पिछले दो साल से दुनियाभर के लोग कोरोना महामारी की भयंकर चपेट के शिकार हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक तमाम तरह की बीमारियों, संक्रमण और अन्य शारीरिक स्वास्थ्य की समस्याओं के कारण हमारे शरीर में विषाक्तता जमा होने लगती है। इस समस्या से निजात पाना आवश्यक हो जाता है क्योंकि यह शरीर को अंदर ही अंदर गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। यहां शरीर के डिटॉक्सिनेशन की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण योगदान हो सकता है। माना जाता है कि डिटॉक्सिनेशन के माध्यम से शरीर से विषाक्त पदार्थों को खत्म कर सकता है। इसमें विशेष आहार का पालन, लाइफ स्टाइल में बदलाव औप पूरक आहार लेने जैसी प्रक्रियाओं को उपयोग में लाया जाता है।
आज का हेल्थ टिप्स: घर पर ही इन उपायों को अपनाकर शरीर को कर सकते हैं डिटॉक्स, ये टिप्स हैं बड़े काम के
डिटॉक्स ड्रिंक्स का करिए सेवन
शरीर से विषाक्त पदार्थों की मात्रा को कम करने के लिए कुछ पेय पदार्थों का नियमित रूप से सेवन करना फायदेमंद हो सकता है। ग्रीन टी, शहद-दालचीनी पेय, काढ़ा, नींबू अदरक की चाय जैसे पेय शरीर पर अद्भुत तरीके से काम करने के साथ इसे भीतर से शुद्ध बना सकते हैं। खास बात यह है कि शरीर को डिटॉक्स करने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहना आवश्यक होता है।
पर्याप्त नींद है आवश्यक
नींद, पूरे दिन मस्तिष्क में जमा होने वाले जहरीले अपशिष्ट उत्पादों को हटाने में मदद करती है। पर्याप्त नींद को डिटॉक्सिनेशन का एक अनिवार्य हिस्सा माना जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक सभी लोगों को रोजाना आठ घंटे की नींद जरूर पूरी करनी चाहिए। अच्छी नींद मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी आवश्यक माना जाता है।
लाइफस्टाइल को ठीक रखना आवश्यक
शराब के सेवन, धूम्रपान और मादक द्रव्यों आदि के सेवन से खुद को दूर रखकर शरीर में विषाक्त पदार्थों के संचय को रोका जा सकता है। शराब का सेवन न केवल मस्तिष्क की कार्यक्षमता को प्रभावित करता है साथ ही यह लिवर डैमेज और निर्जलीकरण जैसी जटिलताएं भी पैदा कर सकता है। शरीर को डिटॉक्स करने के लिए इससे तुरंत दूरी बना लेनी चाहिए।
भोजन के स्वस्थ विकल्पों का चयन करें
नमक, चीनी, अल्ट्रा प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थ और फास्ट फूड के अंधाधुंध सेवन से स्वास्थ्य संबंधी गंभीर जटिलताएं हो सकती हैं। इसके ज्यादा सेवन के कारण शरीर में विषाक्त पदार्थ जमा होने लगते हैं। फाइबर, एंटीऑक्सिडेंट और प्रोबायोटिक्स से भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन करके न सिर्फ शरीर को आसानी से डिटॉक्स किया जा सकता है, साथ ही यह कई बीमारियों के खतरे को भी कम करने में सहायक हैं।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से प्राप्त जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
