देशभर में कोरोना वायरस की दूसरी लहर का कहर जारी है, और हर दिन संक्रमितों की संख्या और मरने वालों का एक नया आंकड़ा सामने आ रहा है। इन सबके बीच देश में टीकाकरण भी चल रहा है, लेकिन वैक्सीन की भारी किल्लत की वजह से कहीं लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज नहीं मिल पा रही, तो कहीं पहली डोज के लिए स्लॉट मिलना मुश्किल हो गया है। इन सबके बीच देश के 11 राज्य कोरोना वैक्सीन को लेकर ग्लोबल टेंडर जारी करेंगे। वहीं, उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ग्लोबल टेंडर जारी भी कर चुकी है, यूपी ऐसा करने वाला पहला राज्य बन गया है। लेकिन आप ये सोच रहे होंगे कि भला ये कोरोना वैक्सीन को लेकर ये ग्लोबल टेंडर क्या है? तो चलिए आपको इसके बारे में बताते हैं।
कोरोना वैक्सीन के लिए क्या है ग्लोबल टेंडर? क्या होगा फायदा? आसान शब्दों में यहां समझें सबकुछ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ग्लोबल टेंडर क्या होता है?
- दरअसल, ग्लोबल टेंडर दुनिया भर के देशों की कंपनियों के लिए जारी किया जाने वाला एक टेंडर होता है। इस टेंडर को संबंधित विभाग अपनी बेवसाइट पर या फिर प्रतिष्ठित राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मीडिया के द्वारा जारी करता है। साथ ही इसे वैश्विक टेंडर से संबंधित कई वेबसाइट्स पर भी जारी किया जाता है।
ग्लोबल टेंडर इसलिए जारी किया जाता है, ताकि खरीद की प्रक्रिया पारदर्शी हो और सभी को मौका दिया जा सके। इस टेंडर प्रणाली के जरिए अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को भी आमंत्रित किया जाता है कि वो माल की सप्लाई के लिए बोली लगाएं। वहीं, इसमें जिस कंपनी की बोली सबसे किफायती होती है, उसे इसका ठेका दे दिया जाता है।
कोरोना वैक्सीन के इस ग्लोबल टेंडर में ये कंपनियां शामिल हो सकती हैं:-
-मॉडर्ना
-स्पुतनिक वी वैक्सीन बनाने वाली कंपनी
-फाइजर वैक्सीन बनाने वाली कंपनी
-जॉनसन एंड जॉनसन।
यहां आपको बता दें कि हाल ही में अपने एक बयान में यूपी के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी नवनीत सहगल ने बताया था कि, इस टेंडर में सिर्फ उन्हीं कंपनियों का चयन किया जा सकता है जिनकी कोरोना वैक्सीन को भारत में मंजूरी मिल गई है या फिर आने वाले दिनों में मिलने के आसार हों।
ग्लोबल टेंडर के लिए कितने राज्य तैयार?
- देश के 11 राज्य कोरोना वैक्सीन की अपूर्ति ग्लोबल टेंडर के जरिए भी करेंगे। इसमें मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, कर्नाटक, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, तेलंगाना, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश शामिल हैं। जैसा कि हमने आपको बताया कि यूपी सरकार पहले ही ग्लोबल टेंडर जारी कर चुकी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूपी सरकार ग्लोबल टेंडर के जरिए चार-पांच करोड़ कोरोना वैक्सीन की डोज खरीदेगी।