विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से यह अपील की है कि वे दिल्ली में भाजपा की सरकार बनाएं। उन्होंने दिल्ली को एक विकसित राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार होने को आवश्यक बताया। मोदी ने विकास का वादा किया है, लेकिन उन्होंने किसी लोकलुभावनी 'रेवड़ी' की घोषणा नहीं की जो आज की राजनीति का चलन बन चुकी है। हो सकता है कि ये बातें भाजपा के संकल्प पत्र के माध्यम से जनता के सामने लाई जाएं, लेकिन फिलहाल रोहिणी के जापानी पार्क में मोदी ने ऐसी कोई घोषणा करने से परहेज किया है। हालांकि, दिल्ली में बदलाव की उनकी अपील को लेकर सबसे बड़ा प्रश्न यही है कि क्या दिल्ली 'मोदी के मन की बात' सुनेगी?
Parivartan Rally: जनता से विकास का वादा, रेवड़ी बांटने से परहेज; क्या दिल्ली सुनेगी पीएम मोदी के 'मन की बात'?
लगभग 40 मिनट के संबोधन में प्रधानमंत्री ने कई बार लोगों को यह याद दिलाया कि दूसरे राज्यों में लगातार भाजपा की सरकारें रिपीट हो रही हैं। महाराष्ट्र से लेकर दिल्ली के बगल में हरियाणा तक में भाजपा रिकॉर्ड बहुमत से बार-बार जीत रही हैं। उनका इशारा यही था कि जनता की सेवा की बदौलत भाजपा की सरकारें जनता की पहली पसंद बन रही हैं और यही कारण है कि वे उन प्रदेशों में बार-बार जीत रही हैं।
Please wait...
'महिला सम्मान योजना की उम्मीद थी'
सोनिया विहार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में पहुंची पूजा कुमारी ने अमर उजाला से कहा कि जिस तरह भाजपा ने मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र में महिलाओं के सम्मान के लिए आर्थिक सहायता दिए जाने की घोषणा की है, उन्हें उम्मीद थी कि दिल्ली में भी इसी तरह की घोषणा की जाएगी। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के अंतिम क्षणों में महिलाओं की बात किया, लोग ज्यादा बचत कर सकें, उन्होंने इसकी बात की, लेकिन सीधे तौर पर महिलाओं को कोई आर्थिक सहायता देने की बात कहने से परहेज किया। यह देखकर उन्हें थोड़ी निराशा हुआ है, लेकिन इसके बाद भी उन्होंने अपने आपको 'मोदी जी का फैन' बताया।
'दिल्ली में अपना घर होने का सपना होगा साकार'
भजनपुरा के संतोष कुमार तिवारी ने अमर उजाला से कहा कि स्वाभिमान अपार्टमेंट में 1675 गरीब परिवारों को आवास मिलने से उन जैसे गरीब लोगों को अपना घर पाने की उम्मीद बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने उन 30 हजार खाली पड़े फ्लैटों की बात कही है जो केजरीवाल सरकार ने गरीब लोगों को नहीं दिया। उन्हें उम्मीद है कि यदि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनती है तो ये 30 हजार फ्लैट लोगों में बांटे जाएंगे। ऐसे में उन जैसे गरीबों की किस्मत खुल सकती है।
'बड़ी संभावना छोड़ गए पीएम'
भाजपा के एक शीर्ष नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पांच जनवरी को 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं की घोषणा-लोकार्पण किया है। इसके पहले अशोक विहार में भी लगभग 4500 करोड़ रुपये की योजनाओं की घोषणा हुई है। यही कारण हो सकता है कि उन्होंने यहां किसी बड़ी घोषणा करने से परहेज किया है।
जिस तरह पार्टी की रणनीति हाल के समय में सभी चुनावी राज्यों में रही है, पार्टी यहां भी महिला सम्मान राशि जैसी योजना की घोषणा कर सकती है। हालांकि, इसके लिए संकल्प पत्र जारी होने की तिथि या किसी अन्य अवसर का उपयोग किया जा सकता है। भाजपा नेता के अनुसार, पार्टी महिलाओं को सम्मान राशि के अलावा कई अन्य योजनाओं पर भी दांव खेल सकती है।
पीएम ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की 'परिवर्तन रैली' में जनता को संबोधित करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से लोगों को यह बताने की अपील की कि भाजपा ही दिल्ली का विकास कर सकती है। उन्होंने अपने प्रत्याशियों से भी कहा कि वे पूरी मेहनत के साथ जुट जाएं और दिल्ली में भाजपा की सरकार बनाएं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जो भी विकास के बड़े काम हो रहे हैं, वे केंद्र की भाजपा सरकार के द्वारा ही किए जा रहे हैं। ऐसे में यदि दिल्ली में विकास की गंगा बहानी है तो भाजपा को ही सत्ता में लाना चाहिए।
मोदी रोहिणी के जापानी पार्क में उपस्थित लोगों को यह बताने से नहीं चूके कि मेट्रो हो या वंदे भारत ट्रेनें, यह सब भाजपा की सरकार ही लोगों को दे रही है। दो दिन पूर्व ही मोदी ने 1675 गरीब परिवारों को पक्का मकान की चाबियां सौंपी थीं। अब मोदी ने कहा कि लोग उन लोगों के वीडियो जनता तक पहुंचाएं और बताएं कि मोदी उन सभी गरीबों को पक्का मकान देना चाहते हैं। यह गरीब वर्ग की जनता को लुभाने का एक बेहतरीन तरीका था।
'शीश महल पर साधा निशाना'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना केजरीवाल का नाम लिए 'शीश महल विवाद' के सहारे उन पर जमकर हमला बोला। मोदी ने कहा कि जब देश-दुनिया और दिल्ली कोरोना महामारी से जूझ रही थी, लोग ऑक्सीजन के लिए भटक रहे थे, उस समय अरविंद केजरीवाल अपना 'शीश महल' (तत्कालीन मुख्यमंत्री आवास) बनवाने के लिए भारी भरकम धनराशि खर्च कर रहे थे। उन्होंने एक रिपोर्ट के सहारे दावा किया कि केजरीवाल के शीश महल के निर्माण में अनुमानित लागत से तीन गुना अधिक धन खर्च किया गया।
'मूल नाकामियों का मुद्दा भी उठाया'
दिल्ली के हर इलाके में साफ पानी न पहुंचने का मुद्दा गरमाया हुआ है। मोदी ने इस मुद्दे को और हवा दी। उन्होंने कहा कि सर्दी हो या गर्मी, हर मौसम को आपदा बना दिया है। उन्होंने कहा कि एक तरफ वे गरीब लोगों को घर देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन 30 हजार के करीब खाली पड़े घरों को 'आप-दा सरकार' (आम आदमी पार्टी की सरकार) ने लोगों को आवंटित नहीं कर पाई।
आयुष्मान योजना पूरे देश में लोकप्रिय हो चुकी है। पूरे देश में लोग पांच लाख रुपये तक के इलाज का लाभ उठा रहे हैं। लेकिन मोदी ने कहा कि आप-दा सरकार ने इसे दिल्ली में लागू नहीं होने दिया। मोदी ने यह कहकर व्यंग्य किया कि जिस पार्टी का जन्म भ्रष्टाचार के विरुद्ध लोकपाल बनाने को लेकर हुआ था, अब वे शराब घोटाले में पकड़े जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों ने दिल्ली को आपदा में धकेल दिया और दिल्ली को बर्बाद कर दिया।