Soft Bajra Roti MakingTips In Hindi: सर्दियों में गरमा-गरम बाजरे की रोटी और उसके साथ देसी घी मिल जाए, तो खाने का स्वाद दोगुना हो जाता है। बाजरे की रोटी न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होती है, बल्कि इसे पौष्टिक आहार का हिस्सा भी माना जाता है। हालांकि, इसे बनाते समय अक्सर आटा ठीक से न गूंथने या सही तरीके से न सेंकने के कारण रोटी टूटने लगती है और कई बार सख्त भी हो जाती है। अगर आप भी इस परेशानी से जूझते हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है, ऐसे में आप कुछ आसान देसी ट्रिक्स की मदद से घर पर ही नरम, मुलायम और बिना टूटे बाजरे की रोटी बना सकते हैं. आइए जानते हैं इसे बनाने का सही तरीका।
बाजरे की रोटी: बिना टूटे बाजरे की रोटी कैसे बनाएं? आजमाएं ये देसी नुस्खा
Bajra Roti: बाजरे की रोटी स्वाद के साथ सेहत का भी खजाना मानी जाती है। खासकर सर्दियों में इसे खाने का मजा ही अलग होता है. हालांकि, बाजरे का आटा गूंथने से लेकर रोटी को तवे पर सेंकने तक थोड़ी सावधानी बरतनी पड़ती है।
- 1 कप बाजरे का आटा
- स्वादानुसार नमक
- जरूरत के मुताबिक गुनगुना पानी
- घी या तेल, परोसने के लिए
सबसे पहले एक बर्तन में बाजरे का आटा लें और उसमें स्वादानुसार नमक मिलाएं। अब थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए आटे को अच्छी तरह गूंथ लें। आटे को करीब 4-5 मिनट तक हथेलियों से मसलें, ताकि वह नरम और चिकना हो जाए। ध्यान रखें कि आटा न ज्यादा सूखा हो और न ही बहुत चिपचिपा। अगर आटा गूंथते समय उसमें दरारें नजर आएं, तो थोड़ा और पानी मिलाकर उसे अच्छी तरह मसल लें। इसके बाद आटे को ढककर 5 मिनट के लिए रख दें, ताकि रोटी बनाते समय आटा आसानी से आकार ले सके और रोटी टूटे नहीं।
मक्का-मेथी पराठा: सर्दियों की सुबह को बनाएं खास, गरमा-गरम मक्का-मेथी के पराठों के साथ, जानें आसान रेसिपी
मल्टीग्रेन आटा रेसिपी: गेहूं के आटे में मिलाएं ये 2 चीजें, प्रोटीन से भरपूर बनेंगी रोटियां
बाजरे की रोटी बेलने का तरीका
अब गूंथे हुए आटे की चार बराबर लोइयां बना लें और उन्हें सूखने से बचाने के लिए ढककर रखें। एक लोई लेकर उस पर थोड़ा-सा सूखा बाजरे का आटा लगाएं, इसके बाद इसे साफ सतह या बटर पेपर पर रखकर उंगलियों से हल्के हाथों से थपथपाते हुए गोल रोटी का आकार दें। रोटी को करीब 6 इंच तक बड़ा कर सकते हैं। अगर आकार देते समय किनारों पर दरारें आने लगें, तो उंगलियों की मदद से उन्हें धीरे-धीरे दबाकर ठीक कर लें. वहीं, अगर आपको हाथों से रोटी बनाने में परेशानी होती है, तो लोई को दो बटर पेपर के बीच रखकर हल्के हाथों से दबाएं. इस तरीके से रोटी आसानी से गोल बनेगी और टूटने की संभावना भी कम होगी।
अब तवे को मध्यम आंच पर अच्छी तरह गर्म करें और तैयार रोटी को सावधानी से तवे पर डालें। जब रोटी की ऊपरी सतह हल्की सूखी नजर आने लगे, तो उस पर थोड़ा पानी छिड़ककर धीरे-धीरे फैला दें। करीब 30 सेकंड बाद रोटी को पलटें और दूसरी तरफ हल्के भूरे निशान आने तक सेंकें। इसके बाद रोटी को दोबारा पलटकर साफ कपड़े की मदद से किनारों पर हल्का दबाव दें, ताकि वह अंदर तक अच्छी तरह पक जाए। अगर आप रोटी को और अच्छी तरह सेंकना चाहते हैं, तो आखिर में इसे सीधे गैस की आंच पर भी रख सकते हैं। हालांकि, ऐसा करते समय सावधानी बरतें, ताकि रोटी जले नहीं और हाथ भी सुरक्षित रहें।