{"_id":"69ce174b34853fa81b0c2a29","slug":"documentary-on-bhagwant-mann-shooting-at-ancestral-village-satoj-2026-04-02","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"सीएम मान पर डाॅक्यूमेंट्री: शूटिंग के लिए पैतृक गांव पहुंचे मान, सीमाएं सील; बाहरी लोगों का प्रवेश वर्जित","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सीएम मान पर डाॅक्यूमेंट्री: शूटिंग के लिए पैतृक गांव पहुंचे मान, सीमाएं सील; बाहरी लोगों का प्रवेश वर्जित
सुशील कुमार, संवाद, सुनाम ऊधम सिंह वाला (पंजाब)
Published by: Nivedita
Updated Thu, 02 Apr 2026 12:44 PM IST
विज्ञापन
सार
गांव पहुंचते ही मुख्यमंत्री मान सबसे पहले अपने पुराने घर गए। इसके बाद वे गांव के खेल मैदान और धर्मशाला पहुंचे। मान ने गांव के धार्मिक डेरे में हाजिरी लगवाई और ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक हुए।
गांव के गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक हुए सीएम भगवंत मान
- फोटो : संवाद
विज्ञापन
विस्तार
मुख्यमंत्री भगवंत मान वीरवार सुबह करीब 6:30 बजे अपने पैतृक गांव सतौज पहुंचे। इस दाैरान मुख्यमंत्री पर बन रही एक डॉक्यूमेंट्री की शूटिंग भी की गई। मुख्यमंत्री के साथ उनकी माता, बहन और अन्य परिजन भी मौजूद रहे।
Trending Videos
गांव पहुंचते ही मुख्यमंत्री मान सबसे पहले अपने पुराने घर गए। इसके बाद वे गांव के खेल मैदान और धर्मशाला पहुंचे। मान ने गांव के धार्मिक डेरे में हाजिरी लगवाई और ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक हुए। सीएम ने अपने इस दौरे की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि आज सतौज गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर मुझे बहुत सुकून मिला। लोगों का प्यार और सम्मान मेरी जिम्मेदारी और बढ़ा देता है। हम लोगों के काम के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
सीएम पर बन रही डॉक्यूमेंट्री में उनके बचपन, उनके संघर्ष और मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचने के सफर को पैतृक गांव की पृष्ठभूमि में दर्शाया जा रहा है। गांव के बुजुर्गों और युवाओं में अपने 'लाडले' को अपने बीच पाकर भारी उत्साह देखा गया।
गांव में भारी पुलिसबल तैनात
मुख्यमंत्री की सुरक्षा और डॉक्यूमेंट्री की शूटिंग में किसी भी प्रकार के खलल को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने पूरे गांव को सील कर दिया था। गांव के सभी प्रवेश द्वारों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। शूटिंग के दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति या वाहनों को गांव की सीमा के भीतर प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी गई। ग्रामीणों को भी आवाजाही के लिए सुरक्षा घेरे से होकर गुजरना पड़ा।
चीमा में 30 बेड के अस्पताल का उद्घाटन
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वीरवार को सुनाम के चीमा में संत बाबा अतर सिंह की स्मृति में नवनिर्मित 30 बेड की क्षमता वाले सरकारी अस्पताल का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े सुधारों का आश्वासन देते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।मुख्यमंत्री ने कहा कि संगरूर में संत बाबा अतर सिंह मेडिकल कॉलेज अगले एक महीने के भीतर शुरू हो जाएगा। इसकी सभी प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। 13 अप्रैल को विधानसभा के विशेष सत्र में बेअदबी के दोषियों को कड़ी सजा देने वाला विधेयक पारित किया जाएगा। कानून और धार्मिक विशेषज्ञों द्वारा तैयार ड्राफ्ट एक-दो दिन में सरकार को मिल जाएगा।
मान ने कहा कि हिमाचल को एंट्री टोल टैक्स खत्म करना चाहिए। पंजाब लगातार टोल प्लाजा बंद कर रहा है, ऐसे में हिमाचल द्वारा टैक्स वसूलना तर्कसंगत नहीं है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आढ़तियों ने हड़ताल नहीं की है। उनकी मांगें केंद्र से जुड़ी हैं, जिन्हें 6 अप्रैल को केंद्र के समक्ष रखकर हल करवाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में स्पष्ट किया कि पंजाब को किसी भी नए नशे की दलदल में नहीं धकेला जाएगा और उनका एकमात्र लक्ष्य 'नशा मुक्त पंजाब' है। चंडीगढ़ बम धमाके पर भाजपा के आरोपों को बेतुका बताते हुए उन्होंने कहा कि आरोप लगाना भाजपा की पुरानी आदत है। वहीं, एचएस फुलका के भाजपा में जाने पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि वे उन्हें शुभकामनाएं देते हैं, लेकिन उन्हें वहां पहले से मौजूद नेताओं का हाल जान लेना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संगरूर उनकी सियासी राजधानी है जिसने उनकी राजनीतिक जड़ों को सींचा है। उन्होंने वादा किया कि इस क्षेत्र के विकास और आधुनिक बुनियादी ढांचे के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
सीएम ने कहा कि खेतों में अंडरग्राउंड बिजली लाइनें डालेंगे। इससे किसानों को भारी राहत मिलेगी। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर उनके गांव सतौज से इसकी शुरुआत होगी। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलवीर सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।