हाई यूरिक एसिड की समस्या आजकल लोगों में बहुत कॉमन देखी जा रही हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, लाइफस्टाइल और खान-पान में गड़बड़ी ने इसके खतरे को काफी बढ़ा दिया है। वैसे तो आमतौर पर ये समस्या उम्र बढ़ने के साथ होती है, पर बच्चे भी इसका शिकार हो सकते हैं। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को अपनी दिनचर्या पर खास ध्यान देते रहने की सलाह देते हैं।
हेल्थ अलर्ट: सिर्फ अंगूठे ही नहीं, यूरिक एसिड बढ़ने से इन हिस्सों में भी हो सकता है दर्द; कैसे करें बचाव
यूरिक एसिड बढ़ने पर सभी लोगों को दर्द नहीं होता। लेकिन इसके क्रिस्टल जोड़ों में जमा होने से गाउट हो सकता है। पैर के अंगूठे, टखनों, घुटनों, कलाई और उंगलियों में तेज दर्द, लालिमा और सूजन दिख सकती है। सही जांच, संतुलित खानपान और डॉक्टर की सलाह जरूरी है।
यूरिक एसिड के क्रिस्टल जोड़ों में जमा होने लगते हैं, जिससे गाउट नाम की बीमारी हो सकती है। इसमें अचानक जोड़ों में तेज दर्द, सूजन और लालिमा जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। हाई यूरिक एसिड के कारण पैर के अंगूठे में दर्द होना सबसे आम संकेत माना जाता है। आइए जानते हैं कि यूरिक एसिड बढ़ने पर शरीर के और किन हिस्सों में दर्द हो सकता है और किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है?
पैर के अंगूठे में तेज दर्द
गाउट का सबसे आम लक्षण पैर की उंगलियों के जोड़ में अचानक तेज दर्द होना है। कई बार रात में दर्द शुरू होता है। इसके अलावा आपको जोड़ों में लालिमा, गर्महाट के साथ सूजन महसूस हो सकता है। कई बार पैरों में हल्का सा कुछ छू जाने पर भी दर्द हो सकता है। इस तरह के लक्षणों से इसकी पहचान की जा सकती है।
और किन हिस्सों में हो सकती है समस्या?
यूरिक एसिड की समस्या के कारण आपको कई और तरह की दिक्कतें भी हो सकती हैं।
- यूरिक एसिड के क्रिस्टल टखनों, घुटनों और पैरों के दूसरे जोड़ों में भी जमा हो सकते हैं। इससे चलने, सीढ़ियां चढ़ने या पैर मोड़ने में परेशानी हो सकती है। दर्द के साथ सूजन भी आ सकती है।
- कुछ लोगों में कलाई, उंगलियों और कोहनी के जोड़ों में भी गाउट का असर दिखाई देता है।
- लंबे समय तक बीमारी रहने पर त्वचा के नीचे कठोर गांठें बन जाती हैं जिन्हें टोफाई कहा जाता है।
किडनी स्टोन का भी बढ़ जाता है खतरा
अमर उजाला में प्रकाशित रिपोर्ट में हमने बताया कि यूरिक एसिड बढ़ने पर कुछ लोगों में गाउट के साथ किडनी स्टोन का खतरा भी बढ़ जाता है। किडनी की कार्यक्षमता में गड़बड़ी यूरिक एसिड बढ़ा सकती है। अगर खून और पेशाब में यूरिक एसिड का स्तर बहुत ज्यादा हो जाए और आपका पेशाब बहुत ज्यादा एसिडिक (लो पीएच वाला) हो जाए तो यूरिक एसिड, क्रिस्टल के रूप में जमा होकर पथरी की समस्या भी बढ़ा सकते हैं।
यूरिक एसिड बढ़ने पर क्या करें?
खान-पान और लाइफस्टाइल में सुधार करके यूरिक एसिड की दिक्कतों को कम किया जा सकता है।
- इसके लिए सबसे जरूरी है कि आप दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, अपने वजन को कंट्रोल में रखें। ज्यादा शराब, मीठे पेय तथा अधिक मात्रा में रेड मीट जैसे प्यूरीन वाले खाद्य पदार्थों का ज्यादा सेवन करना भी आपकी समस्याओं को बढ़ाने वाला हो सकता है।
- अगर आपको लगातार यूरिक एसिड के कारण दर्द रहती है तो डॉक्टर की सलाह पर खून की जांच करा लें। समय पर इलाज की मदद से इस समस्या को कम किया जा सकता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: ये रूपायन में प्रकाशित कंटेट है। अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।