हिमाचल प्रदेश में मानसून के विदा होने के बाद अब बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है। दो दिनों से लाहौल-स्पीति समेत प्रदेश के उच्च पर्वतीय भागों में भारी बर्फबारी हो रही है। बारालाचा दर्रा में 60 जबकि रोहतांग में 35 सेंटीमीटर तक ताजा हिमपात हुआ है। मनाली-लेह, ग्रांफू-काजा नेशनल हाईवे बंद हो गए हैं। शिंकुला, जंस्कर, कोकसर से लोसर और लोसर से चंद्रताल, कुंजुम पास मार्ग भी आगामी आदेशों तक बंद कर दिए हैं। मौसम खुलने के बाद दोनों हाईवे खोलने में कम से कम 48 घंटे का समय लगेगा। लाहौल के रिहायशी इलाके भी बर्फ से लकदक हो गए हैं।
मौसम: हिमाचल में चोटियों ने ओढ़ी बर्फ की सफेद चादर, अन्य भागों में झमाझम बारिश, 37 सड़कें बंद
कहां कितनी बर्फबारी (सेंटीमीटर में)
बारालाचा दर्रा 60
रोहतांग 35
कुंजुम दर्रा 35
लोसर 10
कोकसर 07
दारचा 07
हेल्पलाइन नंबर जारी
उपायुक्त लाहौल-स्पीति नीरज कुमार ने सभी लोगों और सैलानियों से सतर्क रहने की अपील की है। सभी पंचायत प्रधानों, गैर सरकारी संगठनों, ट्रैकरों और पैदल यात्रियों से प्राकृतिक आपदा की स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के दूरभाष नंबर 94594-61355, 01900-202509, 510, 517 और 1077 टोल फ्री पर सूचित करने की अपील की गई है।
हिमाचल में शीतलहर
प्रदेश में 20 अक्तूबर से मौसम साफ रहेगा। अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिलेगी। हालांकि, मंगलवार को मध्यम और ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। बारिश और पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के बाद प्रदेश में कड़ाके की ठंड हो गई है। न्यूनतम तापमान भी 4 से 5 डिग्री तक लुढ़क गया है।
न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
केलांग 3.0
कल्पा 4.9
कुफरी 9.5
मनाली 10.4
डलहौजी 10.5
शिमला 11.8
धर्मशाला 13.0
सोलन 14.0
चंबा 15.3
मंडी 17.1
हमीरपुर 17.3
कांगड़ा 17.4
नाहन 18.3
बिलासपुर 19.0
ऊना 19.5
