देवास रोड स्थित श्री गंगा रेस्टोरेंट में फूड वेस्ट टैंक की सफाई के दौरान चार कर्मचारियों की मौत के मामले में रविवार को पुलिस और प्रशासन ने जांच तेज कर दी। सुबह फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और चैंबर का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। वहीं, चारों मृतकों के शवों का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि सफाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
2 of 6
यहां स्थित है वो चैंबर
- फोटो : अमर उजाला
सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही की आशंका
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 10:30 बजे रेस्टोरेंट के फूड वेस्ट टैंक में जाम होने के कारण सफाई का काम किया जा रहा था। इसी दौरान एक कर्मचारी चैंबर के भीतर फंस गया। उसे बचाने के लिए एक-एक कर तीन अन्य लोग भी अंदर उतरे, लेकिन जहरीली गैस और दम घुटने की स्थिति के कारण चारों बाहर नहीं निकल सके।
3 of 6
चैंबर का गेट तोड़ने की मशक्कत करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
घटना की सूचना पर माधव नगर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। चैंबर का गेट नहीं खुलने पर कटर मशीन की मदद से उसे काटा गया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चारों कर्मचारियों को बाहर निकाला गया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
4 of 6
उज्जैन की इस होटल में हुआ हादसा
- फोटो : अमर उजाला
चार मृतकों की हुई पहचान
हादसे में कमलेश और नितिन निवासी वाल्मीकि नगर, वाहिद निवासी सोमवारिया और मनोज निवासी झालावाड़ की मौत हुई है। चारों शवों का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी।
5 of 6
हताहतों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
- फोटो : अमर उजाला
सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल की जांच
रविवार सुबह फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि कर्मचारियों को टैंक में उतारने से पहले गैस की जांच की गई थी या नहीं और उन्हें जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं। रेस्टोरेंट प्रबंधन की भूमिका और संभावित लापरवाही के पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।