोजेक्ट की फाइल फिर से निकली है और अब तय हुआ है कि इस कहानी को फिल्म की बजाय वेब सीरीज की शक्ल दे दी जाए। इस बात को लेकर पहले अजय देवगन और प्रीति सिन्हा भी पशोपेश में थे। लेकिन, जब इस पर पूरी रिसर्च हुई तो तो पाया गया कि रामसे ब्रदर्स की कहानी को महज ढाई घंटे में नहीं दिखाया जा सकता।
जानकारी के मुताबिक अजय देवगन और प्रीति सिन्हा की टीम ने अब ये तय किया है कि इनकी बायोपिक को वेब सीरीज में बनाया जाए। रामसे की यात्रा स्वतंत्रता पूर्व युग में कुलपति फतेहचंद यू रामसे के साथ शुरू होती है और 1996 में उनकी आखिरी फिल्म ‘तलाशी’ के साथ समाप्त होती है। अजय देवगन और प्रीति सिन्हा ने मिलकर हाल ही में एक धमाकेदार वेब सीरीज ‘द ग्रेट इंडियन मर्डर’ बनाई है। दोनों को समझ आ रहा है कि रामसे की कहानी एपीसोड दर एपीसोड लोगों को खूब रोमांचित करेगी।
रामसे ब्रदर्स दरअसल इन्हीं फतेहचंद यू रामसे के सात बेटे हैं। कुमार रामसे, गंगू रामसे, तुलसी रामसे, अर्जुन रामसे, श्याम रामसे, केशु रामसे और किरण रामसे नामक इन बेटों के अलावा फतेहचंद की दो बेटियां भी हैं। रामसे परिवार विभाजन के बाद कराची से मुंबई आया और यहां ग्रांट रोड पर उनके दफ्तर में दशकों तक रौनक बनी रही। रामसे ब्रदर्स ने समन्वित तरीके से काम किया, फिल्म निर्माण की विभिन्न जिम्मेदारियों को आपस में बांट लिया। इससे फायदा ये हुआ कि रामसे ब्रदर्स की फिल्मों का बजट संतुलित रहता और फिल्में औसतन कामयाब ही रहतीं।
‘रामसे बायोपिक’ को एक वेब सीरीज के तौर पर बनाने के बारे में पूछे जाने पर निर्माता प्रीति सिन्हा कहती हैं, ‘अभी इस बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। मैं बस इतना कह सकती हूं कि रामसे बायोपिक पर विस्तृत शोध अब अंतिम चरण में है। हम अपने दर्शकों के लिए रामसे की आकर्षक और जिज्ञासु दुनिया को जल्द ही लाने के लिए उत्साहित हैं। हमने रामसे परिवार से बायोपिक बनाने का अधिकार ले लिया है। मैं और अजय देवगन रामसे ब्रदर्स की तीन पीढ़ियों की मेहनत, जुनून और सफलता की कहानी को परदे पर लाने के लिए बेहद उत्साहित हैं।’

कमेंट
कमेंट X