सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Chandigarh-Punjab News ›   Police arrest two accused in medical shop murder case

कैशियर हत्याकांड: जम्मू पहुंची चंडीगढ़ पुलिस, 15 किलोमीटर खंगाला जंगल; दो शूटर गिरफ्तार

संवाद न्यूज एजेंसी, चंडीगढ़ Published by: शाहिल शर्मा Updated Wed, 17 Jun 2026 09:39 PM IST
विज्ञापन
सार

मेडिकल शॉप में कैशियर की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्याकांड के पांच दिन बाद पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। 

Police arrest two accused in medical shop murder case
arrested, arrest demo - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार

सेक्टर-11 के श्री कुमार केमिस्ट के कैशियर जानकी दास की हत्या के मामले में चंडीगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के पांच दिन बाद चंडीगढ़ क्राइम ब्रांच, ऑपरेशन सेल और जम्मू पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में जम्मू के जंगलों में छिपे दो शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार शूटरों में सनी मेहरा और आर्य शामिल हैं जबकि तीसरा आरोपी साहिल अभी पुलिस की पकड़ से दूर है। उसकी तलाश में कई राज्यों में दबिश जारी है।



सूत्रों के अनुसार आरोपियों के जम्मू-कश्मीर के राजोरी क्षेत्र में छिपे होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने करीब 15 किलोमीटर के दायरे में सर्च ऑपरेशन चलाया। कई घंटे तक चली घेराबंदी और तलाशी के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक ऑपरेशन के दौरान किसी तरह की मुठभेड़ नहीं हुई।
विज्ञापन
विज्ञापन

 शहर की सबसे व्यस्त मार्केट में दिनदहाड़े हुई हत्या के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। 

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने भी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से जवाब तलब किया था और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। लगातार बढ़ते दबाव के बीच पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस, मोबाइल डेटा और सिम कार्ड की जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
विज्ञापन


सिम कार्ड से मिला सुराग
जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद आरोपी चंडीगढ़ से निकलकर पहले दिल्ली पहुंचे और फिर जम्मू-कश्मीर भाग गए। पुलिस को आरोपियों के इस्तेमाल किए गए एक सिम कार्ड से अहम तकनीकी सुराग मिला। इसी आधार पर उनकी लोकेशन ट्रेस की गई और संयुक्त टीम राजोरी क्षेत्र तक पहुंची। बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से खरड़ क्षेत्र में रह रहे थे और वहीं से अपनी गतिविधियों का संचालन कर रहे थे। 

कश्मीरी कॉलोनी का कनेक्शन भी आया सामने 
पुलिस जांच में पहले सेक्टर-29 के कश्मीरी कॉलोनी का कनेक्शन भी सामने आया था। जांच एजेंसियों को पता चला था कि आरोपियों में से एक का कॉलोनी में रहने वाली एक युवती से संपर्क था और वह कई बार वहां आ चुका था। इसी आधार पर पुलिस ने कॉलोनी के कई मकानों में पूछताछ कर आरोपियों के स्थानीय नेटवर्क और संभावित मददगारों की जानकारी जुटाई थी।

संवेदनशील मामले में सामने आ चुका है सनी का नाम
सूत्रों के मुताबिक मुख्य आरोपी सनी मेहरा का नाम पहले भी जम्मू-कश्मीर में एक संवेदनशील मामले में सामने आ चुका है। उस पर एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) के एक वरिष्ठ अधिकारी के भतीजे को जान से मारने की धमकी देने का आरोप रहा है। जांच एजेंसियां अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, संपर्कों और संभावित गैंगस्टर कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही हैं। शुरुआत में इस हत्याकांड को रंगदारी से जोड़कर देखा जा रहा था लेकिन अब पुलिस आपसी रंजिश, सुपारी और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। 

अधिकारियों के मुताबिक हत्या के पीछे केवल रंगदारी ही वजह नहीं हो सकती। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं लेकिन जांच प्रभावित होने की आशंका के चलते पुलिस फिलहाल उनका खुलासा नहीं कर रही। 

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद हत्या के पीछे के असली मास्टरमाइंड, फंडिंग, स्थानीय नेटवर्क और फरार आरोपी साहिल की भूमिका को लेकर बड़े खुलासे होने की संभावना है। फिलहाल पूरे मामले में पुलिस की नजर तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी और उसके जरिए मिलने वाली कड़ियों पर टिकी हुई है।

 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed