{"_id":"6985d4dc48ffd711b10fea7b","slug":"aap-leader-lucky-oberoi-murder-dgp-gaurav-yadav-in-jalandhar-pakistan-mentioned-2026-02-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"लक्की ओबेरॉय हत्याकांड: जालंधर पहुंचे डीजीपी गौरव यादव, पाकिस्तान का जिक्र; जोगा फोल्डीवाल ने ली जिम्मेदारी","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
लक्की ओबेरॉय हत्याकांड: जालंधर पहुंचे डीजीपी गौरव यादव, पाकिस्तान का जिक्र; जोगा फोल्डीवाल ने ली जिम्मेदारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जालंधर
Published by: अंकेश ठाकुर
Updated Fri, 06 Feb 2026 05:17 PM IST
विज्ञापन
सार
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पाकिस्तान लगातार पंजाब को अस्थिर करने की कोशिशों में जुटा है। उन्होंने दावा किया कि सीमापार से पंजाब में अवैध हथियारों की तस्करी की जा रही है और हालात बेहद गंभीर हैं।
जालंधर पहुंचे डीजीपी गौरव यादव।
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
जालंधर में शुक्रवार सुबह आम आदमी पार्टी (आप) के नेता लक्की ओबेरॉय की दिनदहाड़े हत्या के बाद सनसनी फैल गई है। इस घटना के बाद पंजाब पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का जायजा लिया। इस दौरान डीजीपी ने कहा कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई पंजाब में सक्रिय गैंगस्टरों के साथ गठजोड़ कर राज्य के युवाओं को गुमराह करने की साजिश रच रही है।
Trending Videos
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पाकिस्तान लगातार पंजाब को अस्थिर करने की कोशिशों में जुटा है। उन्होंने दावा किया कि सीमापार से पंजाब में अवैध हथियारों की तस्करी की जा रही है और हालात बेहद गंभीर हैं। डीजीपी के मुताबिक, पाकिस्तान से भेजे जा रहे हथियारों में ड्रोन के बारे में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद जमीन के रास्ते की तुलना में करीब 400 गुना अधिक हथियार ड्रोन के जरिए पंजाब में पहुंचाए जा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल कर हथियार और नशीले पदार्थ पंजाब भेजे जा रहे हैं, जिनका मकसद युवाओं को अपराध और गैंगवार की ओर धकेलना है। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
लक्की ओबेरॉय की हत्या को लेकर डीजीपी ने कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है और इसकी हर एंगल से जांच की जा रही है। गैंगवार, पुरानी रंजिश और साजिश सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।
डीजीपी ने पंजाब के युवाओं से भी अपील की कि वे सोशल मीडिया और झूठे प्रलोभनों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस राज्य की शांति और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगी।
निजी दुश्मनी के चलते करवाई हत्या
मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर लक्की ओबेरॉय की गोलियां मारकर की गई हत्या के मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक पोस्ट में जोगा फोल्डीवाल नामक व्यक्ति ने इस हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में कहा गया है कि लक्की ओबेरॉय की हत्या निजी दुश्मनी के चलते करवाई गई।
पोस्ट में लिखा-नशा तस्करी से जुड़ा था लक्की ओबेरॉय
पोस्ट में यह भी लिखा गया है कि सोशल मीडिया पर इस घटना को किसी राजनीतिक नेता से जोड़कर वायरल किया जा रहा है, जो पूरी तरह गलत है। दावा किया गया है कि मृतक लक्की ओबेरॉय नशा तस्करी से जुड़ा हुआ था और स्वयं भी नशे का सेवन करता था। पोस्ट में कहा गया है कि उसके कथित काले धंधों से जुड़े सबूत उनके पास मौजूद हैं।
पोस्ट के अनुसार, खालसा कॉलेज की प्रधानगी को लेकर चल रहे विवाद के कारण यह रंजिश और गहरी हुई। दावा किया गया कि लक्की ओबेरॉय उनके साथियों को नुकसान पहुंचा रहा था और उनके बारे में आपत्तिजनक बातें फैला रहा था, जिसका जवाब आज दिया गया।
