{"_id":"6ab49e60f4a1a7110a01c45b","slug":"aap-fumes-over-ed-raid-in-mohali-plans-to-surround-teams-2026-09-24","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"मोहाली में ईडी रेड पर भड़की आप: गमाडा दफ्तर के बाहर जबरदस्त हंगामा, इमारत पर पथराव; गाड़ियों के शीशे तोड़े","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मोहाली में ईडी रेड पर भड़की आप: गमाडा दफ्तर के बाहर जबरदस्त हंगामा, इमारत पर पथराव; गाड़ियों के शीशे तोड़े
Thu, 24 Sep 2026 02:18 PM IST
Nivedita
संवाद न्यूज एजेंसी, मोहाली
संवाद न्यूज एजेंसी, मोहाली
Published by: Nivedita
Updated Thu, 24 Sep 2026 02:18 PM IST
सार
मोहाली में जीएमएडीए दफ्तर पर प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी कई दिनों से जारी है। आम आदमी पार्टी ने आज कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया। गमाडा कार्यालय में तैनात पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को कार्यालय परिसर के अंदर जाने से रोकने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।
विज्ञापन
मोहाली में आप का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मोहाली में गमाडा कार्यालय में लगातार तीसरे दिन चल रही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने वीरवार को जमकर हंगामा किया। बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ता गमाडा कार्यालय के बाहर पहुंचे और ईडी की कार्रवाई के विरोध में रोष प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेड तोड़ दिए और गमाडा परिसर में दाखिल हो गए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्कामुक्की भी हुई।
आप कार्यकर्ताओं ने गमाडा कार्यालय के अंदर पहुंचकर ईडी टीम तक जाने की कोशिश की, लेकिन वहां तैनात सीआरपीएफ जवानों ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी और आक्रामक हो गए। आरोप है कि कुछ कार्यकर्ताओं ने गमाडा कार्यालय की खिड़कियों पर पत्थर मारे, जिससे कई शीशे टूट गए।
विज्ञापन
वहीं ईडी टीम की गाड़ियों को भी निशाना बनाया गया। प्रदर्शनकारियों ने गाड़ियों के शीशे तोड़ने के साथ ही कुछ वाहनों के टायरों की हवा निकाल दी।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। स्थिति को देखते हुए सीआरपीएफ को भी अलर्ट कर दिया गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित कर प्रदर्शन समाप्त करवाया।
विज्ञापन
एसएसपी मोहाली वरुण शर्मा ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोग आक्रामक हो गए थे, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि मौके पर गाड़ी तोड़े जाने की घटना हुई है और इसमें कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन को अब समाप्त करवा दिया गया है और आगे जो भी कानूनी कार्रवाई बनती है, वह की जाएगी। उन्होंने बताया कि मामले में करीब 8-10 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
ईडी टीम की सुरक्षा के लिए पुलिस-सीआरपीएफ तैनात
ईडी की कार्रवाई के चलते गमाडा कार्यालय में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी थी। गुरुवार को आप कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बाद सुरक्षा और बढ़ा दी गई। पुलिस अधिकारियों के साथ सीआरपीएफ जवान भी मौके पर तैनात रहे। पुलिस का कहना है कि यदि दोबारा कोई प्रदर्शन या भीड़ जुटती है तो ईडी टीम को पूरी सुरक्षा मुहैया करवाई जाएगी।
बिट्टू बोले-ड्रामों से सच नहीं छिपता
आम आदमी पार्टी के ईडी टीमों के घेराव पर रवनीत बिट्टू ने कहा कि धरनों के ड्रामे से सच नहीं छिपता। यह तो वही बात हुई-उल्टा चोर कोतवाल को डांटे।
चीमा बोले- चुनाव करीब आते ही तेज हुईं छापेमारी
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने प्रदेश में ईडी की बढ़ती कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। चीमा ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, पंजाब में ईडी की छापेमारी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के घरों पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि ये केवल छापे नहीं हैं, बल्कि केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। चीमा ने आरोप लगाया कि जब भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राजनीतिक चुनौती महसूस होती है, ईडी को आगे कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि पंजाब डराने-धमकाने की राजनीति के आगे न पहले झुका है और न आगे झुकेगा।
डॉ. बलजीत कौर बोलीं-डरे हुए हैं भाजपाई
कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब में चुनावों से पहले, कल से ईडी की टीमें अधिकारियों, आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों पर छापेमारी कर रही हैं। भाजपा नेता डरे हुए हैं। उन्हें एहसास हो गया है कि अब देश की जनता उनसे नफरत करने लगी है। अब ईडी पंजाब में घर-घर जाकर ताले तोड़कर लोगों के घरों में घुस रही है। फिर भी उन्हें पंजाब सरकार या आप के खिलाफ कुछ नहीं मिल रहा है। पंजाब इस तरह की धमकी और मनमानी बर्दाश्त नहीं करेगा।
ताले तोड़कर घरों में घुस रही ईडी मगर कुछ नहीं मिल रहा:सिसोदिया
आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने केंद्र सरकार और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पर तीखा हमला बोला है। सिसोदिया ने केंद्रीय एजेंसियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वे स्वतंत्र एजेंसी की तरह काम करने के बजाय राजनीतिक इशारों पर लोगों में खौफ पैदा करने का जरिया बन चुकी हैं।
सिसोदिया ने आरोप लगाया कि ईडी की टीमें बिना वजह लोगों के घरों में ताले तोड़कर घुस रही हैं और आम नागरिकों व नेताओं को डराने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को दबाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग अपने चरम पर पहुंच चुका है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इस तमाम तरह की दबाव की राजनीति के बावजूद एजेंसियों को कहीं से कुछ हासिल नहीं हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि दर्जनों ठिकानों पर छापेमारी और छानबीन के बावजूद ईडी को हर जगह से खाली हाथ ही वापस लौटना पड़ रहा है। इस तरह की कार्रवाइयों से सच को दबाया नहीं जा सकता और जनता सब देख रही है कि किस तरह राजनीतिक फायदे के लिए संवैधानिक संस्थाओं की साख से खिलवाड़ किया जा रहा है।
वहीं मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने कहा कि जब से भाजपा सत्ता में आई है, उसने लोगों से किए वादे पूरे नहीं किए और कॉर्पोरेट घरानों व बड़े उद्योगपतियों के पक्ष में काम किया है। अब ऐसा लगता है कि भाजपा विपक्षी नेताओं और सरकारों के खिलाफ ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। दिल्ली, बंगाल और बिहार में भी ऐसी ही कार्रवाई देखने को मिली थी। पंजाब में आप नेताओं और कार्यकर्ताओं के यहां ईडी का आना-जाना दिखाता है कि वे डरे हुए हैं।